ऑर्डर किया खाना या बुलाई मुसीबत? Blinkit-Zepto समेत 14 फूड लाइसेंस सस्पेंड, कहीं कॉकरोच तो कहीं मिला एक्सपायर्ड चिकन

Updated:
विज्ञापन

महाराष्ट्र FDA ने Blinkit, Zepto और Instamart से जुड़े 14 फूड लाइसेंस सस्पेंड किए हैं. जांच में गंदगी, एक्सपायर्ड प्रोडक्ट और तापमान की गड़बड़ी मिली.

विज्ञापन

महाराष्ट्र में Blinkit, Zepto और Instamart जैसी क्विक-कॉमर्स सेवाओं के जरिए बिकने वाले खाने की क्वालिटी को लेकर FDA ने सख्ती बढ़ा दी है. महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने 13 अगस्त 2026 को राज्यभर में स्पेशल इंस्पेक्शन ड्राइव चलाया. इस दौरान 86 फूड बिजनेस यूनिट्स की जांच की गई. गड़बड़ियां मिलने पर 14 फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए, जबकि 60 सुधार नोटिस जारी हुए. एक यूनिट को कुछ समय के लिए कारोबार बंद करने का आदेश दिया गया. हालांकि, किसी भी लाइसेंस को रद्द नहीं किया गया.

किन कंपनियों के लाइसेंस हुए सस्पेंड?

FDA के मुताबिक, सस्पेंड किए गए 14 लाइसेंस में 5-5 Blinkit और Zepto से जुड़े हैं, जबकि 2 Instamart से जुड़े हैं. इसके अलावा Bhagwati Store और Swinsta ENT Pvt. Ltd. के लाइसेंस भी सस्पेंड किए गए. यह कार्रवाई इसलिए अहम है क्योंकि क्विक-कॉमर्स में खाने-पीने का सामान ग्राहकों तक पहुंचने से पहले वेयरहाउस और डार्क स्टोर में रखा जाता है. यहां सही तापमान, सफाई और खाने को सुरक्षित तरीके से रखना जरूरी है.

मुंबई में जांच में क्या मिला?

मुंबई की कई यूनिट्स में सफाई और स्टोरेज से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं.

  • घाटकोपर की Blink Commerce Private Limited यूनिट को सिर्फ 46% स्कोर मिला. यहां गंदे रैक, खाने और गैर-खाने की चीजों को साथ रखने, सड़ी सब्जियों और कॉकरोच की समस्या मिली. छत और फर्श भी खराब थे.
  • बांद्रा वेस्ट की RAJIDI Retail यूनिट को 45% स्कोर मिला. यहां धूल, मकड़ी के जाले, खाने का कचरा और चूहों की बीट मिली. रैक में जंग और फर्श में खराबी भी थी.
  • अंधेरी वेस्ट की Zepto यूनिट को 47% स्कोर मिला. यहां तापमान कंट्रोल, फ्रोजन प्रोडक्ट्स के लिए अलग एरिया और तापमान की निगरानी से जुड़ी कमियां मिलीं.

ये भी पढ़ें: फल-सब्जियों के बीच कॉकरोचों का डेरा, FDA ने किया Blinkit का लाइसेंस सस्पेंड

एक्सपायर्ड चिकन भी मिला, लाइसेंस सस्पेंड

अंधेरी वेस्ट की एक और RAJIDI Retail यूनिट में Zorabian Chicken Curry Cut का पैकेट मिला, जिसकी एक्सपायरी 12 अगस्त 2026 थी. इसे करीब 8°C तापमान पर रखा गया था, जबकि जरूरी तापमान 0-4°C था. FDA ने मौके पर ही प्रोडक्ट को नष्ट कर दिया.

मालाड वेस्ट की Blink Commerce यूनिट का लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया. यहां चिलर का तापमान 6°C था, करीब 40 फूड हैंडलर्स के मेडिकल रिकॉर्ड नहीं मिले और स्टोरेज व सफाई में भी कमियां थीं. लाइसेंस सस्पेंड होने के दौरान यह यूनिट खाना खरीद, बेच या डिलीवर नहीं कर सकती.

पुणे के लोहेगांव की Zepto यूनिट में भी फ्रिज और फ्रीजर का तापमान सही नहीं था. कुछ प्रोडक्ट अपनी "Use By" तारीख के बाद रखे मिले. FIFO/FEFO नियमों का पालन नहीं हुआ और सफाई व कीट नियंत्रण में भी कमी मिली.

पुणे की Swinsta ENT Private Limited यूनिट में कॉकरोच, कोल्ड-चेन और सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं. इसके बाद इसका लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया गया.

ये भी पढ़ें: अब प्लास्टिक के पैकेट में नहीं मिलेगा पान मसाला, FSSAI ने बदले नियम


विज्ञापन
सौम्या शाहदेव

लेखक के बारे में

By सौम्या शाहदेव

सौम्या शाहदेव प्रभात खबर डिजिटल में बिजनेस कंटेंट राइटर हैं. वह शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, टैक्स, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और रोजमर्रा की आर्थिक खबरों को सरल और सटीक भाषा में पाठकों तक पहुंचाती हैं. उनका फोकस ऐसी खबरें लिखने पर रहता है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और जेब पर असर डालती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola