Bajaj Pulsar 150 New vs Old: पुराने मॉडल से नई बजाज प्लसर 150 कितनी अलग है? देखें कंपैरिजन
Bajaj Pulsar 150 New vs Old (Pic: Bajaj)
बजाज ने नई पल्सर 150 लॉन्च कर दी है. इस आर्टिकल में इंजन, फ्रेम और फीचर्स के साथ आए इस मॉडल की तुलना पुराने मॉडल से करेंगे. जानें कौन-सी बाइक आपके लिए बेहतर है.
एक लंबे इंतजार के बाद बजाज ने आखिरकार नई क्लासिक पल्सर 150 और पल्सर 125 को लॉन्च कर दिया है. नई पल्सर 150 में नया इंजन, नया फ्रेम और कई नए फीचर्स देखने को मिलते हैं. हालांकि इसमें पुराने मॉडल के कुछ फीचर्स हटाए भी गए हैं. आइए इनके बारे में डिटेल्स में जानते हैं ताकि आप तय कर सकें कि पुराना मॉडल बेहतर था या नया.
Bajaj Pulsar 150 New vs Old: इंजन में बदलाव
| फीचर | नई Bajaj Pulsar 150 | पुरानी Bajaj Pulsar 150 |
| इंजन | 149.5cc, सिंगल-सिलेंडर, ऑयल-कूल्ड | 149.5cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड |
| पावर | 14hp @ 8,000rpm | 14hp @ 8,500rpm |
| टॉर्क | 14.1Nm @ 6,500rpm | 13.2Nm @ 6,500rpm |
| ट्रांसमिशन | 5-स्पीड | 5-स्पीड |
दोनों बजाज मॉडल में 149.5cc का इंजन है, लेकिन दोनों काफी अलग हैं. पुराना इंजन-एयर कूल्ड था, जबकि नया इंजन ऑयल कूलिंग के साथ आता है. पावर पहले जितनी ही है लेकिन यह 500rpm पहले ही मिल जाती है. वहीं इसका टॉर्क पहले से बढ गया है.
इंजन क्षमता समान रहने के बावजूद बजाज का यह सुधार काबिले तारीफ है. कंपनी का दावा है कि बेहतर पावर-टू-वेट रेशियो की वजह से 0-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकडने का समय सुधरा है. हालांकि यह समय कितना कम हुआ है इसकी जानकारी नहीं दी गई है.
Bajaj Pulsar 150 New vs Old: चेसिस, हेडलाइट और सस्पेंशन
नए बदलावों के तहत बजाज ने नई पल्सर 150 के चेसिस और सस्पेंशन सेटअप को भी बदल दिया है. पुराने डुअल-क्रैडल फ्रेम की जगह अब आसान सिंगल-क्रैडल या डायमंड फ्रेम दिया गया है, जिसमें इंजन स्ट्रेस्ड मेम्बर की तरह काम करता है. बजाज का कहना है कि इससे बाइक को बेहतर मजबूती, राइडिंग कंट्रोल और स्टेबिलिटी मिलती है.
सामने का फोर्क पहले की तरह टेलीस्कोपिक ही है, लेकिन पुरानी पल्सर 150 के स्प्लिट सीट मॉडल में 37mm का बडा फोर्क (130mm ट्रैवल) और बेस मॉडल में 31mm फोर्क (135mm ट्रैवल) मिलता था. नए मॉडल में इन दोनों की जगह 33mm का फोर्क और 125mm का ट्रैवल दिया गया है. हालांकि कम ट्रैवल से बाइक के काम पर खास असर नहीं पडेगा. वहीं पीछे के सस्पेंशन में सुधार किया गया है. पुराने ट्विन-शॉक की जगह नया मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है और ट्रैवल 8mm बढाकर 110mm कर दिया गया है. कंपनी का दावा है कि इससे कॉर्नरिंग और सीधी सडक पर स्टेबिलिटी बेहतर होगी.
ये भी पढ़ें: नई Bajaj Pulsar 150 लॉन्च, ₹1.15 लाख कीमत, 5 इंच TFT और मोनोशॉक समेत मिले ये नए अपडेट्स
लाइटिंग सेटअप में भी बदलाव हुआ है. हेडलाइट और टेल-लाइट पहले की तरह LED ही हैं, लेकिन फेयरिंग की डिजाइन में थोडा बदलाव किया गया है. पहले जो LED इंडिकेटर स्टैंडर्ड मिलते थे, वे अब सिर्फ टॉप दो वेरिएंट्स में ही उपलब्ध हैं. इसके अलावा टॉप दो वेरिएंट्स में हैजार्ड लाइट्स और बेली पैन भी स्टैंडर्ड मिलता है.
Bajaj Pulsar 150 New vs Old: व्हील्स, टायर्स और ब्रेक्स
| फीचर | नई Bajaj Pulsar 150 | पुरानी Bajaj Pulsar 150 |
| टायर्स (F, R) | 80/100-17, 100/90-17 | 80/100-17, 100/90-17 (बेस); 90/90-17, 120/80-17 (टॉप) |
| ब्रेक्स (F, R) | 260mm डिस्क, 130mm ड्रम (बेस); 260mm डिस्क, 230mm डिस्क (मिड और टॉप) | 260mm डिस्क, 130mm ड्रम (बेस); 280mm डिस्क, 230mm डिस्क (टॉप) |
| ABS | सिंगल-चैनल ABS | सिंगल-चैनल ABS |
टायरों की बात करें तो पुरानी पल्सर 150 के टॉप मॉडल में बडे टायर मिलते थे. लेकिन नए मॉडल में तीनों वेरिएंट्स के लिए बेस मॉडल वाले टायरों का साइज ही रखा गया है. यही बात फ्रंट ब्रेक के साथ भी है. दोनों मॉडल में सिंगल-लैन ABS स्टैंडर्ड मिलता है. अगर आपको डुअल-चैनल ABS चाहिए तो पल्सर N160 का टॉप वेरिएंट चुनना होगा.
ये भी पढ़ें: Bajaj ने लॉन्च की नई Pulsar 125, 5-इंच TFT, मोनोशॉक और 3 राइडिंग मोड जैसे फीचर्स से हुई लैस, जानें कीमत
Bajaj Pulsar 150 New vs Old: फीचर्स
फीचर्स के मामले में नई पल्सर 150 काफी आगे निकल गई है. पुराने मॉडल के बेस वेरिएंट में सेमी-डिजिटल और टॉप वेरिएंट में नेगेटिव LCD डिस्प्ले मिलता था. अब इन दोनों की जगह बेस वेरिएंट में 5-इंच का LCD और मिड व टॉप वेरिएंट्स में 5-इंच का TFT क्लस्टर दिया गया है. तीनों वेरिएंट्स में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी मिलती है, जबकि टॉप वेरिएंट में Wi-Fi सपोर्ट भी है. तीनों में कॉल, SMS अलर्ट और म्यूजिक कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं.
TFT क्लस्टर में लाइसेंस और RC जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट सेव किए जा सकते हैं. इसके अलावा सिर्फ टॉप वेरिएंट में गूगल मैप्स नेविगेशन मिलता है, जबकि बाकी दो में टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन दिया गया है. फोन चार्जिंग के लिए टॉप दो वेरिएंट्स में पुराना USB टाइप-A हटाकर नया USB टाइप-C पोर्ट दिया गया है.
नई पल्सर 150 में तीन राइडिंग मोड्स (रोड, रेन, स्पोर्ट्स) के साथ क्रॉल टेक और साइलेंट स्टार्ट (ISG) का फीचर मिलता है. ISG फीचर सिर्फ टॉप दो वेरिएंट्स में है, जो बिना आवाज के बाइक स्टार्ट करता है और ट्रैफिक में तेल बचाने में मदद करता है. क्रॉल टेक से भारी ट्रैफिक में बाइक चलाना आसान हो जाता है.
Bajaj Pulsar 150 New vs Old: कीमत
| फीचर | नई Bajaj Pulsar 150 | पुरानी Bajaj Pulsar 150 |
| कीमत (रुपये में) | ₹1.15 लाख–₹1.23 लाख | ₹1.11 लाख–₹1.18 लाख |
इन नए बदलावों के साथ नई पल्सर 150 के बेस वेरिएंट की कीमत 1.15 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए 1.23 लाख रुपये तक जाती है. वहीं पुरानी पल्सर 150 की कीमत 1.11 लाख रुपये से 1.18 लाख रुपये के बीच थी. नई पल्सर 150 में जहां कई नए फीचर्स जुडे हैं, वहीं कुछ चीजें हटाई भी गई हैं. इसलिए यह पुरानी से कितनी बेहतर है, यह जानने के लिए टेस्ट राइड लेना ही सही रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए