Career Guidance : एथलीट बनना है, तो ऐसे बढ़ें आगे

world athletics day 2026
युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और एथलेटिक्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दशक पहले 7 मई को विश्व एथलेटिक्स दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी. आज इस दिवस पर जानें कैसे खुद को आप एक एथलीट के तौर पर आगे बढ़ा सकते हैं...
Career Guidance : भारत में बतौर एथलीट करियर में आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाओं में बीते दशक में तेजी से इजाफा हुआ है. खेल विश्वविद्यालय और स्पोर्ट्स संस्थानों की संख्या बढ़ी है एवं भारत सरकार के ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के तहत खिलाड़ियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता और छात्रवृत्ति जैसे मौके बने हैं. आप अगर एथलीट बनना चाहते हैं, तो आपको कदम-दर-कदम आगे बढ़ने की जरूरत है.
चुनें अपना खेल
भारत में एथलीट कैसे बनें ? इसके लिए पहला कदम है एक खेल का चयन करना, जिसमें आपकी रुचि हो. लेकिन किसी खेल को सिर्फ इस वजह से न चुनें, कि आप उसे देखना पसंद करते हैं, इसलिए चुनें क्योंकि आप उसे खेलना पसंद करते हैं. इसके बाद अपनी स्ट्रेंथ का आकलन करें. कोचिंग की सुविधा और खेल की वित्तीय जरूरतों पर रिसर्च करें.
स्कूल से करें शुरुआत
स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं से शुरुआत कर सकते हैं. राज्य की खेल टीम में अपनी जगह बना सकते हैं. खेल में बेहतर प्रदर्शन करते हैं, तो एक खिलाड़ी के रूप में भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआइ) के विभिन्न संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिल सकता है. एसएआइ के अलावा कई राज्य स्तरीय और निजी संगठन हैं, जो खिलाड़ियों को आगे बढ़ाते हैं.
आगे बढ़ सकते हैं ऐसे
प्रशिक्षण हासिल करने के बाद आप राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बतौर खिलाड़ी देश के लिए खेल सकते हैं. इसके अलावा स्पोर्ट्स पर्सन के पास आगे चलकर ट्रेनर और कोच के तौर पर भी काम करने का मौका होता है. रेलवे,पुलिस बल समेत कई सरकारी विभागों में खेल कोटा के तहत खिलाड़ियों की भर्ती की जाती है. आप स्पोर्ट्स टीचर के तौर पर भी करियर बना सकते हैं.
कर सकते हैं ये कोर्स
नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, जोकि एक केंद्रीय विश्वविद्यालय है, के प्रॉस्पेक्टस के आधार पर स्पोर्ट्स के प्रमुख कोर्स हैं- बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस), बैचलर ऑफ साइंस इन स्पोर्ट्स कोचिंग, मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, एमएससी इन स्पोर्ट्स कोचिंग, एमए इन स्पोर्ट्स साइकोलॉजी, एमएससी इन अप्लाइड स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन. अधिक जानकारी के लिए आप राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.nsu.ac.in/ देख सकते हैं.
देश के प्रमुख खेल संस्थान
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, पटियाला
नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मणिपुर
लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन, ग्वालियर
लक्ष्मीबाई नेशनल कॉलेज फॉर फिजिकल एजुकेशन, तिरुवअनंतपुरम
इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस, नयी दिल्ली
अधिक जानकारी के लिए खेलो इंडिया की वेबसाइट https://kheloindia.gov.in/ देखें.
यह भी पढ़ें : VIETNAM : वियतनाम के इस अनोखे मंदिर के बारे में जानते हैं आप !
यह भी पढ़ें : Admission Alert 2026 : रूरल मैनेजमेंट में बनाना है करियर, तो ले सकते हैं यहां एडमिशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Preeti Singh Parihar
Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










