West Bengal Breaking News : 1.2 करोड़ के सोने की बिस्कुटों की तस्करी नाकाम, अधेड़ गिरफ्तार
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
जेल में कैद विचाराधीन कैदी की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मल्लिकफाटक स्थित हावड़ा जिला संशोधनागार (जेल) में कैद एक विचाराधीन कैदी की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे. गुस्साये लोगों ने इस घटना के खिलाफ पथावरोध शुरू कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही प्रदर्शनकारी भड़क उठे. पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया और पुलिस की गाड़ी पर हमला बोल दिया. हालात अनियंत्रित होते देखकर अधिक संख्या में पुलिस बल और रैफ के जवानों को उतारा गया. करीब दो घंटे बाद स्थिति नियंत्रित हुई. पत्थरबाजी में 10 पुलिसवालों के घायल होने की खबर है.
1.2 करोड़ के सोने की बिस्कुटों की तस्करी नाकाम, अधेड़ गिरफ्तार
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने नदिया स्थित भारत-बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे इलाके से सोने के बिस्कुटों की तस्करी को नाकाम करते हुए एक अधेड़ को पकड़ा है. आरोपी का नाम मनोहर विश्वास (52) है. जो हांसखाली थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का निवासी है. आरोपी के कब्जे से सोने के 16 बिस्कुटों को जब्त किया गया है, जिनकी कीमत करीब 1.2 करोड़ रुपये आंकी गयी है. सोने के बिस्कुटों का वजन करीब 1.9 किलोग्राम है. आरोपी और जब्त सोने के बिस्कुटों को माजदिया स्थित कस्टम्स विभाग के कार्यालय को सौंप दिया गया है.
आम चुनाव को देखते हुए भाजपा की बैठक
बीरभूम में अगले वर्ष होनेवाले आम चुनाव के मद्देनजर जिले के रामपुरहाट चार नंबर मंडल भाजपा की ओर से पदाधिकारियों व जिला स्तर के नेताओं की बैठक हुई. इसमें केंद्र की कल्याणाकारी योजनाओं का जनता के बीच प्रचार करने और पार्टी की सदस्यता बढ़ाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गयी.
स्वर्ण व्यवसायी संगठनों के साथ लालबाजार में अगले सप्ताह बैठक
महानगर में स्वर्ण व्यवसायी सुरक्षित व्यवसाय करने के लिए पुलिस की तरफ से और कैसी मदद चाहते हैं? इस बारे में उनकी सलाह लेने के लिए महानगर के सभी ज्वेलरी व्यवसायी संगठनों को लेकर कोलकाता पुलिस बैठक करेगी. आगामी सप्ताह की शुरुआत में इस बैठक का आयोजन लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय में होगा. बैठक में कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) शंख शुभ्र चक्रवर्ती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. लालबाजार सूत्र बताते हैं कि मीटिंग के दौरान संगठन के सदस्यों की बातें सुनी जायेंगी.
जादवपुर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार स्नेहामंजू बोस ने दिया इस्तीफा
जादवपुर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार स्नेहामंजू बोस ने इस्तीफा दे दिया है. रजिस्ट्रार ने अपना इस्तीफा कुलपति को भेज दिया है. कुलपति ने कहा कि रजिस्ट्रार को जान से मारने की धमकी भरा पत्र मिलने के बाद ही इस्तीफा देने की मंशा जताई है .
गरमी से राहत मिलने की उम्मीद, आज से फिर तेज होगी बारिश
पिछले कई दिनों से गरमी से लोग बेहाल हैं. इस बीच, मौसम विभाग ने अच्छी खबर सुनायी. अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार से दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश की मात्रा बढ़ेगी. रविवार को यह और अधिक बढ़ेगी. उम्मीद है कि लोगों को प्रचंड गरमी से राहत मिलेगी. बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बन रहा है. रविवार को उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवात बनेगा. यह अपनी शक्ति बढ़ा कर मंगलवार को निम्न दबाव में तब्दील होगा. इससे दक्षिण बंगाल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए