Jharkhand News: झारखंड के चौपारण- चतरा रोड में जुआ अड्डा पर अपराधियों का धावा, 15 लाख नगद व सोने के चेन लूटे

हजारीबाग जिला के चौपारण-चतरा रोड स्थित एक होटल में जुआ खेल रहे अड्डा पर अपराधियों ने धावा बोल दिया. आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने मौके से 15 लाख की नगद और सोने का चेन लूट कर फरार हो गया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
Jharkhand Crime News (अजय ठाकुर, हजारीबाग) : हजारीबाग जिले के चौपारण-चतरा रोड स्थित होटल मित-मिलन में जुआ खेल रहे जुआरियों पर नकाबपोश लुटेरों ने मंगलवार की देर रात धावा बोल दिया. लुटेरे जुआ खेल रहे जुआरियों के पास से करीब 15 लाख नगद व सोने का चेन लेकर फरार हो गये. लुटेरों की संख्या आधा दर्जन बतायी जा रही है. सभी लुटेरे हथियार से लैस थे.
चौपारण-चतरा रोड स्थित होटल मित-मिलन में हुई घटना के शिकार एक पीड़ित ने कहा कि होटल में 11 बजे तक खाना खाने के बाद होटल के मुख्य दरवाजे को बंद कर जुआ खेलने लगे थे. रात के डेढ़ बज रहे थे. इसी बीच होटल के पिछले दरवाजे से करीब आधा दर्जन नकाबपोश लुटेरे आ धमके. हथियार से लैस इन नकाबपोश लुटेरों को देख जुआरियों में अफरा- तफरी मच गयी. लुटेरों ने सब जुआरियों से रुपये लूट लिये.
आधा घंटा तक लुटेरे बारी- बारी से सबसे पैसा की छीना- झपटी करते रहे. जुआरियों द्वारा विरोध करने पर कुछ जुआरियों के साथ मारपीट किया. उसके बाद होटल के पिछले दरवाजे से निकलकर अपराधी भाग गये.
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी नाजिर अख्तर ने बताया कि चौपारण थाना को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया है. पुलिस लुटेरों तक पहुंचने के लिए चतरा मोड़ में लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है. दूसरी ओर, जुआ खेलवा रहे लोग भी मौके से फरार हो गये. वहीं, इस मामले में होटल मालिक से भी पूछताछ होगी. साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी.
Posted By : Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




