ये क्या! गौतम अदाणी को मिलती है इतनी कम सैलरी
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 08 Jun 2025 12:39 PM
Gautam Adani
Gautam Adani Net Worth : गौतम अदाणी को 2024-25 में 10.41 करोड़ रुपये का वेतन मिला है. कंपीटीटर के मुकाबले यह काफी कम है. अदाणी का वेतन उनके ग्रुप की कंपनियों के कम से कम एक-दो मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी कम है.
Gautam Adani Net Worth : भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्स गौतम अदाणी को 31 मार्च, 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में कुल 10.41 करोड़ रुपये वेतन मिला. यह राशि उद्योग के उनके अधिकांश कंपीटीटर और उनके अपने प्रमुख अधिकारियों से कम है. ग्रुप की सूचीबद्ध संस्थाओं की ताजा वार्षिक रिपोर्ट से पता चला कि 62 साल के अदाणी ने बंदरगाहों से लेकर एनर्जी तक फैले अपने कारोबारी समूह की नौ सूचीबद्ध कंपनियों में सिर्फ दो से वेतन लिया. उनका कुल पारिश्रमिक 2023-24 में अर्जित 9.26 करोड़ रुपये के मुकाबले 2024-25 में 12 प्रतिशत अधिक था.
किस ग्रुप से कितने पैसे लिए अदाणी ने
ग्रुप की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) से 2024-25 के लिए उनके पारिश्रमिक में 2.26 करोड़ रुपये का वेतन और 28 लाख रुपये के भत्ते, सुविधाएं और अन्य लाभ शामिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) से 7.87 करोड़ रुपये लिये. इसमें 1.8 करोड़ रुपये वेतन और 6.07 करोड़ रुपये कमीशन के तौर पर मिले.
मुकेश अंबानी नहीं लेते वेतन
अदाणी का वेतन भारत में लगभग सभी बड़े परिवार के स्वामित्व वाले समूहों के प्रमुखों से कम है. हालांकि सबसे धनी भारतीय मुकेश अंबानी कोविड-19 महामारी फैलने के बाद से वेतन नहीं ले रहे हैं. अदाणी का पारिश्रमिक दूरसंचार कारोबारी सुनील भारती मित्तल (2023-24 में 32.27 करोड़ रुपये), राजीव बजाज (2023-24 में 53.75 करोड़ रुपये), पवन मुंजाल (2023-24 में 109 करोड़ रुपये), एलएंडटी के चेयरमैन एस एन सुब्रह्मण्यन (2024-25 में 76.25 करोड़ रुपये) और इंफोसिस के सीईओ सलिल एस पारेख (2024-25 में 80.62 करोड़ रुपये) से काफी कम है.
इनसे भी कम है अदाणी का वेतन
अदाणी का वेतन उनके ग्रुप की कंपनियों के कम से कम एक-दो मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से कम है. एईएल के सीईओ विनय प्रकाश को 69.34 करोड़ रुपये मिले. प्रकाश के पारिश्रमिक में चार करोड़ रुपये का वेतन और 65.34 करोड़ रुपये के भत्ते तथा अन्य प्रोत्साहन शामिल हैं. इसी तरह अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) के प्रबंध निदेशक विनीत एस जैन को 11.23 करोड़ रुपये मिले, जबकि समूह सीएफओ जुगेशिंदर सिंह ने वित्त वर्ष 2024-25 में 10.4 करोड़ रुपये कमाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










