ईरान-अमेरिका की लड़ाई में शेयर बाजार पस्त, सेंसेक्स 823 अंक नीचे

ईरान-अमेरिका तनाव से शेयर बाजार हुआ पस्त. (Photo: Freepik & ANI)
Indian Stock Market 23 April 2026: कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी इन्वेस्टर्स की बिकवाली से शेयर बाजार धड़ाम हो गया है. जानिए इस गिरावट के मुख्य कारण और इंफोसिस के नतीजों का बाजार पर क्या असर होगा.
Indian Stock Market 23 April 2026: आज गुरुवार, 23 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत काफी खराब रही. बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 823 अंक टूट गया और निफ्टी में भी 185 अंकों की बड़ी गिरावट देखी गई. इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण खाड़ी देशों में बढ़ता तनाव है. ईरान द्वारा ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ (Strait of Hormuz) के पास तीन मालवाहक जहाजों पर हमले और दो को जब्त करने की खबरों ने दुनियाभर के इन्वेस्टर्स को डरा दिया है.
कच्चा तेल 100 डॉलर के पार क्यों पहुंचा?
ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे डेडलॉक के कारण कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमतों में आग लग गई है. इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत 106 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई. चूंकि भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल बाहर से मंगवाता है, इसलिए तेल महंगा होने का सीधा असर हमारी अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार पर पड़ता है. निवेशकों को डर है कि अगर यह सप्लाई रुकी, तो आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है.
विदेशी इन्वेस्टर्स ने क्यों फेरा बाजार से मुंह?
बाजार में कमजोरी की एक बड़ी वजह यह भी है कि विदेशी संस्थागत इन्वेस्टर्स (FIIs) ने पिछले सत्र में करीब 2,080 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं. वहीं घरेलू इन्वेस्टर्स (DIIs) ने भी 1,050 करोड़ रुपये की बिकवाली की है. ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई, क्योंकि तेल की बढ़ती कीमतों का इन पर सीधा बुरा असर पड़ता है.
अब आगे इन्वेस्टर्स को क्या करना चाहिए?
आज बाजार की नजर दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) के नतीजों पर रहेगी. इसके अलावा अदाणी एनर्जी और यूनियन बैंक जैसे कई बड़े नामों के तिमाही नतीजे भी आने वाले हैं. जानकारों का मानना है कि जब तक जियोपॉलिटिकल हालात सामान्य नहीं होते, बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. ऐसे में इन्वेस्टर्स को जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: कीमतों में फिर आई नरमी, चेक करें 23 अप्रैल के सोने-चांदी के लेटेस्ट रेट्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




