लेबनान पर इजराइल के हवाई हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य किया बंद, युद्ध-विराम खतरे में

मध्य बेरूत में इजरायली हवाई हमला, फोटो पीटीआई
israel iran war: ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के कुछ घंटों के अंदर इजराइल ने लेबनान पर हवाई हमला किया. जिसके बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया.
Israel Iran War: लेबनान पर इजराइली हमलों के जवाब में ईरान की कार्रवाई से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच हुआ युद्ध-विराम समझौते को झटका लगा है.
इजराइल ने बिना किसी चेतावनी के मध्य बेरूत में किया एयर स्ट्राइक
डोनाल्ड ट्रंप के ईरानी सभ्यता को मिटा देने की धमकियों से अंतिम समय में पीछे हटने के बाद ईरान, अमेरिका और इजराइल बुधवार को दो हफ्ते के युद्ध विराम पर सहमत हो गए. हालांकि, समझौते की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही इजराइल ने बिना किसी चेतावनी के मध्य बेरूत के घनी आबादी वाले कई आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों पर हवाई हमले किए.
इजराइल एयर स्ट्राइक में 112 लोगों की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 112 लोगों की मौत हो गई और 800 से अधिक घायल हुए.
इजराइल ने सीजफायर के बाद कहा था लेबनान पर जारी रहेगी कार्रवाई
इजराइल ने लेबनान पर हमले के बाद कहा कि ईरान के साथ हुआ सीजफायर समझौता लेबनान में हिजबुल्ला के साथ उसकी लड़ाई पर लागू नहीं होता. सीजफायर के बाद पहली प्रतिक्रिया में भी इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हिजबुल्ला के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
डोनाल्ड ट्रंप ने भी माना लेबनान को सीजफायर में शामिल नहीं किया गया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि लेबनानी उग्रवादी समूह हिजबुल्ला की वजह से लेबनान को युद्ध-विराम समझौते में शामिल नहीं किया गया गया है. उन्होंने लेबनान पर इजराइल के ताजा हमलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह एक अलग लड़ाई है.
लेबनान के प्रति आक्रामकता ईरान के प्रति आक्रामकता है : सैयद माजिद मूसावी
ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान ने लेबनान पर इजराइली हमलों के जवाब में होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया है. ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के एयरोस्पेस कमांडर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने एक्स पर पोस्ट किया, लेबनान के प्रति आक्रामकता ईरान के प्रति आक्रामकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि ईरानी सेनाएं कड़ी प्रतिक्रिया की तैयारी कर रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरबिंद कुमार मिश्रा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










