इजरायल के 'हेक्सागन' प्लान से डरा पाकिस्तान, भारत की एंट्री ने बढ़ाई बेचैनी
Published by : Govind Jee Updated At : 25 Feb 2026 1:56 PM
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. इमेज सोर्स- @narendramodi
इजरायल के नए 'हेक्सागन' सुरक्षा प्लान ने पाकिस्तान की नींद उड़ा दी है. पीएम मोदी की ऐतिहासिक इजरायल यात्रा के बीच बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत, ग्रीस और साइप्रस के साथ मिलकर एक अभेद्य किला तैयार करने का ब्लूप्रिंट पेश किया है. इसे मुस्लिम देशों के खिलाफ घेराबंदी मानकर इस्लामाबाद में हड़कंप मचा है और वहां की संसद में विरोध प्रस्ताव भी पास हुआ है.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक नए सुरक्षा गठबंधन ‘हेक्सागन ऑफ अलायंस’ (छह देशों का गठबंधन) का प्रस्ताव रखा है. इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य मिडिल ईस्ट में पनप रहे ‘कट्टरपंथी ताकतों’ से लड़ना है. खास बात यह है कि इस लिस्ट में भारत को एक प्रमुख साथी के रूप में शामिल किया गया है. इस खबर के बाहर आते ही पाकिस्तान बुरी तरह घबरा गया है और उसने इसे ‘मुस्लिम उम्मा’ (मुस्लिम समुदाय की एकता) के खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है.
पाकिस्तान की संसद में मचा हड़कंप
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स (द एक्सप्रेस ट्रिब्यून और डॉन) के मुताबिक, पाकिस्तान की सीनेट (ऊपरी सदन) ने मंगलवार को इसके खिलाफ एक प्रस्ताव पास किया है. पाकिस्तान का कहना है कि इजरायल का यह कदम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा है. पाकिस्तान की सत्ताधारी गठबंधन पार्टी PPP की नेता पलवाशा मोहम्मद जई खान ने इस प्रस्ताव को पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से मान लिया गया. पाकिस्तान का आरोप है कि इजरायल वैचारिक और राजनीतिक आधार पर मुस्लिम देशों की एकता को तोड़ना चाहता है.
कौन-कौन है इस ‘हेक्सागन’ का हिस्सा?
नेतन्याहू के अनुसार, इस गठबंधन में वह देश शामिल होंगे जो कट्टरपंथ को एक ही नजरिए से देखते हैं. इसमें मुख्य रूप से ये नाम सामने आए हैं:
- भारत (प्रमुख साझेदार)
- इजरायल
- ग्रीस
- साइप्रस
- अरब और अफ्रीकी देश (जिनके नामों का खुलासा अभी नहीं किया गया है)
इजरायल का कहना है कि यह गठबंधन ईरान समर्थित ‘कट्टरपंथी शिया’ गुटों (जैसे हमास, हिजबुल्लाह, हूती) और ‘कट्टरपंथी सुन्नी’ गुटों (जैसे ISIS के अवशेष) का मुकाबला करेगा.
सोमालीलैंड को लेकर भी पाकिस्तान नाराज
पाकिस्तान केवल सुरक्षा गठबंधन से ही नहीं, बल्कि इजरायल द्वारा दिसंबर 2025 में ‘सोमालीलैंड’ को एक इंडिपेंडेंट देश के रूप में मान्यता देने से भी खफा है. पाकिस्तान ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है. इसके अलावा, पाकिस्तान ने गाजा में हो रहे संघर्ष को लेकर भी इजरायल की कड़ी निंदा की और 1967 की सीमाओं के आधार पर एक स्वतंत्र फिलिस्तीन देश की मांग को दोहराया.
ये भी पढ़ें: क्या है नेतन्याहू का ‘Hexagon’ प्लान? PM मोदी के साथ मिलकर बना रहे ‘महा-चक्रव्यूह’
क्यों डरा हुआ है पाकिस्तान?
पाकिस्तान की घबराहट की एक बड़ी वजह यह भी है कि वह खुद तुर्की और सऊदी अरब के साथ मिलकर एक ‘नाटो’ जैसा गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहा है. ऐसे में भारत और इजरायल की बढ़ती नजदीकी और इस नए ‘हेक्सागन’ सुरक्षा ढांचे ने पाकिस्तान की कूटनीतिक (डिप्लोमेटिक) चिंताएं बढ़ा दी हैं.
पीएम मोदी का ऐतिहासिक इजरायल दौरा
यह पूरा घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25-26 फरवरी 2026 को होने वाली दो दिवसीय इजरायल यात्रा के बीच हो रहा है. इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने सोशल मीडिया (एक्स) पर पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया है.
पीएम मोदी के दौरे की बड़ी बातें:
यह दौरा इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रहा है.
- पीएम मोदी इजरायल की संसद ‘नेसेट’ (Knesset) को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे.
- दोनों देशों के बीच सुरक्षा, रक्षा और इंटेलिजेंस शेयरिंग जैसे मुद्दों पर बड़ी चर्चा होगी.
- पीएम मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे.
ये भी पढ़ें: इजरायल पहुंचे US के 12 घातक F-22 जेट्स, PM मोदी भी रवाना; क्या ईरान से छिड़ने वाली है जंग?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










