हूतियों ने सऊदी पर दागी मिसाइलें: रियाद एयरपोर्ट के पास उठा धुएं का गुबार, अरामको को भी बनाया निशाना

Updated:
विज्ञापन

रियाद एयरपोर्ट के पास से उठता धुआं (PC : Reuters)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के संवेदनशील ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन्स से हमला किया है. राजधानी रियाद के एयरपोर्ट के पास काला धुआं उठा और अरामको के यानबू प्लांट को निशाना बनाया गया. यह हमला वैश्विक तेल सप्लाई और समुद्री रास्तों के लिए खतरे की घंटी है.

विज्ञापन

Houthis Attack on Saudi Arab : यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने शनिवार को सऊदी अरब के बेहद संवेदनशील ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन्स से जोरदार हमला बोला. इस हमले के कुछ ही देर बाद सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास से आसमान में गहरा काला धुआं उठता देखा गया. रॉयटर्स के वीडियो और तस्वीरों में हवाई अड्डे के फ्यूल टैंकों के पीछे से भीषण आग की लपटें निकलती साफ नजर आईं. हालांकि, हमले की वजह से सीधे कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है.

विज्ञापन

सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम ने दावा किया कि उसने रियाद की तरफ दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराया. शनिवार तड़के राजधानी रियाद और अल-खर्ज इलाके में लोगों के मोबाइल पर आपातकालीन अलर्ट भेजे गए थे और जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं थीं.

अरामको के ठिकानों पर निशाना, हूतियों ने कहा- 'दोनों ऑपरेशन कामयाब'

हूती विद्रोही सेना के प्रवक्ता याह्या सारी ने बयान जारी कर बताया कि उन्होंने दो बड़े सैन्य ऑपरेशन चलाए हैं. पहला हमला राजधानी रियाद के संवेदनशील ठिकानों पर किया गया, जबकि दूसरा निशाना लाल सागर तट पर स्थित सऊदी तेल कंपनी 'अरामको' के यानबू प्लांट को बनाया गया. प्रवक्ता का दावा है कि उनके क्रूज मिसाइलों और ड्रोन्स ने सटीक वार किया, जिससे ठिकानों पर भीषण आग लग गई. हूतियों ने इसे यमन पर सऊदी अरब की ओर से की जा रही लगातार बमबारी का बदला बताया है.

दूसरी तरफ, सऊदी अरब के सैन्य गठबंधन का कहना है कि उसने यानबू, ताइफ, बैश और फरासन जैसे इलाकों में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की कोशिशों को नाकाम कर दिया है.

सऊदी लड़ाकू विमान F-15 गिराने का भी दावा

इस ताजा हमले से ठीक तीन दिन पहले हूतियों ने एक और बड़ा दावा किया था. उनका कहना था कि उन्होंने यमन के मारिब प्रांत के ऊपर अपनी स्वदेशी मिसाइल से सऊदी अरब के सबसे आधुनिक फाइटर जेट F-15 (F-15SA एडवांस्ड ईगल) को मार गिराया है. हूतियों ने इस विमान के मलबे का वीडियो भी जारी किया था. हालांकि सऊदी अरब ने अपने फाइटर जेट के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

ग्लोबल तेल सप्लाई और समुद्री रास्तों पर गहराया संकट

हूतियों की यह बढ़ती आक्रामकता दुनिया भर के बाजारों के लिए खतरे की घंटी बन गई है. हाल के दिनों में हूतियों ने लाल सागर के कई अहम तटीय इलाकों और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. यह रास्ता एशिया और यूरोप के बीच होने वाले समुद्री व्यापार का मुख्य केंद्र है. हूतियों ने सऊदी अरब की समुद्री नाकेबंदी का ऐलान किया है, जिससे तेल की वैश्विक आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.

इस तनाव के बीच तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने कहा है कि तुर्की, सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच हुए रक्षा समझौते के तहत वे सऊदी अरब को सैन्य मदद देने के लिए तैयार हैं. दूसरी ओर, मिडिल ईस्ट में पहले से ही जारी तनाव के बीच इस नए मोर्चे ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें: उज्जैन के पास उफनते नाले में गिरी कार, मां बगलामुखी दर्शन को जा रहे एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola