Oscars 2027: महज 90 लाख कमाने वाली 'गोंधल' ने मारी बाजी, 33 फिल्मों को पीछे छोड़ बनी भारत की ऑफिशियल एंट्री
गोंधल मूवी, फोटो- इंस्टाग्राम
Oscars 2027: 33 फिल्मों को पीछे छोड़कर मराठी थ्रिलर 'गोंधळ' ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री बन गई है. जानिए क्या है 90 लाख कमाने वाली इस फिल्म की कहानी और क्यों यह बनी ऑस्कर जाने वाली चौथी मराठी फिल्म.
Oscars 2027: हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, गुजराती और नागामीज समेत 33 फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए मराठी थ्रिलर 'गोंधळ' ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री बन गई है. 18 सितंबर को फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने संतोष डावखर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म के नाम पर मुहर लगा दी. अब यह फिल्म दुनिया के सबसे बड़े सिनेमाई मंच पर 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' कैटिगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी. कम बजट में बनी इस सस्पेंस से भरी फिल्म में ऐसा क्या खास है, जिसने जूरी का दिल जीत लिया, आइए आसान शब्दों में समझते हैं.
ऑस्कर में जाने वाली चौथी मराठी फिल्म बनी ‘गोंधल’
मराठी सिनेमा के लिए यह बेहद गर्व का पल है, क्योंकि 'गोंधळ' ऑस्कर की रेस में पहुंचने वाली चौथी मराठी फिल्म बन गई है. इससे पहले 2005 में 'श्वास', 2009 में 'हरिश्चंद्राची फैक्ट्री' और 2015 में 'कोर्ट' को भारत की तरफ से भेजा गया था. अब पूरे 11 साल बाद किसी मराठी फिल्म को यह बड़ा मुकाम हासिल हुआ है.
हालांकि, भारत की ऑफिशियल एंट्री बनना ही फाइनल ऑस्कर नहीं है. अब फिल्म को अकेडमी की शॉर्टलिस्ट प्रक्रिया और वोटिंग राउंड से गुजरना होगा, जिसके बाद तय होगा कि यह फाइनल नॉमिनेशन में जगह बना पाती है या नहीं.
क्या है ‘गोंधल’ की कहानी?
'गोंधळ' की कहानी महाराष्ट्र की पारंपरिक गोंधल रस्म की पृष्ठभूमि पर बुनी गई एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है. गोंधल एक प्राचीन लोक परंपरा है, जिसमें रात भर पूजा, संगीत और नृत्य के जरिए देवी-देवताओं का आह्वान किया जाता है.
फिल्म की कहानी एक नवविवाहित जोड़े और पूजा की उसी एक रात के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे भयानक सस्पेंस और तनाव में बदल जाती है. कहानी में सुमन नाम की एक नई दुल्हन है, जो अपनी शादी से घुटन महसूस कर रही है. वह अपने प्रेमी सर्जेराव के पागलपन का इस्तेमाल गोंधल की रस्म के दौरान करती है. इसके बाद एक पवित्र धार्मिक परंपरा देखते ही देखते एक जानलेवा खेल का रूप ले लेती है.
‘गोंधळ’ में कौन-कौन है?
फिल्म में ईशिता देशमुख, किशोर कदम, योगेश सोहोनी, सुरेश विश्वकर्मा, निशाद भोईर और अनुज प्रभु जैसे कलाकार नजर आए हैं.
‘गोंधळ’ को संतोष डावखर ने लिखा और डायरेक्ट किया है. यह उनके फीचर फिल्म डायरेक्टर के तौर पर डेब्यू का हिस्सा भी है. फिल्म को पहले ही फिल्म फेस्टिवल सर्किट में पहचान मिल चुकी है. आईएफएफआई 2025 में संतोष डावखर को सिल्वर पीकॉक से सम्मानित किया गया था.
बॉक्स ऑफिस पर धीमी, लेकिन IMDb पर सुपरहिट

फिल्म 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. कम स्क्रीन्स और छोटे स्तर पर रिलीज होने के कारण टिकट खिड़की पर इसका बिजनेस धीमा रहा. Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब 84 लाख रुपये नेट और 90 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था.
कमाई भले ही सीमित रही हो, लेकिन कंटेंट के मामले में फिल्म ने बाजी मारी. इसका सबूत है कि IMDb पर 4.2 हजार से ज्यादा यूजर्स ने इसे 10 में से 8.9 की जबरदस्त रेटिंग दी है. अब ऑस्कर का टिकट मिलने के बाद यह फिल्म पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए