Bihar Breaking News Live: छपरा में 48 घंटे बाद इंटरनेट सेवा बहाल
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
शराबी व वारंटी गिरफ्तार
अमरपुर. थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक शराबी एवं एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया है कि गिरफ्तार शराबी कैथाटीकर गांव निवासी दीपक सिंह एवं गिरफ्तार वारंटी पहाड़पुर गांव निवासी ब्रजेश मंडल है. गुप्त सूचना मिली कि कैथाटीकर गांव में एक युवक शराब के नशे में धुत्त होकर उत्पात मचा रहा है. सूचना मिलने पर उक्त गांव में उत्पात मचा रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया गया. जिसका थाना में ब्रैथ एनेलाइजर से जांच कर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया. जहां युवक के शरीर में अल्कोहल की पुष्टि पायी गयी. वहीं वारंटी के खिलाफ बांका न्यायालय से वारंट निर्गत किया गया था. गिरफ्तार दोनों व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया.
माता-पिता की सूचना पर शराबी युवक हुआ गिरफ्तार
कटोरिया. आनंदपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मथुरा मोड़ के बगल स्थित कसियनमा गांव में शराब के नशे में धुत होकर उत्पात मचा रहे शराबी युवक को उसके ही माता-पिता की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. कसियनमा गांव निवासी रामनारायण दास के शराबी पुत्र अरूण कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पहले ब्रेथ एनलाइजर मशीन से जांच की. फिर रेफरल अस्पताल कटोरिया लाकर उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया. इसमें शराब पीने की पुष्टि भी हुई. इस मामले में आनंदपुर ओपी में मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार युवक को सोमवार की सुबह पुलिस अभिरक्षा में बांका कोर्ट भेजा जायेगा.
किशोरी की मौत, एक तरफा प्यार में जहर खिलाने का आरोप
भागलपुर/रजौन. बांका जिला के रजौन निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हो गयी. शनिवार देर रात हुई मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने बरारी पुलिस को पीआइ सौंपा. पुलिस ने रविवार दिन में मृतका के परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि बुधवार को दुर्गापूजा मेला देखने के दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक उनकी बेटी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए दबाव बना रहा था. उनकी बेटी इसका विरोध कर रही थी. इस बात पर मेला के दौरान युवक ने उसे पीट दिया. इसके बाद शनिवार को युवक ने किसी बहाने उनकी बेटी को अपने घर बुला लिया. जहां उसने बेटी को धोखे से जहरीला पदार्थ खिला दिया. शनिवार दिन 11 बजे ही उनकी बेटी को वे लोग मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे थे. इलाज के दौरान शनिवार देर रात ही उसकी मौत हो गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोस में रहने वाला युवक किशोरी से एक तरफा प्यार करता था.
94 कार्टन विदेशी शराब बरामद के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
बरियारपुर (मुंगेर). बरियारपुर पुलिस ने ट्रक पर लोड 94 कार्टन विदेशी शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. ट्रक आगे-आगे चल रही एक स्काॅर्पियो को भी पुलिस ने जब्त किया है. शराब झारखंड से बेगूसराय जा रही थी. गिरफ्तार शराब तस्करों में बेगूसराय जिले के गड़हरा थाना क्षेत्र के बरनहरा गांव निवासी रविरंजन, मुकेश कुमार, बाडोंं गांव निवासी सिंटू कुमार उर्फ सिद्धार्थ एवं पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के शकरवाड़ गांव निवासी विनीत कुमार शामिल हैं.
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
लखीसराय. जिले के हलसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहछा गांव में रविवार को एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक ने पंखे के सहारे फंदा लगाकर घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी होते ही हलसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार मौके पर पहुंचे व मामले की जानकारी ली. इस संबंध में हलसी थानाध्यक्ष ने बताया कि बहछा निवासी स्व रुपाली रविदास का 22 वर्षीय पुत्र परमानंद रविदास रविवार की दोपहर खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था. दो-तीन घंटे के बाद गांव का कोई व्यक्ति किसी कार्य के लिए परमानंद को खोजने आया, तो घरवाले उसे उठाने गये तो उसका दरवाजा बंद मिला. इसके बाद खिड़की से झांक कर देखा तो पाया कि परमानंद पंखे के सहारे फांसी पर लटका हुआ था. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी रौशन कुमार ने भी बहछा गांव पहुंकर मामले की छानबीन की. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भिजवा दिया. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि परिजनों ने अभी आवेदन नहीं दिया है. आवेदन के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
मारपीट में पिता-पुत्र जख्मी
सूर्यगढ़ा. माणिकपुर ओपी क्षेत्र के बाकरचक गांव में आपसी विवाद को लेकर मारपीट में 65 वर्षीय राजाराम महतो व उसका 23 वर्षीय पुत्र बालकृष्ण कुमार जख्मी हो गया. घटना रविवार शाम की है. घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा में इलाज किया गया. चिकित्सक डॉ डीपी मंडल ने बताया कि घायल पिता-पुत्र खतरे से बाहर हैं. उनके सिर व हाथ में चोट आयी है. माणिकपुर थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा भेजा गया है. अबतक आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए