Gargi College Girls Allege Molestation: कॉलेज परिसर में छात्राओं को गलत तरीके से छूने वालों को पुलिस ने दबोचा
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Feb 2020 8:01 AM
Gargi College Girls Allege Molestation: दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में ‘फेस्ट’ के दौरान छह फरवरी को छात्राओं के साथ हुई कथित छेड़खानी के मामले में बुधवार को 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच करने और संदिग्धों की पहचान करने के लिए पुलिस की 11 से ज्यादा टीमें […]
Gargi College Girls Allege Molestation: दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में ‘फेस्ट’ के दौरान छह फरवरी को छात्राओं के साथ हुई कथित छेड़खानी के मामले में बुधवार को 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच करने और संदिग्धों की पहचान करने के लिए पुलिस की 11 से ज्यादा टीमें उपलब्ध तकनीकी ब्योरों का विश्लेषण कर रही हैं और एनसीआर में जगह-जगह तलाशी ले रही हैं.
उन्होंने बताया कि कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और विभिन्न संदिग्धों की पहचान की गयी है. दिल्ली पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 10 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की थी. गार्गी कॉलेज में छह फरवरी को आयोजित ‘रेविएरा’ फेस्ट में पुरुषों का एक समूह घुस आया और छात्राओं के साथ बदसलूकी की.
100 से अधिक छात्राओं ने किया था प्रदर्शन
गार्गी कॉलेज के गेट के बाहर 10 फरवरी को 100 से अधिक छात्राओं ने इस संबंध में प्रदर्शन किया था. छात्राओं और शिक्षकों ने इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की थी. सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार छह फरवरी को कॉलेज उत्सव ‘रेवरी’ के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे नशे में धुत पुरुषों के समूह ने कॉलेज के प्रवेश द्वार पर धावा बोल दिया और अंदर घुस गये. छात्राओं ने आरोप लगाया कि ‘रैपिड एक्शन फोर्स’ और दिल्ली पुलिस के जवान वहीं गेट के पास तैनात थे, जहां से ये पुरुष कथित तौर पर अंदर आये.
छात्राओं को गलत तरीके से छुआ गया
नाम उजागर न करने की शर्त पर एक छात्रा ने कहा था कि सुरक्षा में भारी चूक हुई. छात्राओं को गलत तरीके से छुआ गया, छेड़छाड़ की और उन पुरुषों द्वारा हाथापाई भी की गयी, जिनकी उम्र 35 साल के आसपास लग रही थी. कॉलेज ने सुरक्षा का दावा किया लेकिन मुझे नहीं लगता कि देश में किसी भी कॉलेज परिसर में ऐसी कोई घटना हो सकती है.
पहुंची स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया का. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा था कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी. हमें इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली. लेकिन हमने घटना का स्वत: संज्ञान लिया है. उन्होंने बताया था कि सबूत इकट्ठे करने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तथ्यों का पता लगाने के लिए छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है. ठाकुर ने बताया था कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) गीतांजलि खंडेलवाल मामले की जांच कर रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










