Begusarai news : खेत मजदूर यूनियन का हल्लाबोल: मनरेगा और संविधान बचाने को लेकर धरना; पलायन और रोजगार पर उठाए सवाल
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 21 May 2026 9:49 AM
आंदोलन करते लोग
खेत मजदूर यूनियन के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत बेगूसराय अंचल में 'मनरेगा बचाओ, संविधान बचाओ, देश बचाओ' के नारों के साथ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया.
Begusarai News : (विपिन कुमार मिश्र ) खेत मजदूर यूनियन के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत बेगूसराय अंचल में ‘मनरेगा बचाओ, संविधान बचाओ, देश बचाओ’ के नारों के साथ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया. यह आंदोलन मुख्य रूप से बेगूसराय अंचल के बिनोदपुर और जिनेदपुर पंचायत में आयोजित हुआ. आंदोलन की शुरुआत से पहले अंचल प्रभारी कामरेड इंद्रदेव कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर अंबेडकर चौक रतौली स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
दो अलग-अलग पंचायतों में दिया धरना
बिनोदपुर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड हरे राम पासवान ने की. वहीं दूसरी तरफ, जिनेदपुर पंचायत के नवनिर्मित बिहार सरकार पंचायत भवन के समीप उपसरपंच कामरेड नीरज राय की अध्यक्षता में मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया. दोनों ही जगहों पर बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूर और यूनियन के कार्यकर्ता लाल झंडे के साथ शामिल हुए.
सरकार की नीतियां संविधान की मूल आत्मा के खिलाफ
दोनों कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार अंजान ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भारत का संविधान लोक-कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देता है, लेकिन वर्तमान मोदी सरकार इन योजनाओं को कमजोर करने पर तुली हुई है. मनरेगा का हश्र भी सबके सामने है. पहले इसका नाम बदला गया, फिर केंद्र सरकार ने बजट राशि घटा दी और अब योजना चयन का अधिकार भी मुखिया या आम सभा से छीन लिया गया है. रोजगार के अभाव में लोग पहले से ही दूसरे राज्यों में पलायन कर अपमान का घूंट पी रहे हैं.
स्थानीय उद्योगों में रोजगार न मिलने पर फूटा गुस्सा
अंचल प्रभारी कामरेड इंद्रदेव कुमार ने जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में स्थानीय युवाओं को रोजगार न दिए जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बेगूसराय के उद्योगों के लिए जमीन हमारी ली गई, फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण के रूप में जहर हम ले रहे हैं, तो फिर रोजगार का लाभ बाहरी लोगों को क्यों दिया जा रहा है? उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अपनी जमीन और अपने हक के लिए हमें सत्ता और निजी कंपनियों, दोनों से जनबल की ताकत पर एकजुट होकर लड़ना होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










