ePaper

धनबाद : मातम में बदली खुशी, बहन की हो रही थी विदाई, कुएं में मिला भाई का शव

Updated at : 26 Nov 2023 8:23 AM (IST)
विज्ञापन
धनबाद : मातम में बदली खुशी, बहन की हो रही थी विदाई, कुएं में मिला भाई का शव

दामोदरपुर डैम ग्राउंड के समीप रहने वाले विशाल के छोटे भाई विवेक पासवान ने बताया कि 23 नवंबर को घर में हल्दी की रस्म थी. भीड़भाड़ को देखते हुए विशाल सरायढेला कृष्णा नगर स्थित अपनी बुआ के घर चला गया.

विज्ञापन

बेटी की शादी की खुशी उस समय मातम में बदल गयी, जब जवान बेटे का शव कुएं में मिलने की सूचना दामोदरपुर के रहने वाले केशव पासवान को मिली. कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में 24 नवंबर की रात केशव पासवान की बेटी मनीषा कुमारी की शादी थी. परिवार समेत रिश्तेदारों का जुटान था. रात में बेटी का विवाह धूमधाम से हुआ. शनिवार की सुबह विदाई का समय आया. इसी दौरान दामोदरपुर के रहने वाले उनके पड़ाेसियों का कॉल उनके माबाइल पर आया. उन्हें बताया गया कि उनके घर के पास कुंए में 24 वर्षीय बेटे विशाल पासवान का शव तैर रहा है. यह सुनते ही उनके होश उड़ गये. किसी तरह बेटी की विदाई हुई. सूचना पर दामोदरपुर पहुंची धनबाद थाने की पुलिस ने विशाल के शव को कुएं से निकाल पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया.

24 से घर से गायब था विशाल

दामोदरपुर डैम ग्राउंड के समीप रहने वाले विशाल के छोटे भाई विवेक पासवान ने बताया कि 23 नवंबर को घर में हल्दी की रस्म थी. भीड़भाड़ को देखते हुए विशाल सरायढेला कृष्णा नगर स्थित अपनी बुआ के घर चला गया. 24 नवंबर को वह दोपहर 12 बजे के लगभग कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल पहुंचा था. कुछ रिश्तेदारों से उसकी मुलाकात भी हुई. इसके बाद से वह नहीं दिखा. छोटे भाई ने कई जगह उसकी खोजबीन की. लेकिन पता नहीं चला. बाद में सभी शादी में व्यस्त हो गये.

बढ़ई का काम करता था विशाल

छोटे भाई विवेक पासवान ने बताया कि विशाल मंझला था. शुक्रवार को उसकी बड़ी बहन की शादी हजारीबाग के रहने वाले अमित पासवान से हुई. विशाल बढ़ई का काम करता था.

अंतिम संस्कार के बाद बहन को दी गयी भाई की मौत की जानकारी

एसएनएमएमसीएच में दिन के 12 बजे के करीब विशाल के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं शाम चार बजे तेलीपाड़ा मुक्तिधाम में विशाल के शव का अंतिम संस्कार किया गया. इसके बाद भाई की मौत की जानकारी बहन को दी गयी.

हत्या, आत्महत्या या हादसा… जांच में जुटी पुलिस

मृतक के पिता केशव पासवान के बयान पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है. विशाल की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है? जिस कुएं में विशाल का शव पाया गया, उसके पास ही उसका घर भी है. क्या वह कुआं के पास पहुंचने के बाद हादसे का शिकार हो गया? आखिर वह बहन की शादी के दौरान कुआं के पास क्यों गया? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Also Read: धनबाद : तेतुलमारी में अवैध खनन के दौरान महिला की मौत, मुआवजा देगी आउटसोर्सिंग कंपनी

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola