ABS सिस्टम, 65kmpl माइलेज... मिडिल क्लास वालों की ये बाइक हुई पहले से ज्यादा एडवांस, जानें अपडेटेड मॉडल की कीमत
Hero Glamour X में अब मिलेगा ABS (Pic: Hero)
हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी 125cc की लोकप्रिय मोटरसाइकिल ग्लैमर X का नया अवतार लॉन्च किया है. अब यह बाइक एडवांस ABS और कई सेफ्टी फीचर्स के साथ आती है, जो इसे पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाती है. जानें इसके नए फीचर्स और कीमत.
हीरो मोटोकॉर्प ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पॉपुलर 125 सीसी मोटरसाइकिल का नया अवतार पेश किया है. कंपनी ने नई हीरो ग्लैमर एक्स 125 (Hero Glamour X 125) को अब अधिक सुरक्षित ब्रेकिंग सिस्टम के साथ बाजार में उतारा है. इस नई बाइक में सुरक्षा के लिहाज से एडवांस एबीएस फीचर जोड़ा गया है जो राइडर को बेहतर कंट्रोल देता है. बाइक में स्पोर्टी डिजाइन के साथ कई आधुनिक फीचर्स भी देखने को मिलते हैं.
नए ब्रेकिंग फीचर्स और सेफ्टी
नई हीरो ग्लैमर एक्स 125 बाइक में कंपनी ने सिंगल चैनल ABS (एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम) के साथ इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम (EBS) दिया है. 125 सीसी सेगमेंट में यह पहली बार है जब किसी बाइक में यह दोनों ब्रेकिंग कॉम्बिनेशन एक साथ दिए गए हैं. अचानक ब्रेक लगाने पर फ्रंट व्हील लॉक नहीं होगा जिससे फिसलने का खतरा काफी कम हो जाता है. इसके अलावा इमरजेंसी स्थिति के लिए इसमें पैनिक ब्रेक अलर्ट और हजार्ड लैम्प जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
कीमत और वेरिएंट्स
हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी इस नई एबीएस वेरिएंट वाली ग्लैमर एक्स 125 की दिल्ली एक्स शोरूम कीमत 1.01 लाख रुपये रखी है. वहीं इसके ड्रम ब्रेक वाले स्टैंडर्ड वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 88,517 रुपये से शुरू होती है. यह बाइक चार अलग-अलग रंगों गन मेटल ग्रे, मैट एक्सिस ग्रे, ब्लैक पर्ल रेड और ब्लैक टील ब्लू में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी.
ये भी पढ़ें: Royal Enfield Himalayan 440 vs Yezdi Adventure: किसे खरीदने पर सबसे कम EMI देनी होगी?
दमदार इंजन और माइलेज
बाइक के इंजन में कोई तकनीकी बदलाव नहीं किया गया है. इसमें 124.7 सीसी का सिंगल सिलेंडर इंजन मिलता है जो 11.4 बीएचपी की पावर और 10.5 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी का दावा है कि यह मोटरसाइकिल 65 किलोमीटर प्रति लीटर का बेहतरीन माइलेज देती है. इसमें राइडर की जरूरत के हिसाब से तीन राइडिंग मोड्स- ईको, रोड और पावर दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: 294cc का इंजन, 6 स्पीड गियर और 27.1hp पावर... Royal Enfield को टक्कर देने उतरी Jawa 42 All Stars
हाईटेक फीचर्स से है लैस
इस मोटरसाइकिल में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ टीएफटी कंसोल स्क्रीन दी गई है. इसके जरिए टर्न बाय टर्न नेविगेशन, कॉल और मैसेज अलर्ट डिस्प्ले पर ही दिखाई देते हैं. लंबी दूरी तय करने के लिए इसमें क्रूज कंट्रोल भी दिया गया है. इसके साथ ही फुल एलईडी लाइटिंग, टाइप-सी मोबाइल चार्जिंग पोर्ट और सीट के नीचे स्टोरेज जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए