अमेरिका का बड़ा फैसला: रूस और ईरान से तेल खरीदने पर पाबंदियां फिर से लागू, भारत की मुश्किलें बढ़ीं

तस्वीर में अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट. क्रेडिट- एक्स.
US Oil Sanctions: अमेरिका ने रूस और ईरान से तेल खरीदने के लिए देशों को दी गई अस्थायी छूट को आगे न बढ़ाने का फैसला किया है. अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने साफ कर दिया है कि 11 मार्च से पहले जो तेल समुद्र में था, उसे निकालने के लिए दिया गया जनरल लाइसेंस अब खत्म हो चुका है. इसका मतलब है कि अब रूस और ईरान के तेल पर पाबंदियां फिर से सख्त हो जाएंगी. भारत जैसे बड़े खरीदारों के लिए यह एक बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि भारत भारी मात्रा में रूस से तेल खरीदता है.
US Oil Sanctions: डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने उन देशों को कड़ी चेतावनी दी है जो ईरान से तेल खरीदना जारी रखेंगे. स्कॉट बेसेंट के मुताबिक, अगर किसी भी देश के बैंक में ईरान का पैसा जमा है, तो अमेरिका उन पर ‘सेकेंडरी सैंक्शंस’ यानी कड़े प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार है. अमेरिका अब ईरान को सैन्य ताकत के बजाय आर्थिक रूप से पूरी तरह निचोड़ने की रणनीति अपना रहा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रेजरी विभाग अब ईरान पर ‘इकोनॉमिक फ्युरी’ (आर्थिक कहर) के साथ काम कर रहा है, जो उनके सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्युरी’ का ही हिस्सा है.
भारत पर क्या होगा असर?
दुनिया के सबसे बड़े तेल खरीदारों में से एक भारत के लिए यह खबर बाजार में दबाव बढ़ा सकती है. हालांकि भारत सरकार का मानना है कि उसके पास तेल का पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई के लिए कई विकल्प मौजूद हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते ही 7 साल बाद ईरान से करीब 40 लाख बैरल तेल भारत पहुंचा था, जो अस्थायी छूट की वजह से मुमकिन हो पाया था. लेकिन अब यह छूट खत्म होने से ईरान से तेल मंगाना फिर से मुश्किल हो जाएगा. फिलहाल भारत रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीद रहा है.
अल जजीरा की रिपोर्ट: कई कंपनियों पर नए प्रतिबंध
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के ‘ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल’ (OFAC) ने ईरान के तेल तस्करी नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं. इसमें करीब दो दर्जन लोग, कंपनियां और जहाज शामिल हैं. ट्रेजरी विभाग ने बताया कि यह नेटवर्क मोहम्मद हुसैन शमखानी से जुड़ा है, जो ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के सलाहकार के बेटे हैं. अमेरिका का मकसद ईरान के इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह तबाह करना है ताकि वह अपने समर्थित गुटों की मदद न कर सके.
ओमान में बातचीत और तेल की कीमतें
इस बीच रॉयटर्स ने बताया है कि अमेरिका और ईरान के बीच ओमान में दूसरे दौर की शांति वार्ता होने वाली है. रिपोर्ट के अनुसार, अगर समझौता होता है तो ईरान ओमान की तरफ से जहाजों को गुजरने की अनुमति दे सकता है. इसी उम्मीद में गुरुवार को तेल की कीमतों में थोड़ी गिरावट देखी गई. व्हाइट हाउस ने संकेत दिए हैं कि वे ईरान के साथ विवाद खत्म करने के पक्ष में हैं, लेकिन अगर ईरान नहीं माना तो आर्थिक दबाव और ज्यादा बढ़ाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान में होगी सुलह? व्हाइट हाउस ने कहा- पाकिस्तान में हो सकती है शांति वार्ता
कब खत्म हो रही है डेडलाइन?
ट्रेजरी विभाग ने स्पष्ट किया है कि ईरान के तेल के लिए जो राहत दी गई थी, उसकी समय सीमा कुछ ही दिनों में खत्म हो जाएगी. 21 मार्च को दी गई इस राहत के तहत 20 मार्च तक जहाजों पर लदे तेल की बिक्री और डिलीवरी के लिए 19 अप्रैल 2026 तक का समय दिया गया था. लेकिन अब ट्रंप प्रशासन अपनी पुरानी ‘मैक्सिमम प्रेशर’ वाली नीति पर लौट आया है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में हलचल बढ़ना तय है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका को भारी झटका: F-35 से भी महंगा ड्रोन ईरान युद्ध में खोया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




