सीवान: राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड-2026 में भाग लेंगे सीवान के छात्र, 31 जुलाई तक कराना होगा रजिस्ट्रेशन

Author Manish giri|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड-2026 में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र ले सकेंगे भाग, चार चरणों में होगी परीक्षा, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिलेगा आर्यभट्ट पुरस्कार

राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड-2026 देशभर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित हो रहा है, जिसमें सीवान जिले के कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं. प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में तार्किक चिंतन और समस्या-समाधान कौशल का विकास करना है. पहली परीक्षा 24 अगस्त को होगी, जिसके लिए 31 जुलाई तक पंजीकरण की अंतिम तिथि है.

विज्ञापन

सीवान: राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ-एसई) के उद्देश्यों के अनुरूप देशभर के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड (एनएमओ)-2026 का आयोजन किया जाएगा. इस प्रतियोगिता में सीवान जिले के कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.

प्रतियोगिता का आयोजन मैथमेटिक्स रिसर्च फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के आधार पर कराया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान कौशल, गणितीय अभिरुचि और नवाचारपूर्ण सोच का विकास करना है.

स्कूलों को अधिक से अधिक छात्रों का पंजीकरण कराने का निर्देश

राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), बिहार के विज्ञान एवं गणित विभाग के विभाग प्रभारी डॉ. राधे रमण प्रसाद ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है.

इसके बाद प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान के डीपीओ ने जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.

24 अगस्त को होगी पहली परीक्षा, 31 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन

राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड-2026 की पहली परीक्षा 24 अगस्त को आयोजित होगी. इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है.

प्रतियोगिता की अन्य परीक्षाएं इस प्रकार होंगी

दूसरी परीक्षा: 23 सितंबर, अंतिम तिथि 31 अगस्त तीसरी परीक्षा: 28 अक्टूबर, अंतिम तिथि 30 सितंबर चौथी परीक्षा: 25 नवंबर, अंतिम तिथि 31 अक्टूबर

इस प्रतियोगिता में बिहार बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के छात्र भाग ले सकेंगे.

एमसीक्यू आधारित होगी परीक्षा, एक घंटे का मिलेगा समय

राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड की परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) आधारित होगी. विद्यार्थियों को उत्तर देने के लिए ओएमआर उत्तर-पत्रक उपलब्ध कराया जाएगा.

परीक्षा की अवधि एक घंटा होगी और प्रश्नपत्र एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित रहेगा.

कक्षा 2 से 12वीं तक के योग्य विद्यार्थियों के लिए द्वितीय चरण (मेंस) परीक्षा भी आयोजित की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर रैंक निर्धारण के लिए साक्षात्कार भी लिया जा सकता है.

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मिलेगा पुरस्कार

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा. बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक, प्रशस्ति-पत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे.

राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित आर्यभट्ट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.

150 रुपये है पंजीकरण शुल्क

राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड-2026 में भाग लेने के लिए प्रति विद्यार्थी 150 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है. इसमें से 25 रुपये प्रति विद्यार्थी विद्यालय परीक्षा संचालन और अन्य व्यवस्थागत खर्च के लिए रख सकेंगे.

विद्यालयों को संबंधित परीक्षा तिथि से कम से कम 20 दिन पहले पंजीकरण प्रपत्र और आवश्यक विवरण राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड प्रकोष्ठ को भेजना होगा.

पंजीकरण डाक, ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी किया जा सकेगा. प्रतियोगिता का पाठ्यक्रम और नमूना प्रश्न-पत्र संबंधित संस्था की वेबसाइट पर उपलब्ध है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले, धर्मेंद्र कुमार-दिवेश सेहरा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यहां देखें किसे क्या मिला



विज्ञापन
Manish Giri

लेखक के बारे में

By Manish Giri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन