Birsa Munda Death Anniversary 2023 Live Updates: हर साल 09 जून को बिरसा मुंडा का शहादत दिवस मनाया जाता है. इसी दिन वर्ष 1900 में रांची जेल में बिरसा मुंडा ने अंतिम सांस ली थी. प्रदेश में भगवान की तरह पूजे जाने वाले बिरसा मुंडा की 123वीं पुण्यतिथि पर लोग उन्हें नमन कर रहे हैं. आज राजधानी रांची के बिरसा चौक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी. झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी शाम में बिरसा मुंडी की पुण्यतिथि पर उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. ऐसे ही बिरसा मुंडा के शहादत दिवस से जुड़ी हर अपडेट्स के लिए बने रहिए प्रभात खबर के Live सेक्शन में...
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन कोकर पहुंच गये हैं. यहां उन्होंने बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर जाकर धरती आबा को नमन किया. उनकी पुण्य तिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. उनके साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता मौजूद थे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अंडमान निकोबार द्वीप समूह से रांची पहुंच गये हैं. उन्होंने बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी. थोड़ी देर में वह कोकर पहुंचेंगे, जहां धरती आबा के समाधि स्थल पर जाकर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे. इसके पहले दिन में कई दलों के नेताओं ने बिरसा मुंडा के कोकर स्थित समाधि स्थल पहुंचकर उन्हें नमन किया.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह से लौटने के बाद एयरपोर्ट से सीएम हेमंत सोरेन सीधे बिरसा चौक गये और धरती आबा को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये.
आज 9 जून को आदिवासियों के भगवान बिरसा मुंडा का शहादत दिवस पूरे देश भर में मनाया जा रहा है. इसी क्रम में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने रांची में उनकी पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करके नमन किया. इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तमाम सम्मानित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहें.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आज करीब 12 बजे दिल्ली से रांची पहुंचे. जिसके बाद अर्जुन मुंडा रांची के बिरसा चौक पहुंकर अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा जी के शहादत दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा जी मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा जी के समाधि स्थल पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पहुंचे. जिसके बाद उन्हें माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के मौके पर झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. दरअसल, वह पलामू दौरे पर हैं. पलामू के मेदिनीनगर में रेलवे स्टेशन के पास मौजूद भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान पलामू रेंज के आईजी राजकुमार लकड़ा, डीसी ए दोड्डे, एसपी चंदन कुमार सिन्हा समेत कई लोग उपस्थित थे.
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा के शहादत दिवस पर शत-शत नमन. धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा अमर रहें! झारखण्ड के वीर शहीद अमर रहें! जय झारखण्ड!
आजसू के नेता सुदेश महतो ने कहा, हर झारखंडी के अरमानों में, खेतों और खलिहानों में बस बिरसा ही बिरसा स्वतंत्रता संग्राम के अजेय योद्धा, महान क्रांतिकारी, झारखंड की माटी के वीर सपूत एवं जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के शहादत दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि. धरती आबा के सपने साकार हों, झारखंड का नवनिर्माण हो.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर नमन किया. उन्होंने लिखा कि, साहस एवं शौर्य के प्रतीक लोक नायक व महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुण्डा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन. माँ भारती एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा हेतु 24 वर्ष की छोटी आयु में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले धरती आबा राष्ट्र सदैव आपका ऋणी रहेगा.
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर ट्वीट कर नमन किया. उन्होंने लिखा कि, भगवान बिरसा मुंडा अमर रहे महान स्वतंत्रता सेनानी 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत शत नमन. देश की स्वतंत्रता एवं आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके संघर्ष और बलिदान की गाथा हमें सदैव प्रेरणा देती है!
झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर ट्वीट कर नमन किया. उन्होंने लिखा, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक व झारखंड के वीर सपूत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. राष्ट्र के लिए उनका त्याग व बलिदान भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा.
भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आज रांची आयेंगे. श्री मुंडा दिल्ली से दोपहर 12 बजे रांची पहुंचेंगे. फिर बिरसा चौक में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद 12.45 बजे कोकर स्थित समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित करेंगे. श्री मुंडा इसके बाद खूंटी के लिए रवाना होंगे. शाम तीन बजे बिरसा कॉलेज खूंटी में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस सह अखिल भारतीय सरना समाज के वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. शाम 4.15 बजे मुरहू में हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रांची लौटेंगे.
आदिवासियों के महानायक बिरसा मुंडा, जिन्होंने 19वीं शताब्दी में अपने क्रांतिकारी और समाज सुधार गतिविधियों से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर रख दी. झारखंड में उन्हें धरती आबा की संज्ञा दी गयी है. प्रदेश में भगवान की तरह पूजे जाने वाले बिरसा मुंडा की 123वीं पुण्यतिथि लोग मना रहे हैं और उन्हें नमन कर रहे हैं.
देश, दुनिया, बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस अपडेट, टेक & ऑटो, क्रिकेट और राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए