ePaper

सेंसेक्स का दूसरे दिन लगातार रिकॉर्ड स्तर पर, निफ्टी 11,700 अंक के पार

Updated at : 28 Aug 2018 6:44 PM (IST)
विज्ञापन
सेंसेक्स का दूसरे दिन लगातार रिकॉर्ड स्तर पर, निफ्टी 11,700 अंक के पार

मुंबई : शेयर बाजार मंगलवार को लगातार दूसरे दिन नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए. विदेशी कोषों के ताजा प्रवाह तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक तथा मारुति-सुजुकी के शेयरों में सतत लिवाली से बाजार में तेजी रही. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 202.52 अंक या 0.52 फीसदी की बढ़त के साथ […]

विज्ञापन

मुंबई : शेयर बाजार मंगलवार को लगातार दूसरे दिन नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए. विदेशी कोषों के ताजा प्रवाह तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक तथा मारुति-सुजुकी के शेयरों में सतत लिवाली से बाजार में तेजी रही. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 202.52 अंक या 0.52 फीसदी की बढ़त के साथ 38,896.63 अंक के नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 46.55 अंक या 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ पहली बार 11,700 अंक के पार 11,738.50 अंक पर बंद हुआ. अमेरिका और मेक्सिको के बीच व्यापार करार से निवेशकों में उत्साह बना हुआ था.

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका-मेक्सिको करार की वजह से वैश्विक बाजारों में तेजी रही, जिससे घरेलू शेयर बाजार भी नयी ऊंचाई पर पहुंच गये. अमेरिका-मेक्सिको करार के बाद वॉल स्ट्रीट के एक और रिकॉर्ड बनाने से अन्य एशियाई और यूरोपीय बाजारों में भी मजबूती का रुख रहा. अगस्त महीने के डेरिवेटिव निपटान से पहले भागीदारों की शॉर्ट कवरिंग से भी बाजार की तेजी को समर्थन मिला. धातु, ऊर्जा, वाहन और बिजली कंपनियों के शेयरों में लिवाली से भी बाजार नयी ऊंचाई पर पहुंचे.

सेंसेक्स की कपनियों में अडाणी पोर्ट्स और वेदांता सबसे अधिक 2.2 फीसदी चढ़ गये. खुले तेल एवं गैस क्षेत्र की पहली नीलामी में वेदांता को 55 में से 41 ब्लॉक मिले हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर मंगलवार को 1,300 रुपये के स्तर को पार कर 1,323 रुपये के उच्चस्तर पर पहुंचा. अंत में यह 2.06 फीसदी की बढ़त के साथ 1,318.20 रुपये पर बंद हुआ. अन्य कंपनियों में टाटा स्टील, एनटीपीसी, कोटक बैंक, कोल इंडिया, टीसीएस, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प और महिंद्रा एंड महिंद्रा भी लाभ में रहे.

वहीं, यस बैंक का शेयर 3.07 फीसदी टूट गया. एसबीआई में 1.07 फीसदी का नुकसान रहा. हिंद यूनिलीवर, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी लिमिटेड, इंडसइंड बैंक, बजाज ऑटो, विप्रो, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड तथा सनफार्मा में भी नुकसान रहा. बीएसई स्मॉलकैप 0.36 फीसदी चढ़ा. हालांकि, स्मॉलकैप में 0.35 फीसदी की गिरावट आयी.

एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग 0.28 फीसदी, जापान का निक्की 0.06 फीसदी चढ़ा. शंघाई कम्पोजिट में 0.10 फीसदी की गिरावट आयी. शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार ऊपर चल रहे थे. इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 252.52 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,117.24 करोड़ रुपये की लिवाली की.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola