ePaper

इन 10 चीजों से भी आधार को लिंक करना है जरूरी, आप भी जानें, नहीं तो अटक जायेंगे काम

Updated at : 04 Nov 2017 8:01 AM (IST)
विज्ञापन
इन 10 चीजों से भी आधार को लिंक करना है जरूरी, आप भी जानें, नहीं तो अटक जायेंगे काम

नयी दिल्ली : आधार कार्ड की अहमियत दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है. बैंक अकाउंट से लेकर हवाई यात्रा करने तक लोगों को आधार की आवश्‍यकता होती है. इस खबर के माध्यम से आपको हम यह जानकारी देने का प्रयास कर रहे हैं कि किन-किन सरकारी योजनाओं और अन्य अहम दस्तावेंजों के साथ आधार कार्ड […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : आधार कार्ड की अहमियत दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है. बैंक अकाउंट से लेकर हवाई यात्रा करने तक लोगों को आधार की आवश्‍यकता होती है. इस खबर के माध्यम से आपको हम यह जानकारी देने का प्रयास कर रहे हैं कि किन-किन सरकारी योजनाओं और अन्य अहम दस्तावेंजों के साथ आधार कार्ड को लिंक कराना आवश्‍यक है, अन्यथा आपके काफी सारे काम अटक सकते हैं…

पैन को आधार से लिंक करना

सरकार ने आधार को पैन से लिंक करवाने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है. यह पहले 31 अगस्त निर्धारित की गयी थी. यह काम एसएमएस के माध्‍यम से भी किया जा सकता है. इसके लिए अपने फोन से बड़े अक्षरों में यूआईडीपीएएन के बाद खाली जगह छोड़कर अपनी आधार संख्या और फिर उसके बाद अपनी पैन संख्या को लिखकर 567678 या 56161 पर एसएमएस सेंड करना होगा.

बैंक एकाउंट से आधार जोड़ना आवश्‍यक

सरकार ने अब बैंकों सहित तमाम वित्तीय संस्थानों के लिए यह जरूरी कर दिया है कि वो अपने खाताधारकों के आधार को वैरिफाई करें और उसे उनके बैंक खातों के साथ लिंक करवाने का प्रयास करें. 1 जून 2017 को जारी की गयी अधिसूचना के अनुसार ऐसा करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2017 निर्धारित की गयी है. यही नहीं जिन खातों को आधार के साथ लिंक नहीं कराया जाएगा उसे इस तारीख के बाद विवरण अपडेट किये जाने तक निष्क्रिय किया जा सकता है. इस निर्देश का पालन करने के लिए अब बैंक अपने ग्राहकों (खाताधारकों) से उनका आधार कार्ड बैंक खातों से लिंक करवाने का आग्रह कर रहे हैं.

मोबाइल नंबर से आधार को लिंक करना

सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार अब सभी मोबाइल नंबर को आधार से लिंक करना आवश्‍यक है. क्रिमिनल्स, फ्रॉड और आतंकवादी गलत तरीके से सिम का प्रयोग न करें इसके लिए यह किया जा रहा है. फरवरी 2018 के बाद उन सभी नंबर्स को बंद कर दिया जाएगा जो आधार से लिंक नहीं करवाये गये होंगे.

सरकारी योजनाओं के लिए भी अब आधार

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार लिंक करवाना अब जरूरी होने जा रहा है. लिंक करने की अनिवार्यता की समयसीमा 31 मार्च तक बढ़ा दी जाएगी. पिछले दिनों केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि डाटा प्रोटेक्शन बिल पर सुझाव देने वाली कमेटी की रिपोर्ट आने में अभी कुछ समय लगेगा इसलिए आधार की अनिवार्यता की समयसीमा 31 दिसंबर से बढ़ा कर 31 मार्च करने की योजना है.

पीएफ दावों के जल्द निपटारे के लिए

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने आधार को पीएफ खाते से लिंक कराना जरूरी नहीं किया है, लेकिन लिंक करने से क्लेम के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकता है. इससे दावे का निपटारा पांच दिनों के अंदर हो जाता है जो कि बिना आधार से जोड़ने पर एक महीने का समय ले लेता है.

म्युचुअल फंड निवेश और आधार लिंक

सभी वित्तीय संस्थानों के लिए जिसमें म्युचुअल फंड हाउसेज भी शामिल है, के लिए ग्राहकों के आधार नंबर को एकाउंट से लिंक करना आवश्‍यक कर दिया है. फिलहाल इसे लिंक करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर, 2017 है जिसके बाद निवेशक नया निवेश नहीं कर पाएंगे.

पीडीएस का फायदा लेने के लिए

सार्वजनिक वितरण लाभ लेने के लिए भी अब आधार को जरूरी कर दिया गया है. अब पीडीएस सब्सिडी लाभ पाने के लिए व्यक्तियों को राशन कार्ड के साथ आधार को जोड़ना आवश्‍यक है. यही नहीं केंद्र सरकार की लगभग सभी कल्याणकारी योजनाओं के लिए इसे अनिवार्य बना दिया गया है.

पेंशन एकाउंट और आधार लिंक

इस साल जनवरी में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अनिवार्य रूप से अपने पेंशनधारकों से आधार जमा करने का आग्रह किया है. आधार जमा करने के बाद ही पेंशनधारकों को सोशल सिक्योरिटी स्कीम का लाभ प्राप्त हो सकेगा.

डेथ सर्टिफिकेट के लिए आधार

एक अक्टूबर के बाद किसी का मृत्यु प्रमाण पत्र पाने के लिए अनिवार्य रूप से मृतक का आधार नंबर देना होगा. इसका अर्थ यह है कि परिवार को कोई मुआवजा या भुगतान तभी मिलेगा जब मृतक का आधार नंबर उपलब्ध होगा. इसके लिए केंद्र सरकार ने जरूरी अधिसूचना जारी कर दी है.

ड्राइविंग लाइसेंस और नये वाहन के रजिस्ट्रेशन के लिए भी आधार

सरकार ड्राइविंग लाइसेंस और नये वाहन के रजिस्ट्रेशन को आधार नंबर से लिंक करने का प्लान बना रही है. यह कदम चोरी के वाहनों के नकली लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन पर रोकथाम के लिए सही कदम बताया जा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola