Business News Today : बीएमडब्ल्यू इंडिया की बिक्री 2022 में 19,263 इकाई के रिकॉर्ड स्तर पर

Updated:
विज्ञापन

Business News Updates : बिजली मंत्रालय के अधीन आने वाले ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) के संशोधित नियम लागू हो जाने से भारत में रेफ्रिजेटर की कीमतों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं. सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक इंडियन बैंक ने एमसीएलआर आधारित ब्याज दर में करीब 0.25 फीसदी तक का इजाफा किया है. साह पॉलीमर्स के आईपीओ को दूसरे दिन 2.37 गुना अभिदान मिला है. जोमैटो के सह-संस्थापक, मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी गुंजन पाटीदार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. कारोबार की ताजा खबरों को जानने के लिए आप हमारे साथ बने रहें.

विज्ञापन

बीएमडब्ल्यू इंडिया की बिक्री 2022 में 19,263 इकाई के रिकॉर्ड स्तर पर

लग्जरी कार कंपनी बीएमडब्ल्यू इंडिया की 2022 में भारत में लग्जरी कारों और मोटरसाइकिल की बिक्री अपने रिकॉर्ड स्तर 19,263 इकाई पर पहुंच गई. बीएमडब्लयू ग्रुप इंडिया ने बयान में कहा कि पिछले साल बीएमडब्ल्यू और मिनी दोनों ब्रांड की कारों की ग्राहकों को आपूर्ति 35 प्रतिशत बढ़कर 11,981 इकाई रही. यह इसकी अबतक की सर्वाधिक बिक्री रही. इस दौरान बीएमडब्ल्यू इंडिया की बिक्री 37 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 11,268 इकाइयों पर पहुंच गई. वहीं, मिनी इंडिया की बिक्री भी 11 प्रतिशत बढ़कर 713 इकाई हो गई.

शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 126 अंक और चढ़ा

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को नये वर्ष के दूसरे कारोबारी दिन भी तेजी बनी रही और बीएसई सेंसेक्स 126 अंक से अधिक के लाभ में रहा. वैश्विक बाजारों में कुल मिलाकर मजबूत रुख का घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 126.41 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 61,294.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 61,343.96 अंक तक गया और नीचे में 61,004.04 तक आया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 35.10 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,232.55 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के शेयरों में एक्सिस बैंक, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, विप्रो, नेस्ले इंडिया और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से लाभ में रहे.

ई-बसों की निविदा में निकली कीमत डीजल के मुकाबले 29 फीसदी कम

सार्वजनिक क्षेत्र की कनवर्जेन्स एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) ने मंगलवार को कहा कि 6,465 इलेक्ट्रिक बसों के लिए जो कीमत निकली है, वह डीजल बसों की परिचालन लागत से 29 फीसदी कम है. बिजली मंत्रालय के चार उपक्रमों के संयुक्त उद्यम एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) की पूर्ण अनुषंगी सीईएसएल ने बयान में कहा कि इस एकीकृत निविदा में देश के छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली, तेलंगाना, हरियाणा, सूरत (गुजरात), केरल और अरुणाचल प्रदेश में इलेकट्रिक वाहनों की मांग शामिल है. राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक बस कार्यक्रम (एनईबीपी) के तहत यह पहली निविदा है. शहर के भीतर (इंटरासिटी) परिचालन के लिए 12 मीटर बस के लिए सबसे कम कीमत 54.3 रुपये प्रति किलोमीटर सामने आई. वहीं, एक शहर से दूसरे शहर (इंटरसिटी) के लिए 12 मीटर बस को लेकर मूल्य 39.8 रुपये किलोमीटर निकला.

रेटगेन ट्रैवल्स करेगी अमेरिकी कंपनी अडारा का अधिग्रहण

सॉफ्टवेयर सेवाप्रदाता रेटगेन ट्रैवल्स अमेरिका की उपभोक्ता आसूचना सूचना प्रौद्योगिकी फर्म अडारा इंक का 1.61 करोड़ डॉलर में अधिग्रहण करेगी. कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. रेटगेन ने बीएसई को दी गई सूचना में कहा कि यह पूरा लेनदेन नकद में होगा. उसने परिसंपत्ति खरीद समझौता के क्रियान्वयन की तारीख से एक महीने के भीतर इस अधिग्रहण के पूरा हो जाने की उम्मीद जताई है. कंपनी ने कहा कि यह अधिग्रहण उपभोक्ताओं को जोड़ने एवं वॉलेट साझा विस्तार पर केंद्रित एकीकृत मंच रेवमैक्स बनाने की संकल्पना के अनुरूप है. इससे यात्रा की मंशा से संबंधित आंकड़ों का व्यापक स्रोत तैयार करने में मदद मिलेगी. वर्ष 2009 में स्थापित अडारा इंक यात्रा एवं आतिथ्य से जुड़ी अग्रणी कंपनियों को उपभोक्ताओं के संभावित रुख के बारे में जानकारी मुहैया कराती है.

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने आवासीय परियोजना के लिए गुड़गांव में नौ एकड़ जमीन खरीदी

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने हरियाणा के गुड़गांव में नौ एकड़ जमीन खरीदी है. उसका अनुमान है कि यहां आवासीय परियोजना के विकास से उसे 2,500 करोड़ रुपये का बिक्री राजस्व मिलेगा. कंपनी ने 29 दिसंबर को शेयर बाजारों को इस बारे में सूचित किया. हालांकि, सौदे के मूल्य के बारे में जानकारी नहीं दी गई. बाजार सूत्रों के अनुसार, गोदरेज प्रॉपर्टीज ने यह नौ एकड़ जमीन 300 करोड़ रुपये में खरीदी थी. इसमें बताया गया कि इस भूमि पर 16 लाख वर्गफुट की आवासीय परियोजना का विकास किया जाएगा. परियोजना का अनुमानित राजस्व करीब 2,500 करोड़ रुपये होगा. यह जगह रणनीतिक रूप से गोल्फ कोर्स रोड एक्सटेंशन से आसान पहुंच के साथ स्थित है, जिसे दक्षिणी पेरिफेरल रोड भी कहा जाता है. गोदरेज प्रॉपर्टीज के कार्यकारी चेयरमैन पिरोजशा गोदरेज ने पिछले साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि कंपनी भविष्य में परियोजनाओं के विकास पर एक अरब डॉलर का निवेश करेगी. कंपनी सीधे या भूस्वामियों के साथ भागीदारी में आक्रामक तरीके से जमीन के टुकड़ों का अधिग्रहण कर रही है.

बैंक ऑफ महाराष्ट्र की दिसंबर तिमाही में ऋण वृद्धि 21.81 फीसदी रही

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) का चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दिसंबर, 2022 को समाप्त तीसरी तिमाही में कर्ज 21.81 प्रतिशत बढ़कर 1.57 लाख करोड़ रुपये हो गया. बैंक ने मंगलवार को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में यह बताया. बैंक का 31 दिसंबर, 2021 के अंत में बकाया ऋण 1.29 लाख करोड़ रुपये था. आलोच्य अवधि में बैंक की जमा राशि 11.69 प्रतिशत बढ़कर लगभग 2.08 लाख करोड़ रुपये हो गई, यह इससे एक साल पहले की समान अवधि में 1.86 लाख करोड़ रुपये रही थी. इस दौरान चालू खाता, बचत खाता (कासा) कुल जमा राशि का 52.50 प्रतिशत रहा.

विज्ञापन
विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola