Jharkhand news: बाबा बैद्यनाथ पर कल चढ़ेगा तिलक, मिथिलांचल से पहुंचे 80 हजार तिलकहरुए, जमकर खेलेंगे होली

jharkhand news: शनिवार को बाबा बैद्यनाथ का तिलक चढ़ाया जायेगा. मिथिलांचल से आये करीब 80 हजार श्रद्धालु बाबा पर तिलक चढ़ाकर होली खेलेंगे. इसको लेकर बाबा मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है. तिलकोत्सव को लेकर पिछले चार दिनों से मिथिलांचल से आये भक्त बाबा नगरी में जमे हैं.
Jharkhand news: बसंत पंचमी पर शनिवार को पूरे विधि- विधान से बाबा बैद्यनाथ का तिलक चढ़ाया जायेगा. परंपरा के अनुसार, मिथिलांचल क्षेत्र के आये भक्त बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण के बाद तिलक चढ़ायेंगे और उसके बाद होली खेलेंगे. इसको लेकर बाबा मंदिर प्रबंधन की ओर से सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. मिथिलांचल से करीब 80 हजार तिलकहरुए पहुंच गये हैं, जो शहर के विभिन्न मैदानों व स्कूल ग्राउंड में पिछले चार दिनों से जमे हैं. पूरा देवघर तिलकहरुए से पटा गया है. शहर के चारों ओर भजन- कीर्तन का दौर चल रहा है. शहर में कोई ऐसा खाली स्थान नहीं है, जहां के तिलकहरुए नहीं डेरा डाले हुए है.
गुरुवार की रात से अचानक हुई बारिश के कारण श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गयी. आरएल सर्राफ, क्लब ग्राउंड, चांदनी चौक, झौंसागढ़ी आदि जगहों पर खुले आसमान के नीचे सो रहे श्रद्धालुओं को रतजगा कर रात बितानी पड़ी. परंपरागत कांवर के सहारे बनाये तंबू उखड़ जाने के बाद कड़ाके की ठंड में भी भींगना पड़ा. बावजूद श्रद्धालुओं में आस्था की कमी नहीं आयी. लोग अपने- अपने जगहों पर बाबा का भजन-कीर्तन करते नजर आये. जो लगातार जारी है. जहां ये लोग ठहरे हैं, वह स्थान किचड़मय हो गया है. इससे उन्हें काफी परेशानी हुई. शुक्रवार की सुबह डीसी मंजूनाथ भजंत्री सभी स्थानों पर पहुंच कर उनकी परेशानी को जाना व तत्काल सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया.
शनिवार की सुबह सरदार पंडा गुलाबनंद ओझा सरकारी पूजा करेंगे, इस दौरान बाबा पर गुलाल चढ़ाकर तिलकोत्सव करेंगे. इसके बाद पट खुलने के बाद तिलकहरुए सुबह बाबा पर जलार्पण करने के बाद अबीर गुलाल चढ़ाना शुरू करेंगे. इसके बाद परंपता के अनुसार होली खेलना शुरू करेंगे. कई जगहों पर भैरव पूजा की जायेगी. इधर, बाबा का तिलकोत्सव के बाद मिथिलांचल में होली की शुरुआत हो जायेगी. पूरे माह एक दूसरे को गुलाल-अबीर लगा कर होली खेलते है.
Also Read: Basant Panchami 2022: झारखंड में सरस्वती पूजा कल, कोरोना व महंगाई के बीच मूर्तिकारों की क्या है पीड़ा
बसंत पंचमी पर बाबा पर जर्लापण करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, मंदिर प्रबंधन, नगर निगम व पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की गयी है. बीएड कॉलेज से लेकर क्यू कॉम्प्लेक्स तक बैरिकेडिंग की गयी है, ताकि कतारबद्ध होकर श्रद्धालु जलार्पण कर सके. इन जगहाें पर पीने का पानी, समेत अन्य सारी व्यवस्था की गयी है. मंदिर से लेकर बीएड कॉलेज तक मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की गयी है. रूट लाइन में साफ- सफाई के साथ शौचालय की भी व्यवस्था की गयी है.
Posted By: Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




