Business News: बीते वित्त वर्ष में परिवारों पर कर्ज का बोझ हुआ दोगुना, बचत हुई आधी
Business News: ग्लोबल मार्केट से मिल रहे कमजोर संकेतों के बीच आज फिर भारतीय शेयर बाजार की शुरूआत खराब हो सकती है. सुबह से एशिया के बाजारों में नरमी देखने को मिल रहा है. गिफ्ट निफ्टी भी 100 अंक फिसलकर कारोबार कर रहा है. वहीं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त कमेंट्री से ग्लोबल बाजारों से कमजोर संकेत मिल रहे हैं. S&P 500 इंडेक्स तो नैस्डैक कल डेढ़ परसेंट से ज्यादा फिसला गया. इससे पहले बुधवार को भारतीय बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 796 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66,800.84 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 868.7 अंक तक लुढ़क गया था.
बीते वित्त वर्ष में परिवारों पर कर्ज का बोझ हुआ दोगुना, बचत हुई आधी
पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में परिवारों की शुद्ध वित्तीय बचत करीब 55 प्रतिशत गिरकर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 5.1 प्रतिशत पर आ गई, जबकि इन परिवारों पर कर्ज को बोझ दोगुना से भी अधिक होकर 15.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. नवीनतम आधिकारिक आंकड़ों के विश्लेषण से यह जानकारी मिली है. एसबीआई रिसर्च की विश्लेषणात्मक रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू बचत से निकासी का एक बड़ा हिस्सा भौतिक संपत्तियों में चला गया है और 2022-23 में इनपर कर्ज भी 8.2 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया. इनमें से 7.1 लाख करोड़ रुपये आवास ऋण एवं अन्य खुदरा कर्ज के रूप में बैंकों से लिया गया है. पिछले वित्त वर्ष में घरेलू बचत गिरकर जीडीपी के 5.1 प्रतिशत पर सिमट गई, जो पिछले पांच दशक में सबसे कम है. वित्त वर्ष 2020-21 में घरेलू बचत जीडीपी के 11.5 प्रतिशत के बराबर थी, जबकि महामारी से पहले 2019-20 में यह 7.6 प्रतिशत थी. सामान्य सरकारी वित्त और गैर-वित्तीय कंपनियों के लिए कोष जुटाने का सबसे महत्वपूर्ण जरिया घरेलू बचत ही होती है. ऐसे में परिवारों की बचत का गिरना चिंता का विषय हो सकता है.
तीसरे दिन भारतीय बाजार में बिकवाली, निवेशकों के 5.4 लाख करोड़ डूबे
भारतीय बाजार में लगातार तीसरे दिन बिकवाली का दौर जारी रहा. कारोबार के अंत में BSE सेंसेक्स 570.60 अंक की गिरावट के साथ 66,230.24 के स्तर पर बंद हुआ. जबकि, निफ्टी 159.05 अंक की गिरावट के साथ 19742.35 के स्तर पर बंद हुआ. इस दौरान निवेशकों के करीब 5.4 लाख करोड़ डूब गए.
टाटा पावर रिन्यूएबल ने नेपाल के बाजार में जमाया पैर, डुगर पावर से किया करार
नवीकरणीय समाधान प्रदाता कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी (टीपीआरईएल) ने नेपाल में नवीकरणीय ऊर्जा उद्यम को गति देने के लिए स्थानीय कंपनी डुगर पावर के साथ समझौता किया है. टाटा पावर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. कंपनी ने बयान में कहा कि यह गठजोड़ नेपाल के तेजी से विकसित हो रहे नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में टीपीआरईएल के रणनीतिक प्रवेश की शुरुआत है और स्थायी ऊर्जा की ओर नेपाल के बदलाव को गति देने में एक लंबी छलांग के लिए मंच तैयार करता है. बयान के अनुसार, टीपीआरईल ने नेपाल के प्रमुख औद्योगिक समूह डुगर की अनुषंगी इकाई डुगर पावर प्राइवेट लिमिटेड (डुगर पावर) के साथ करार किया है. यह साझेदारी ऑन और ऑफ-ग्रिड ऊर्जा समाधानों की एक श्रृंखला का उत्पादन करने और क्षेत्र में ऊर्जा स्थिरता के लिए दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की शुरुआत करने के लिए परिवर्तनकारी सौर प्रौद्योगिकियों के लिए तैयार है. यह समझौता नेपाल की विविध ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजायन किया गया है.
अगस्त में कृषि, ग्रामीण श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई में मामूली रूप से हुई कम
कृषि श्रमिकों और ग्रामीण मजदूरों के लिए खुदरा मुद्रास्फीति इस साल अगस्त में पिछले महीने की तुलना में मामूली रूप से घटकर क्रमश: 7.37 प्रतिशत और 7.12 प्रतिशत पर आ गई. श्रम मंत्रालय के अनुसार, सीपीआई-एएल (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक-कृषि मजदूर) और सीपीआई-आरएल (ग्रामीण मजदूर) पर आधारित मुद्रास्फीति की ‘पॉइंट-टू-पॉइंट’ दर अगस्त 2023 में 7.37 प्रतिशत तथा 7.12 प्रतिशत थी, जबकि जुलाई 2023 में यह क्रमश: 7.43 प्रतिशत तथा 7.26 प्रतिशत थी. अगस्त 2022 में सीपीआई-एएल 6.94 प्रतिशत और सीपीआई-आरएल 7.26 प्रतिशत रही. अगस्त में खाद्य मुद्रास्फीति 8.89 प्रतिशत (एएल) और 8.64 प्रतिशत (आरएल) रही, जबकि जुलाई 2023 में यह 8.88 प्रतिशत तथा 8.63 प्रतिशत थी. एक साल पहले समान माह में 6.16 प्रतिशत और 6.21 प्रतिशत थी. अगस्त 2023 में अखिल भारतीय सीपीआई-एएल और सीपीआई-आरएल क्रमशः नौ अंक और आठ अंक बढ़कर 1,224 अंक तथा 1,234 अंक पर पहुंच गए. पिछले महीने में सीपीआई-एएल और सीपीआई-आरएल क्रमशः 1,215 अंक तथा 1,226 अंक पर थे.
लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस ने पराग वेद को नियुक्त किया सीईओ
लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस ने पराग वेद को अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) और बोर्ड का निदेशक नियुक्त करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की. पराग वेद लिबर्टी के साथ जुड़ने से पहले टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस में ‘कंज्यूमर लाइन’ के अध्यक्ष रहे चुके हैं. लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार वेद के पास बीमा उद्योग में दो दशकों से अधिक का अनुभव है. वह आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस सहित कई संगठनों में वरिष्ठ पदों पर सेवाएं दे चुके हैं. रूपम अस्ताना के सेवानिवृत्त होने पर वेद उनकी जगह लेंगे. लिबर्टी जनरल इंडिया की स्थापना 2013 में की गई. अभी 28 राज्यों में 100 स्थानों पर उपस्थिति के साथ उसके कर्मचारियों की संख्या 1,100 से अधिक है.
‘इंटरनेशनल कांग्रेस ऑन द केमिस्ट्री ऑफ सीमेंट’ 2027 की मेजबानी करेगा भारत
भारत ‘इंटरनेशनल कांग्रेस ऑन द केमिस्ट्री ऑफ सीमेंट’ (आईसीसीसी) 2027 की मेजबानी करेगा. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. आईसीसीसी की मेजबानी हासिल करने की दौड़ में भारत के अलावा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और स्विजरलैंड भी शामिल थे. उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के अनुसार, भारत के अग्रणी अनुसंधान एवं शैक्षणिक संस्थान, नेशनल काउंसिल फॉर सीमेंट एंड बिल्डिंग मैटेरियल्स (एनसीसीबीएम) ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के साथ मिलकर बैंकॉक (थाईलैंड) में चल रहे 16वें आईसीसीसी के दौरान सम्मेलन की संचालन समिति के सदस्यों के समक्ष भारत की दावेदारी सफलतापूर्वक पेश की. आधिकारिक बयान के अनुसार, भारत को मेजबानी मिलने की घोषणा 20 सितंबर 2023 को बैंकॉक में की गई.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए