Live Updates

Jharkhand Breaking News: बोकारो में अवैध मांइस का चाल धंसने से एक की मौत, चार घायल

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News live Updates: बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद कोलकाता के व्यापारी अमित अग्रवाल को रिम्स के सेंट्रल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है. झारखंड की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

विज्ञापन

बोकारो में अवैध मांइस का चाल धंसने से एक की मौत, चार घायल

गांधीनगर : सीसीएल बीएंडके एरिया के कारो माइंस के बंद इंकलाइन के पास अवैध खनन करते हुए चाल धंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, वहीं चार लोग घायल हुए हैं. मृतक व्यक्ति माइंस के पास एक गांव का रहने वाला बताया जाता है. सूत्र बताते हैं कि एक मृतक को लोगों ने आनन-फानन में निकाल कर ले भागे हैं और पुलिस को पेड़ से गिरकर मौत होने की सूचना दी. वहीं, जो चार व्यक्ति घायल हुए हैं उनकी भी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. मालूम हो कि कारो इंकलाइन के पास चरकपनिया जंगल में दर्जनों अवैध माइंस चलते हैं जिससे कोयला निकालकर अवैध डिपो में पहुंचाया जाता है. फिर यहां से ट्रकों के माध्यम से कोयले को मंडियों तक भेजा जाता है. इधर, पुलिस इस घटना की पुष्टि नहीं कर रही है.

साहिबगंज के जिरवाबाड़ी में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

Jharkhand Breaking News: बोकारो में अवैध मांइस का चाल धंसने से एक की मौत, चार घायल

साहिबगंज : जिरवाबाड़ी अंतर्गत चानननिवासी कृष्ण मंडल की अज्ञात अपराधियों ने घर से बाहर बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कृष्णा ने अपने नये घर में गृह प्रवेश की पूजा करायी थी. अपराधियों को इस बात का पता चल गया था कि अब वह यहीं रहने वाला है. इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. इस मामले को लेकर उसकी पत्नी ने बताया कि वह अपने घर पर सो रही थी, तभी करीब छह लोग ऑटो से घर के बाहर आए और कृष्णा को बुलाया. घर से बाहर निकलते ही अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. बताया गया है कि कृष्ण मंडल का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर पुरानी रंजीश के कारण हत्या की गई. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है. इस मामले को लेकर थाना प्रभारी चिरंजीत प्रसाद ने बताया कि गोली लगने से कृष्णा मंडल की हत्या हुई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

रामगढ़ के गोला में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दो गंभीर

गोला (रामगढ़) : गोला-मुरी रोड स्थित डभातू के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को तत्काल प्राथमिक इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया. जहां डॉक्टर नदारद थे. चिकित्सक के इंतजार में लगभग एक घंटा तक दोनों घायल तड़पते रहे. मृतक की पहचान पूरबडीह गांव निवासी रिकेश महतो उर्फ टाइगर (32 वर्ष) पिता स्वर्गीय ललित महतो के रूप में हुई, जबकि घायल मृतक का ससुर मेघनाथ महतो राहे थाना क्षेत्र निवासी बताया जाता है. वहीं, एक अन्य घायल व्यक्ति बेहोशी की हालत में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पायी. दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया है. बताया जाता है कि रिकेश महतो बाइक में अपने ससुर के साथ गोला से घर लौट रहा था. इस बीच विपरीत दिशा से आ रही बाइक के साथ उसकी जबरदस्त टक्कर हो गयी. इस बीच गोला की ओर से गोबर लेकर जा रहा ट्रैक्टर ने रिकेश को चपेट में ले लिया. जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. जबकि दो अन्य घायल हो गये. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है.

रामगढ़ के पतरातू में होर्डिंग लगाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत, चार घायल

पतरातू : रामगढ़ जिला अंतर्गत पतरातू प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को होर्डिंग लगाने के दौरान 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से एक मजदूर गोलपार रामगढ़ निवासी बबलू नायक की मौत हो गयी, जबकि इस घटना में चार मजदूर घायल हो गये. दो मजदूर शशि राज साहू अौर मधुरंजन कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. वहीं, घायल विष्णु कुमार एवं एक अन्य का इलाज प्रखंड अस्पताल में करने के बाद छुट्टी दे दी गयी. सभी लोग जिला प्रशासन के निर्देश पर सरकारी के विभिन्न पेंशन योजना की जानकारी से संबंधित बोर्ड लगा रहे थे. इसी दौरान होर्डिंग को इधर-उधर उठाकर सेट करने के क्रम में बिजली के करंट लगने से यह हादसा हो गया. घटना के बाद प्रखंड परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना पर एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ भी मौके पर पहुंचे. मृतक मजदूर का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

पलामू के हरिहरगंज में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार महिला-पुरुष घायल

हरिहरगंज (पलामू) : शहरी क्षेत्र के अररुआ खुर्द स्थित शनि मंदिर के समीप NH-98 पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार महिला-पुरुष घायल हो गए हैं. घायलों में बाइक चला रहे विश्रामपुर नौडीहा निवासी लंकेश कुमार सिंह (29 वर्ष) तथा उसकी बहन के सास आशा देवी (55 वर्ष) शामिल है. दोनों घायलों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया है. घायल महिला की हालत काफी गंभीर बतायी जा रही है. लंकेश कुमार सिंह को सर तथा शरीर में चोट लगी है, वहीं आशा देवी का बाया पैर कुचल गया है. बताया जाता है कि दोनों घायल बाइक से औरंगाबाद की ओर से छतरपुर की ओर जा रहे थे.

पलामू में एक टायर दुकान से पांच लाख की चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर

पलामू : कन्नीराम चौके के एक टायर दुकान में पांच लाख रुपये की चोरी हुई है. चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये मूल्य के टायर ले भागे. चोरी की यह घटना CCTV में कैद हो गयी. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में लगी है. इस दुकान के संचालक आशीष कुमार अग्रवाल हैं. इस संबंध में आशीष ने बताया कि गुरुवार को दुकान बंद कर घर गए. शुक्रवार को जब वे दुकान खोलने आये, तो दुकाल का ताला टूटा हुआ पाया. वहीं, दुकान के अंदर से करीब 22 पीस टायर गायब पाया. आशीष ने तत्काल शहर थाना को सूचित करते हुए मामला दर्ज कराया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola