खालिदा जिया लंदन पहुंचीं, 7 साल बाद बेटे से मिलकर आंखों में आ गए आंसू, देखें वीडियो
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 09 Jan 2025 8:25 AM
खालिदा जिया अपने बेटे बहू के साथ
Khaleda Zia Video : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया इलाज कराने के लंदन पहुंचीं हैं. यहां उनकी मुलाकात सात साल बाद अपने बेटे और बहू से हुई. जब मां और बेटे मिले तो दोनों भावुक हो गए.
Khaleda Zia Video : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया लंदन गईं हैं. वह इलाज कराने के लिए मंगलवार को लंदन के लिए रवाना हुईं थीं. जिया के सलाहकार जहीरुद्दीन स्वपन ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को इस संबंध में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी’ (बीएनपी) की प्रमुख एयर एंबुलेंस से हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुईं.
जिया बुधवार सुबह लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर पहुंचीं. यहां उनका अपने बेटे और कार्यवाहक पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान से लगभग 7 साल बाद फिर से मिलना हुआ. बहू डॉ. जुबैदा रहमान ने खालिदा जिया के पैर छूकर उनका स्वागत किया. इसके बाद तारिक रहमान ने व्हीलचेयर पर बैठी अपनी मां को गले लगाया. इस वक्त माहौल भावुक हो गया, क्योंकि कार्यवाहक बीएनपी अध्यक्ष सात साल बाद अपनी मां से मिले. इस मिलन को लेकर यूके बीएनपी के अध्यक्ष एमए मालेक ने कहा, ”यह एक अलग एहसास है. एक ऐसा पल जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. केवल वे ही लोग वास्तव में इस वक्त को अनुभव कर सकते हैं जो लंबे समय से मां से दूर रहे हों.”
खालिदा जिया को लंदन पहुंचने में क्यों हुई देरी?
dhakatribune.com की खबर के अनुसार, ब्रिटेन पहुंचने पर पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को इलाज के लिए सीधे लंदन क्लिनिक ले जाया गया. तारिक रहमान खुद गाड़ी चलाकर हीथ्रो एयरपोर्ट से अस्पताल पहुंचे. इस दौरान एयरपोर्ट क्षेत्र बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के नारों से गूंज उठा. हीथ्रो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तारिक रहमान, उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और उनकी बेटी जैमा रहमान ने उनका स्वागत किया. जिया को ले जाने वाली एयर एंबुलेंस तय समय से करीब तीन घंटे देरी से लंदन पहुंची. एयर एंबुलेंस ढाका से 1 घंटे 46 मिनट देरी से रवाना हुई. ऐसा इसलिए क्योंकि खालिदा का काफिला सड़कों पर खड़े बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के बीच धीमी गति से आगे बढ़ता नजर आया.
ये भी पढ़ें : Khaleda Zia: खालिदा जिया की रिहाई, शेख हसीना की हैं पक्की दुश्मन
कतर के अमीर ने दी खलिदा जिया को विशेष एयर एंबुलेंस
बीएनपी अध्यक्ष के मीडिया विंग के सदस्य शैरूल कबीर खान के अनुसार, लंदन में हवाई अड्डे की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद खालिदा जिया को लंदन क्लिनिक में भर्ती कराया गया. वह और उनके साथ आए लोग सुबह करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचे. खालिदा जिया कतर के अमीर द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष एयर एंबुलेंस से लंदन पहुंचीं. टर्मिनल पर, बांग्लादेश के कार्यवाहक उच्चायुक्त मोहम्मद हजरत अली खान ने उनका फूलों से स्वागत किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










