Shinzo Abe Death News Update: विश्वास करना कठिन है कि शिंजो आबे अब नहीं रहे, बोले राष्ट्रपति कोविंद
Shinzo Abe Death News Update: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार को भाषण देने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गयी. भारत के प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रपति और विपक्ष के नेता तक ने उन��े निधन पर शोक जताया है. पीएम मोदी ने कहा कि वह स्तब्ध हैं, तो राष्ट्रपति ने कहा कि विश्वास करना कठिन है कि शिंजो आबे अब नहीं रहे.
विश्वास करना कठिन है कि शिंजो आबे अब नहीं रहे : राष्ट्रपति कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को शिंजो आबे के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनके लिए यह विश्वास करना कठिन है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री अब नहीं रहे. कोविंद ने अपने ट्वीट में कहा कि आबे का एक हत्यारे की गोली का शिकार बनना संपूर्ण मानवता के लिए त्रासदी है.
सोनिया गांधी ने शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया, कहा- उनकी कमी महसूस होगी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया और भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया. सोनिया गांधी ने एक बयान में कहा, ‘मैं जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या से स्तब्ध हूं. वह कई वर्षों तक भारत के बेहतरीन दोस्त और शुभचिंतक रहे. उन्होंने दोनों देशों के बीच के द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक और मजबूत बनाने के लिए बहुत कुछ किया. मैं उनके साथ हुई मुलाकात को बहुत ही स्नेह के साथ और स्पष्ट रूप से याद करती हूं. जापान और निश्चित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी दुर्भाग्य का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी कमी निश्चित तौर पर महसूस होगी.
शिंजो आबे के निधन पर राहुल गांधी ने दुख जताया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया और भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया. राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं. भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय थी. वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने पीछे एक मजबूत विरासत छोड़ गये हैं. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और जापान की जनता के साथ हैं.’
पीएम मोदी ने जताया शोक
शिंजोआबे के निधन से पूरी दुनिया में शोक की लहर है. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं. पीएम मोदी ने कहा कि, वह एक महान वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे. उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया.
नहीं रहे शिंजो आबे
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की मौत हो गई है. नारा शहर में उनपर हमलावर ने पीछे से हमला किया था. हमले के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी. आखिरकार कुछ घंटों का जद्दोजहद के बाद आबे दम तोड़ दिया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए