ePaper

आंधी से जनजीवन अस्तव्यस्त, लातेहार व धनबाद में दो की मौत, कई जिलों में 20 घंटे से बिजली गुल

Updated at : 01 Apr 2024 12:46 AM (IST)
विज्ञापन
आंधी से जनजीवन अस्तव्यस्त, लातेहार व धनबाद में दो की मौत, कई जिलों में 20 घंटे से बिजली गुल

<P>राज्य के कई जिलों में शनिवार देर रात तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण भारी नुकसान की सूचना है. पेड़ व पेड़ की डालियां, बिजली के खंभे, तार

विज्ञापन

राज्य के कई जिलों में शनिवार देर रात तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण भारी नुकसान की सूचना है. पेड़ व पेड़ की डालियां, बिजली के खंभे, तार और टावर गिरने व टूटने से पलामू प्रमंडल के कई हिस्सों में 20 घंटे से अधिक समय तक ब्लैक आउट की स्थिति रही. लातेहार में पेड़ के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गयी. जबकि, धनबाद में करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति ने अपनी जान गवां दी. कोडरमा जिले में रेलवे लाइन का ओवरहेड तार टूटने से ट्रेनों का परिचालन करीब 1:30 घंटे तक बाधित रहा, वहीं गुमला जिले के विभिन्न हिस्सों से भी काफी नुकसान की सूचना है.

पलामू प्रमंडल :

गढ़वा जिले में रात करीब 10 बजे तेज आंधी और बारिश शुरू हो गयी. इस दौरान जिला मुख्यालय के अलावा भवनाथपुर, खरौंधी, केतार, कांडी और धुरकी प्रखंड में भी आंधी से सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे, दो टावर और तार क्षतिग्रस्त हो गये. कई जगहों पर पेड़ या पेड़ की डालियों के पोल पर गिरने से बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है. पूरे गढ़वा जिले में 20 घंटे से ब्लैक आउट की स्थिति बनी हुई है. कई घरों की छत (एस्बेस्टस और लोहे की शीट) आंधी में उड़ गयी. रविवार शाम जिले में दोबारा आंधी आयी थी. वहीं, आंधी और बारिश के कारण पलामू के ग्रामीण इलाकों में भी 20 घंटे से बिजली नहीं है. लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में भी आंधी-पानी से कई घरों को नुकसान पहुंचा है. प्रखंड मुख्यालय के मुख्य चर्च परिसर में पेड़ गिर गया, जिसके नीचे दब कर मनबोध बारा (32) की मौत हो गयी.

गुमला :

आंधी-पानी से जिले के बिशुनपुर प्रखंड के दीपा कुजाम गांव में असुर जनजातियों के कई घरों को भारी नुकसान हुआ है. घाघरा प्रखंड में घर पर पेड़ गिर गया. बिजली तार व पोल टूटकर गिर गया, जिससे बिजली बाधित है. भरनो में भी पेड़ गिरने से तार व पोल टूट गया. डुमरी प्रखंड में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है.

धनबाद :

यहां आंधी-पानी के कारण जगह-जगह बिजली तार व खंभे में फॉल्ट आ गया था. रविवार सुबह बिजली चालू होते ही राजगंज थाना क्षेत्र में लाल बाजार स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप बिजली का तार टूट कर एक टेंपो पर जा गिरा. इसकी चपेट में आकर टेंपो में बैठे श्रीकांत कुमार (41) की मौत हो गयी.

कोडरमा में हुई सबसे अधिक बारिश :

बीती रात सबसे अधिक बारिश कोडरमा जिले में हुई. यहां के परसाबाद में करीब 27 मिमी बारिश दर्ज की गयी. आंधी-पानी से धनबाद रेल मंडल के गोमो-कोडरमा रेलखंड पर परसाबाद स्टेशन परिसर में ओवरहेड तार टूट गया. इससे डाउन लाइन पर 1:30 घंटे ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. डाउन लूप लाइन के पोल नंबर 367/4ए के निकट रात करीब 12:30 बजे एक पेड़ की डाल टूटकर ओवरहेड तार पर गिर गयी. इस कारण नंदन कानन एक्सप्रेस परसाबाद डाउन होम सिग्नल के पास काफी देर तक रुकी रही. तार टूटने के चलते डाउन लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, डाउन नेताजी एक्सप्रेस समेत कई मालगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर काफी देर तक रुकी रही.

आज से बढ़ेगी गर्मी :

मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि सोमवार से मौसम शुष्क हो जायेगा. छह अप्रैल तक बारिश होने के आसार नहीं है. इससे गर्मी बढ़ेगी. कोल्हान वाले इलाके में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. जमशेदपुर में करीब 40 डिग्री सेसि तापमान रिकार्ड किया गया. डालटनगंज में बारिश के बावजूद गर्मी का असर रहा. यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेसि के करीब रहा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola