Hanuman Ansh देखकर छलक पड़े सुशांत सिंह राजपूत की बहन के आंसू, बोलीं- खूबसूरत एहसास पैदा करती है
श्वेता सिंह कीर्ति ने किया हनुमान अंश का रिव्यू, फोटो- इंस्टाग्राम
‘हनुमान अंश’ देखकर श्वेता सिंह कीर्ति इतनी भावुक हो गईं कि रिव्यू देते हुए उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. जानें सुशांत सिंह राजपूत की बहन ने फिल्म को लेकर क्या कहा.
Hanuman Ansh को रिलीज हुए काफी समय हो चुका है, लेकिन फिल्म को लेकर लोगों का प्यार अभी भी बना हुआ है. वरुण धवन, कंगना रनौत और आदित्य धर जैसे कई सितारे फिल्म की तारीफ कर चुके हैं. अब इस लिस्ट में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति का नाम भी जुड़ गया है. फिल्म देखने के बाद श्वेता इतनी भावुक हो गईं कि इसका रिव्यू देते हुए उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े.
श्वेता सिंह कीर्ति- 'खूबसूरत एहसास पैदा करती है'
View on Instagram
श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘हनुमान अंश’ का रिव्यू शेयर किया है. उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की और लोगों से इसे देखने की अपील की.
श्वेता ने कहा कि वह फिल्म से बहुत ज्यादा प्रभावित हुई हैं. उनके मुताबिक, अगर कोई इंसान आध्यात्मिक चीजों में विश्वास रखता है तो उसे यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए. श्वेता ने कहा कि फिल्म दिल में एक बहुत साफ और खूबसूरत एहसास पैदा करती है.
‘हर किसी को ये फिल्म देखनी चाहिए’
श्वेता ने अपनी पोस्ट में लोगों से ‘हनुमान अंश’ देखने की अपील की. उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद इंसान के अंदर कुछ बहुत अच्छा और शुद्ध महसूस होता है.
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म लोगों का भगवान और संतों पर भरोसा मजबूत कर सकती है. श्वेता के लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि इसे देखने के बाद उन्हें आध्यात्मिक एहसास हुआ.
‘फिल्म देखते हुए पूरे समय आंसू बहते रहे’
श्वेता ने वीडियो में बताया कि उन्हें फिल्म बहुत पसंद आई. वह फिल्म देखते हुए काफी भावुक हो गई थीं.
उन्होंने कहा, “पूरी फिल्म विस्मय, सम्मान और गहराई से प्रेरित महसूस करने में बीती और पूरे समय आंसू बहते रहे.” इसके बाद उन्होंने फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स को धन्यवाद दिया.
श्वेता ने कहा- ऐसी और फिल्में बननी चाहिए
श्वेता सिंह कीर्ति ने ‘हनुमान अंश’ के मेकर्स की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि देश में ऐसी और फिल्में बननी चाहिए.
उनका मानना है कि इस तरह की फिल्में लोगों को अंदर से बेहतर महसूस करा सकती हैं और दुनिया की सोच को एक अच्छी दिशा देने में मदद कर सकती हैं. उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर्स और उन लोगों को भी धन्यवाद दिया, जिनके दिमाग में इस फिल्म को बनाने का आइडिया आया.
नीम करौली बाबा की जिंदगी पर बनी है फिल्म
‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा की जिंदगी से जुड़ी कहानी पर आधारित है. फिल्म को डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बनाया है और यह उनकी किताब ‘डिवाइन डिटोर: दैट चेंज्ड माय लाइफ’ पर आधारित बताई गई है.
फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है, जबकि चंदन के आनंद राम नंदन भोसले के रोल में नजर आए हैं. फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 200 करोड़
कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये से शुरुआत करने वाली फिल्म का इतना आगे पहुंचना अपने आप में खास है. यही वजह है कि फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ कई फिल्मी सितारों से भी तारीफ मिल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए