Gold Price Today: अक्षय तृतीया पर खरीदना है सोना तो जल्दी करें, भागने लगा है दाम

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :03 May 2024 9:41 AM (IST)
विज्ञापन
Gold Price

Gold Price

Gold Price Today: अक्षय तृतीया के दिन शादी का लग्न होने के कारण गहनों की बिक्री भी बढ़ जाती है. अगर आप भी अक्षय तृतीया पर सोना या सोने के गहने खरीदने का प्लान बना रहे हों, तो अभी से ही बुक करा दें, अन्यथा उस दिन खरीद करने पर सौदा महंगा हो जाएगा.

विज्ञापन

Gold Price Today: अक्षय तृतीया 10 मई 2024 दिन शुक्रवार को है और इसके पहले से ही देश के सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतें तेजी से बढ़ने लगी हैं. हालांकि, शादी-ब्याह के सीजन में सोना-चांदी के भाव तो बढ़ते ही हैं, लेकिन अक्षय तृतीया के आते-आते इसमें कुछ अधिक बढ़ोतरी हो जाती है. दूसरी ओर, अक्षय तृतीया के दिन शादी का लग्न होने के कारण गहनों की बिक्री भी बढ़ जाती है. अगर आप भी अक्षय तृतीया पर सोना या सोने के गहने खरीदने का प्लान बना रहे हों, तो अभी से ही बुक करा दें, अन्यथा उस दिन खरीद करने पर सौदा महंगा हो जाएगा.

दिल्ली में सोना 500 रुपये महंगा

एचडीएफसी सिक्योरिटीज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत की बात की जाए, तो गुरुवार को बाजार बंद होने से पहले सोना 500 रुपये की मजबूती के साथ 72,350 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, बुधवार को यह सोना 71,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था. वहीं, दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत भी 400 रुपये मजबूत होकर 83,500 रुपये प्रति किलो हो गई. इससे पहले, बुधवार को यह 83,100 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी.

वायदा बाजार में भी सोना महंगा

वहीं, सोना वायदा बाजार में भी गुरुवार को महंगा हो गया. मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली किए जाने से वायदा कारोबार में सोने की कीमत 188 रुपये की तेजी के साथ 70,913 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 188 रुपये यानी 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 70,913 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. इसमें 18,568 लॉट का कारोबार हुआ. बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से सोना वायदा कीमतों में तेजी आई.

वायदा बाजार में चांदी सस्ती

वहीं, वायदा बाजार में चांदी के दाम में गिरावट देखी गई. कमजोर हाजिर मांग के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 127 रुपये की गिरावट के साथ 81,100 रुपये प्रति किग्रा रह गया. मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 127 रुपये यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,100 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी के भाव

इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोना 2,304 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 16 डॉलर ऊंचा है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी भी बढ़त के साथ 26.45 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. पिछले कारोबार में यह 26.39 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी.

Petrol-Diesel Price: पेट्रोल-डीजल के दामों में हुआ बदलाव, जानें अपने शहर का प्राइस

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशों में नरमी के रुख के बीच दिल्ली में हाजिर सोना (24 कैरेट) 72,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 500 रुपये अधिक है. वहीं, एलकेपी सिक्योरिटीज में जिंस एवं मुद्रा विभाग के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषक) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि निवेशक अब गैर-कृषि पेरोल और बेरोजगारी आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे सर्राफा कीमतों की दिशा के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है.

ये म्यूचुअल फंड स्कीम हैं या एटीएम मशीन! रिटर्न देने में कभी रुकती ही नहीं

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola