सीवान में स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर सड़क बदहाल, अस्पताल मोड़ से तरवारा मोड़ तक निर्माण कार्य पर उठे सवाल, सड़क टूटने से बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Siwan News: सीवान शहर के अस्पताल मोड़ से तरवारा मोड़ तक चल रहे स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्य को लेकर निर्माण गुणवत्ता और सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं.

विज्ञापन

Siwan News: (विवेक कुमार की रिपोर्ट) सीवान शहर के अस्पताल मोड़ से तरवारा मोड़ तक चल रहे स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्य को लेकर निर्माण गुणवत्ता और सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं. इस मामले में नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने कार्य की तकनीकी जांच कराने और शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग उठाई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

फाउंडेशन की गुणवत्ता पर जताई गई आशंका

जानकारी के अनुसार, बुडको विभाग की ओर से उक्त मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया जा रहा है. लेकिन पोल लगाने के लिए तैयार किए जा रहे फाउंडेशन की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर आशंका व्यक्त की जा रही है. लोगों का कहना है कि फाउंडेशन अपेक्षित मजबूती के अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में पोल के असंतुलित होने या गिरने का खतरा बना रह सकता है.

सड़क खोदे जाने से आवागमन प्रभावित

कार्य के दौरान मुख्य सड़क को कई जगहों पर खोद दिया गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और अव्यवस्था के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है और कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं. लोगों ने जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग की है.

उप मुख्य पार्षद ने की तकनीकी जांच की मांग

नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने पूरे मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सड़क मरम्मत पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी. उन्होंने संबंधित विभाग से कार्य का तकनीकी निरीक्षण कराने और मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होते हैं, लेकिन यदि उसी कार्य से लोगों को परेशानी और खतरा होने लगे तो यह गंभीर विषय है.

सड़क मरम्मत जल्द कराने की मांग

नगर परिषद स्तर से भी सड़क की स्थिति को जल्द दुरुस्त कराने की अपेक्षा जताई गई है, ताकि लोगों का आवागमन सामान्य हो सके. स्थानीय नागरिकों ने भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है.

कार्यपालक अभियंता ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, कार्यपालक अभियंता मिथिलेश राम ने लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सभी कार्य निर्धारित मानकों और तकनीकी निर्देशों के अनुसार कराए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि भूमिगत तार बिछाने के लिए सड़क काटना जरूरी था, ताकि भविष्य में तकनीकी परेशानी न हो. कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत भी कराई जा रही है. कई स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है और शेष जगहों पर भी जल्द काम पूरा कर लिया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

ALSO READ: बहन की शादी में पसरा मातम, बारातियों के स्वागत में निकला भाई बाइक की चपेट में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन