ePaper

भारत में SMB के डिजिटाइजेशन पर एक अरब डॉलर खर्च करेगी Amazon

Updated at : 15 Jan 2020 4:39 PM (IST)
विज्ञापन
भारत में SMB के डिजिटाइजेशन पर एक अरब डॉलर खर्च करेगी Amazon

नयी दिल्ली : दुनिया की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने भारत के लघु एवं मझोले उपक्रमों (एसएमबी) को डिजिटल बनाने पर एक अरब डॉलर (7,000 करोड़ रुपये) का निवेश करने की घोषणा की है. इससे लघु एवं मझोले उपक्रम ऑनलाइन अपने उत्पाद बेच सकेंगे. अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस ने बुधवार को यहां लघु एवं […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : दुनिया की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने भारत के लघु एवं मझोले उपक्रमों (एसएमबी) को डिजिटल बनाने पर एक अरब डॉलर (7,000 करोड़ रुपये) का निवेश करने की घोषणा की है. इससे लघु एवं मझोले उपक्रम ऑनलाइन अपने उत्पाद बेच सकेंगे. अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस ने बुधवार को यहां लघु एवं मझोले उपक्रमों पर आयोजित अमेजन संभव सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की.

इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी वैश्विक पहुंच के जरिये 2025 तक 10 अरब डॉलर के ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों का निर्यात करेगी. दो दिन के इस सम्मेलन में इस बात पर चर्चा की जायेगी कि कैसे लघु एवं मझोले उपक्रमों को प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूक किया जा सकता है. इससे पहले, ऑनलाइन खुदरा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी भारत में 5.5 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जता चुकी है. अमेरिका के बाहर भारत अमेजन के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजार है.

बेजोस ने कहा कि हम भारत के साथ दीर्घावधि की भागीदारी को प्रतिबद्ध हैं. हम बोलने से अधिक काम करने में विश्वास करते हैं. उन्होंने कहा कि अगले पांच साल के दौरान देश के सूक्ष्म और लघु उपक्रमों को डिजिटल करने पर एक अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेगी. उससे ऐसे उपक्रम अधिक ग्राहकों तक अपने सामान पहुंचा सकेंगे.

बेजोस ने कहा कि इस पहल के लिए अमेजन की वैश्विक पहुंच का लाभ उठाकर भारत से 2025 तक 10 अरब डॉलर का निर्यात किया जायेगा. बेजोस ने कहा कि इसका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को भारत की समृद्धि में भागीदार बनाना है. हम यह घोषणा इस समय इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि यह काम कर रहा है. जब कुछ काम करता हैं, तो आप उस पर दोगुना प्रयास कर सकते हैं. यही वजह है कि हम ऐसा कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि अमेजन का मानना है कि इस निवेश से लाखों लोगों को देश की भविष्य की समृद्धि का हिस्सा बनाया जा सकेगा. साथ ही, दुनियाभर के सामने मेक इन इंडिया उत्पाद पहुंचाए जा सकेंगे. कंपनी ने इससे पहले कहा था कि उसका अनुमान है कि उसके वैश्विक बिक्री कार्यक्रम के तहत ई-कॉमर्स निर्यात 2023 तक पांच अरब डॉलर पर पहुंच जायेगा.

बेजोस तीन दिन की भारत यात्रा पर हैं. वह मंगलवार को महात्मा गांधी की समाधि राजघाट गये थे. बेजोस ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी. अमेजन के संस्थापक ने कहा कि 21वीं सदी में भारत-अमेरिका गठजोड़ सबसे महत्वपूर्ण होगा. बेजोस अपनी भारत यात्रा के दौरान शीर्ष सरकारी अधिकारियों, उद्योगपतियों और एसएमबी उद्यमियों के साथ मुलाकात करेंगे.

बेजोस ऐसे समय भारत यात्रा पर आये हैं, जबकि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा दी जाने वाली भारी छूट और अन्य चीजों की जांच का आदेश दिया है. वहीं, छोटे दुकानदार ऑनलाइन कंपनियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. व्यापारियों के प्रमुख संगठन कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने कहा है कि बेजोस की भारत यात्रा के दौरान वह देशभर के 300 शहरों में विरोध प्रदर्शन करेगा.

पिछले साल सरकार ने विदेशी निवेश वाली ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए नियमों को कड़ा किया था. इनके तहत ऐसी कंपनियों के ऐसे विक्रेताओं के उत्पाद बेचने पर रोक लगायी गयी थी, जिसमें उनकी हिस्सेदारी है. इसके अलावा, विशिष्ट विपणन करार पर भी रोक लगायी गयी थी. इसके बाद अमेजन ने अपने संयुक्त उद्यमों का पुनर्गठन किया था, ताकि अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके. समझा जाता है कि बेजोस विभिन्न सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक में ये मुद्दे उठायेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola