Coal India की यूनिट CMPDI का IPO खुला, निवेश के लिए 24 मार्च तक है मौका

सीएमपीडीआई आईपीओ डे 1 (Photo: Freepik)
CMPDI IPO Day 1:Coal India की यूनिट CMPDI का IPO आज से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है. जानिए अलॉटमेंट की तारीख, लॉट साइज और ग्रे मार्केट प्रीमियम क्या है.
CMPDI IPO Day 1: अगर आप शेयर बाजार में निवेश करने का मौका ढूंढ रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है. कोल इंडिया (Coal India) की सहायक कंपनी Central Mine Planning and Design Institute (CMPDI) का IPO आज यानी शुक्रवार, 20 मार्च से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है. यह सरकारी कंपनी माइनिंग और डिजाइनिंग के क्षेत्र में कंसल्टेंसी का काम करती है.
IPO की कीमत और तारीखें क्या हैं?
कंपनी ने इस IPO के लिए 163 रुपये से 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. आप इसमें 20 मार्च से 24 मार्च तक पैसा लगा सकते हैं. शेयर्स का अलॉटमेंट 25 मार्च को होगा और जिन्हें शेयर नहीं मिलेंगे, उन्हें 27 मार्च तक रिफंड मिल जाएगा. कंपनी के शेयर 30 मार्च को बाजार में लिस्ट होंगे.
कितना पैसा जुटा रही है कंपनी?
CMPDI इस IPO के जरिए 1,842.12 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. खास बात यह है कि यह पूरा इश्यू ‘ऑफर फॉर सेल’ (OFS) है. इसका मतलब है कि सरकार अपनी हिस्सेदारी बेच रही है और कंपनी को कोई नया फंड नहीं मिलेगा. इस IPO में कम से कम एक लॉट यानी 80 शेयर्स के लिए बोली लगानी होगी, जिसके लिए ऊपरी कीमत के हिसाब से आपको 13,760 रुपये निवेश करने होंगे.
ग्रे मार्केट में क्या चल रहा है भाव?
बाजार के जानकारों के मुताबिक, CMPDI के शेयर अभी से ग्रे मार्केट में हलचल मचा रहे हैं. फिलहाल इसका GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) 4 रुपये चल रहा है. यानी 172 रुपये के मुकाबले यह 176 रुपये पर ट्रेड कर रहा है. हालांकि यह मुनाफा कम दिख रहा है, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए कंपनी का बैकग्राउंड काफी मजबूत है.
कौन-कौन से बड़े खिलाड़ी हैं साथ?
IPO खुलने से पहले ही दिग्गजों ने इस पर भरोसा जताया है. कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स से 469.74 करोड़ रुपये जुटाए हैं. इसमें LIC, ICICI प्रूडेंशियल, निप्पॉन इंडिया और गोल्डमैन सैक्स जैसे बड़े नाम शामिल हैं. कंपनी ने 35% हिस्सा आम जनता (रिटेल इन्वेस्टर्स) के लिए रिजर्व रखा है.
ये भी पढ़ें: कच्चे तेल की आग में झुलसा दलाल स्ट्रीट, सेंसेक्स और निफ्टी में ऐतिहासिक गिरावट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










