Bihar Breaking News Live: सिक्किम से अगवा छात्र मधेपुरा से सकुशल बरामद, तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
नदियावां में युवक की पीट-पीट कर हत्या
लखीसराय. जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत नदियावां गांव में बुधवार की देर शाम अज्ञात लोगों ने सुबोध सिंह (35 वर्ष) की लाठी-डंडे व खंती से पिटाई कर दी. घटना के बाद ग्रामीणों से सहयोग से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. सूचना मिलने पर रामगढ़ चौक थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गयी. जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम सुबोध सिंह को अज्ञात लोगों ने सिर, पैर और चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया था. गुरुवार को सूचना मिलने पर भाई सुधीर सिंह पड़ोसियों के साथ सदर अस्पताल पहुंचे, तो भाई को मृत पाया. पुलिस ने बताया कि सूचना मिली कि रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के नदियावां के सुबोध सिंह का शव सदर अस्पताल में है. शव कब्जे में लेकर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों पर धारदार हथियार से हमला करने का आवेदन दिया है. रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है, जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जायेगी.
पंडारक. गले में फंदा डाल युवक ने की आत्महत्या
पंडारक. थाना क्षेत्र के गोवाशा शेखपुरा पंचायत के वार्ड संख्या 05 में गुरुवार की दोपहर 25 वर्षीय युवक जयहिन्द कुमार ने गले में फंदा डाल कर छत में लगे हुक से झूल कर आत्महत्या कर ली. थाना के अवर निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है. ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि युवक दिल्ली मेट्रो रेलवे में कार्यरत था. कुछ दिन पूर्व उसके पिता अर्जुन प्रसाद की अचानक मौत हो गयी थी. इसी सिलसले में वह श्राद्धकर्म में शामिल होने घर आया था.
शाहपुर के युवक की गुवाहाटी में वाहन की ठोकर से मौत
विभूतिपुर. थाना क्षेत्र के शाहपुर के स्व. रामविलास महतो के पुत्र नागेंद्र महतो की गुवाहाटी में मौत हो गयी. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि नागेंद्र महतो कुछ दिन पहले ही रोजी-रोटी के लिए गया था. काम कर डेरा पर लौटने के दौरान किसी मालवाहक गाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. उसकी पत्नी सीमा देवी एवं माता उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. पत्नी ने बताया कि नागेंद्र आठ दिन पहले ही गुवाहाटी गया था. गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई. स्वयंसेवक केशव बाबू, समाजसेवी विजय साह, अखिलेश ईश्वर आदि ने परिजनों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया. इस मौके पर धर्मेंद्र महतो व विक्कू कुमार महतो आदि मौजूद थे.
डेंगा नदी में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत, पसरा मातम
किशनगंज. सदर प्रखंड के सिंघिया कुलामनी पंचायत के डेंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि इंसानपुर गांव के दो बच्चे गांव के ही अन्य बच्चों के साथ अपने नहाने के लिए पास की डेंगा नदी में गए. नहाने के दौरान ही बच्चे गहरे पानी में चले गये और डूब गये. घटना की जानकारी तब हुई जब मिलादुन्न्वी के जुलूस में शामिल कुछ युवाओं ने दो बच्चों के शवों को नदी में तैरते देखा. इस घटना के बाद पूरे दगांव में कोहराम मच गया. वार्ड सद्स्य मोजीबुर रहमान और मो उमर अली ने बताया कि इंसानपुर गांव में मो अरशद की 9 वर्षीय बेटी रफिना खातून और मो कासेद का 11वर्षीय बेटा रुहूल की डूबने से मौत हुई है. घटना की जानकारी बच्चों के परिजनों दी गयी. ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. जिस जगह पर बच्चे डूबे हैं, वहां करीब 20 फीट की गहराई बताई जा रही है. स्थानीय लोगो ने कहा कि इसी वर्ष मिट्टी की कटाई हुई थी.
पिकअप के धक्के से जख्मी युवक की मौत
नोखा. थाना क्षेत्र के बराव मणिपुर लेवड़ा पथ पर पिकअप की टक्कर से जख्मी बाइक सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से जख्मी है. सूत्रों के अनुसार, मृतक लेवड़ा निवासी सुरेश कुमार का 22 वर्षीय पुत्र रोशन गुप्ता था. वहीं दूसरा जख्मी साथ लेवड़ा निवासी मनोज कुमार है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थाना क्षेत्र के मणिपुर गांव के मोड़ के पास मुर्गा लदे पिकअप ने तेज रफ्तार से टर्न लिया, जिससे बाइक सवार दोनों युवक उसकी चपेट में आ गये. बाइक सवार दोनों साथी सड़क पर गिर गये व गंभीर रूप जख्मी हो गये. लोगों की मदद से दोनों जख्मी को सासाराम सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों ने दोनों जख्मी को वाराणसी रेफर कर दिया. बनारस ले जाने के क्रम में रौशन गुप्ता की मौत रास्ते में हो गयी, जबकि दूसरा जख्मी का इलाज बनारस ट्रामा सेंटर में चल रहा है. थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की खबर कदवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राकेश कुमार से मिली है. इस संबंध में अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है.
सिक्किम से अगवा छात्र मधेपुरा से सकुशल बरामद, तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार
मधेपुरा: सिक्किम से अगवा नाबालिग मधेपुरा से बरामद हो गया है. मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 20 अगस्त को गंगटोक से बच्चे का अपहरण किया गया था. इस मामले में वहां के एसपी ने मुझसे संपर्क किया था और कुछ इनपुट दिया था. जिसके बाद हमने मामले की छानबीन की. बुधवार रात को सूचना मिली की चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगान ग्राम में बच्चे को बंधक बनाकर रखा गया है. जिसके बाद हमारी टीम ने वहां दबिश दी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए