YRKKH Twist: भांग पीते ही अरमान-अभिरा का गुस्सा प्यार में बदला, भागकर शादी करने का प्लान

टीवी सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है
YRKKH Twist: ये रिश्ता क्या कहलाता है के होली ट्रैक में बड़ा ट्विस्ट आने वाला है. भांग पीने के बाद अरमान और अभिरा का गुस्सा धीरे-धीरे छू-मंतर हो जाता है और प्यार जाग उठता है. दोनों भागकर शादी करने का फैसला कर लेते हैं, जिससे कहानी में नया मोड़ देखने को मिलेगा. पढे़ं पूरा अपडेट…
YRKKH Twist: सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है में होली का जश्न खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. हाल ही में मेहर की पार्टी में अभिरा ऐसा कदम उठाती है कि पूरा माहौल बिगड़ जाता है. इसके बाद दादी सा, अरमान और अभिरा को होली महोत्सव में भेज देती हैं, लेकिन यहां एक बड़ा राज सामने आ जाता है. दरअसल, कावेरी पोद्दार अभिरा के फोन पर कॉल करती हैं. तभी अरमान की नजर फोन पर पड़ जाती है और वह खुद कॉल उठा लेता है. दूसरी तरफ कावेरी पोद्दार की आवाज सुनते ही अरमान गुस्से में आ जाता है. हालांकि दादी सा भी चुप नहीं रहतीं और उसे करारा जवाब देती हैं. साथ ही वह दोनों को मायरा के लिए अपने झगड़े खत्म करने की सलाह देती हैं.
धीरे-धीरे प्यार में बदल जाता है गुस्सा
आने वाले एपिसोड में दादी सा अरमान और अभिरा को समझाती हैं कि उनके रिश्ते के टूटने से पूरा परिवार बिखर गया है. वह दोनों से कहती हैं कि मायरा की खुशी के लिए कम से कम एक बार साथ आने की कोशिश करें. लेकिन उनकी बात का कोई खास असर नहीं पड़ता और दोनों फिर से बहस करने लगते हैं. इसी बीच कहानी में नया मोड़ आता है. लड़ते-लड़ते दोनों भांग पी लेते हैं और इसके बाद माहौल पूरी तरह बदल जाता है. नशे में दोनों का गुस्सा धीरे-धीरे प्यार में बदल जाता है. होली के रंगों के बीच अरमान और अभिरा एक साथ नाचते, गाते और रोमांस करते नजर आते हैं. यह देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह जाते हैं.
परवान चढ़ा अरमान-अभिरा का प्यार
आगे की कहानी और भी दिलचस्प होने वाली है. घर में दादी सा कुछ अच्छा होने की उम्मीद में मिठाई खाती नजर आती हैं. वहीं मनीषा सबको आर्यन के आने की खबर देती है, लेकिन वह इसके पीछे की असली वजह छुपा लेती है. उधर होली पार्टी में अरमान और अभिरा का प्यार पूरी तरह परवान चढ़ जाता है. दोनों एक-दूसरे से अपने दिल की बात कहते हैं और फिर भागकर शादी करने का फैसला कर लेते हैं. इसी दौरान अरमान अभिरा को लाल चुनरी ओढ़ा देता है. इसके बाद दोनों साइकिल पर बैठकर वहां से निकल जाते हैं.
यह भी पढे़ं: होली स्पेशल एपिसोड में पास आएंगे अरमान-अभिरा, रोमांटिक तस्वीरों में बेहद करीब दिखे दोनों
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




