एयर शो के दौरान हवा में टकराए दो अमेरिकी फाइटर जेट, जमीन पर बने आग का शोला, Video

Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 18 May 2026 6:45 AM

विज्ञापन

हवा में टकराए दो अमेरिकी फाइटर जेट. फोटो- स्क्रीनग्रैब.

US Fighter Jet Crash: अमेरिका के Idaho में एयर शो के दौरान दो EA-18G फाइटर जेट हवा में टकरा गए. हादसे के बाद सभी 4 क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे. जांच जारी है.

विज्ञापन

US Fighter Jet Crash: रविवार को अमेरिका के इडाहो में आयोजित एक एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया. माउंटेन होम एयरफोर्स बेस के पास प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी सेना के दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान टूटकर अलग हो गए और कुछ ही देर बाद आग के गोले में तब्दील हो गए. दुर्घटना में शामिल दोनों विमान अमेरिकी नौसेना के EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट थे. बताया गया कि दोनों जेट एयर बेस से करीब दो मील दूर जाकर गिरे. घटना के बाद पूरे एयर बेस को एहतियातन लॉकडाउन कर दिया गया.

यह दुर्घटना गनफाइटर स्काइज एयर शो के दौरान हुई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ. टक्कर के तुरंत बाद घटनास्थल के पास आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए.

टक्कर के बाद पैराशूट से बाहर निकले पायलट

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा गया कि दोनों विमान हवा में टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इसके कुछ सेकंड बाद आसमान में चार पैराशूट दिखाई दिए. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर शो के प्रेजेंटर्स ने दर्शकों को जानकारी दी कि दोनों विमानों में मौजूद सभी चार क्रू मेंबर सुरक्षित तरीके से इजेक्ट करने में सफल रहे. बाद में अमेरिकी नौसेना ने भी इसकी पुष्टि की.

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें देखा जा सकता है कि दोनों विमान आसमान में करतब दिखा रहे थे, लेकिन तभी दोनों आपस में टकरा जाते हैं. वीडियो में साफ दिखता है कि वे एक दूसरे में चिपक गए थे. इसके बाद चिंगारी निकलती हुई दिखती है और दोनों जेट नीचे गिरने लगते हैं. इसी समय चार पैराशूट निकलते दिखाई देते हैं. बाद में दोनों विमान जमीन पर गिरते हैं और आग के गोले में तब्दील हो जाते हैं. देखें वीडियो:-

जांच में जुटीं एजेंसियां

हादसे के बाद एयर फोर्स बेस प्रशासन ने इलाके को सील कर दिया और सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए. माउंटेन होम पुलिस ने भी पुष्टि की कि सुरक्षा कारणों से बेस को अस्थायी रूप से लॉकडाउन किया गया. एयर बेस के अधिकारियों के अनुसार, आपातकालीन टीमें लंबे समय तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और विशेषज्ञ टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हवा में दोनों विमानों की टक्कर कैसे हुई.

ये भी पढ़ें:- ड्रोन हमले से दहला UAE, बराकाह न्यूक्लियर प्लांट पर निशाना, लगी आग

आठ साल बाद लौटा था एयर शो

गनफाइटर स्काइज एयर शो करीब आठ साल बाद दोबारा आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम की तैयारियां पिछले लगभग दो वर्षों से चल रही थीं. एयर शो में सैन्य विमानों के प्रदर्शन और हवाई करतब मुख्य आकर्षण थे. पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी और तकनीकी टीमें भी बेस के अलग-अलग हिस्सों में तैनात थीं.

ये भी पढ़ें:- धरती की बढ़ती गर्मी से दम तोड़ रहीं नदियां, घट रहा ऑक्सीजन, भारत के लिए भी खतरा

पहले भी हो चुके हैं हादसे

माउंटेन होम एयर बेस पर इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं. साल 2018 में एक एयर शो के दौरान हैंग ग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी. इसके अलावा, 2003 में यूएस एयरफोर्स थंडरबर्ड्स का एक जेट भी एयर शो के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. हालांकि उस समय पायलट ने समय रहते विमान से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली थी.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola