महाराष्ट्र में शिवसेना को झटका, कांग्रेस-राकांपा ने कहा- सरकार बनाने पर अभी कोई फैसला नहीं
Updated at : 13 Nov 2019 8:32 AM (IST)
विज्ञापन

नयी दिल्ली/मुंबईः महाराष्ट्र में राजनीतिक गतिरोध के बीच मंगलवार शाम राष्ट्रपति शासन लागू हो गया. राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने केन्द्र को भेजी गयी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि मौजूदा हालात में राज्य में स्थिर सरकार के गठन के तमाम प्रयासों के बावजूद यह असंभव प्रतीत होता है. हालांकि उनके इस फैसले की गैर-भाजपा […]
विज्ञापन
नयी दिल्ली/मुंबईः महाराष्ट्र में राजनीतिक गतिरोध के बीच मंगलवार शाम राष्ट्रपति शासन लागू हो गया. राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने केन्द्र को भेजी गयी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि मौजूदा हालात में राज्य में स्थिर सरकार के गठन के तमाम प्रयासों के बावजूद यह असंभव प्रतीत होता है. हालांकि उनके इस फैसले की गैर-भाजपा दलों ने खुलकर आलोचना की है.
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव परिणाम की घोषणा के 19वें दिन जारी राजनीतिक गतिरोध के बीच कांग्रेस-राकांपा ने कहा कि उन्होंने सरकार बनाने के लिए शिवसेना को समर्थन देने के प्रस्ताव पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है. शिवसेना की ओर से दोनों दलों को यह प्रस्ताव सोमवार को मिला है और वह अभी इस पर विचार करना चाहते हैं.
कांग्रेस नेताओं के साथ राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों दल विचार- विमर्श कर एक आम सहमति बनाने का प्रयास करेंगे कि यदि शिवसेना को समर्थन देना है तो नीतियां और कार्यक्रमों की रूपरेखा कैसी होनी चाहिए. संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खड़गे और के सी वेणुगोपाल ने भी शिरकत की. इन नेताओं को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मुद्दे पर राकांपा से बातचीत के लिए भेजा था.
कांग्रेस-राकांपा की बैठक के बाद कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा कि तीनों दलों के बीच साझा न्यूनतम कार्यक्रम तय हुए बगैर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जा सकता. उन्होंने राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका नहीं दिया गया.
राष्ट्रपति शासन लगाने की घोषणा
इससे पूर्व मंगलवार दिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में राज्यपाल कोश्यारी की सिफारिश पर विचार करने के बाद उसे संस्तुति के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पास भेजा गया. कैबिनेट ने अपनी सिफारिश में कहा कि राष्ट्रपति संविधान के अनुच्छेद 356(1) के तहत महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की घोषणा करें और राज्य विधानसभा को निलंबित अवस्था में रखें.
ऐसे चलता रहा खेल
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा ने बहुमत नहीं होने का हवाला देते हुए सोमवार को सरकार बनाने का दावा पेश करने से इंकार कर दिया. उसके बाद राज्यपाल ने दूसरी सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना को दावा पेश करने का न्योता दिया. शिवसेना ने हालांकि राज्यपाल से मिलकर दावा किया कि उसे कांग्रेस और राकांपा का सैद्धांतिक समर्थन मिल चुका है लेकिन वह दोनों दलों का समर्थन पत्र पेश करने में नाकाम रही.
शिवसेना ने राज्यपाल से ऐसा करने के लिए तीन दिन का वक्त मांगा लेकिन उसका अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया. इसके बाद राज्यपाल कोश्यारी ने तीसरी सबसे बड़ी पार्टी राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) को सरकार बनाने का दावा पेश करने का न्योता दिया. उन्होंने राकांपा को मंगलवार रात साढ़े आठ बजे तक का समय दिया था. राज्यपाल ने केन्द्र को भेजी अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि मंगलवार सुबह राकांपा ने उन्हें संदेश भेजा कि पार्टी को उचित समर्थन जुटाने के लिए और तीन दिन का वक्त चाहिए.
अधिकारियों ने बताया, राज्यपाल को लगा कि चुनाव परिणाम आए पहले ही 15 दिन गुजर गए हैं और वह ज्यादा वक्त देने की स्थिति में नहीं हैं. अधिकारियों ने कहा कि अगर राज्य में स्थिर सरकार के गठन के हालात बनते हैं तो राष्ट्रपति शासन छह महीने से पहले ही हटाया जा सकता है.
ये है गणित
पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में कुल 288 सदस्यीय सदन में से भाजपा के हिस्से में 105 सीटें आयी थीं जबकि शिवसेना को 56, राकांपा को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिलीं. सत्ता में साझेदारी को लेकर नाराज शिवसेना ने भाजपा के बिना राकांपा-कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का प्रयास किया. लेकिन ऐसा नहीं होने पर पार्टी मंगलवार को उच्चतम न्यायालय पहुंच गयी. \
शिवसेना ने अपनी अर्जी में राज्यपाल के फैसले को चुनौती देते हुए मामले की तत्काल सुनवाई करने का अनुरोध किया. हालांकि न्यायालय ने इस पर तत्काल सुनवाई से इंकार करते हुए पार्टी के वकीलों से कहा कि वे बुधवार की सुबह प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई के समक्ष इस मुद्दे को रखें.
कांग्रेस ने बोला हमला
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी राज्यपाल और भाजपा-नीत केन्द्र पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने लोकतंत्र के साथ ना सिर्फ ‘कटु मजाक’ किया है बल्कि अपने कदमों से संवैधानिक परंपराओं का उल्लंघन भी किया है. उन्होंने भाजपा, शिवसेना और राकांपा को सरकार के गठन के लिए मनमाने तरीके से वक्त देने के लिए राज्यपाल की आलोचना की.
सुरजेवाला ने कहा, ‘राज्यपाल और दिल्ली में बैठे शासकों ने महाराष्ट्र के किसानों और आम जनता के साथ बहुत नाइंसाफी किया है. राज्यपाल की रिपोर्ट पर उन्होंने कहा, यह बेहद बेईमानी भरा और राजनीति से प्रेरित है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




