सात दिन बाद शेयर बाजारों में मंगल ही मंगल, खुशी में सेंसेक्स ने लगायी 480 अंकों की लंबी छलांग

Author : KumarVishwat Sen Published by : Prabhat Khabar Updated At : 03 Mar 2020 5:14 PM

विज्ञापन

घरेलू शेयर बाजारों में कोरोना वायरस के कहर से बीते सात दिनों से गिरावट का सिलसिला जारी था, जो मंगलवार को रुक गया. कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स ने 480 अंकों की लंबी छलांग लगाकर खुशी मनायी.

विज्ञापन

मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार सात दिन के गिरावट पर ब्रेक लग गया. वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लाभ से शेयर बाजारों में सात कारोबारी सत्रों से चले आ रहे गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लगा है. इस खुशी में सेंसेक्स 480 अंक की लंबी छलांग लगा गया.

बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 479.68 अंक या 1.26 फीसदी की बढ़त के साथ 38,623.70 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर लाभ में रहे. इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 170.55 अंक या 1.53 फीसदी की बढ़त के साथ 11,303.30 अंक पर पहुंच गया.

सेंसेक्स की कंपनियों में सनफार्मा, टाटा स्टील, ओएनजीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और पावरग्रिड लाभ में रहे. वहीं, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर में गिरावट आयी. रिजर्व बैंक ने दिन में कहा कि वह वैश्विक के अलावा जानलेवा कोरोना वायरस की वजह से बनी घरेलू स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.

केंद्रीय बैंक ने कहा कि वह वित्तीय बाजारों में सुगमता से कामकाज को सुनिश्चित करने को आवश्यक कदम उठाने को तैयार है. नीति-निर्माताओं की ओर से प्रोत्साहन की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजारों में भी तेजी रही. चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे. वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की नीचे आये. शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार दो फीसदी की बढ़त के साथ खुले.

ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 2.93 फीसदी की बढ़त के साथ 53.42 डॉलर प्रति बैरल पर था. अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में दिन में कारोबार के दौरान रुपया 40 पैसे टूटकर 73.16 प्रति डॉलर पर चल रहा था.

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola