ईरान का घातक 'सेजिल' मिसाइल अटैक, इजराइल के खिलाफ पहली बार हुआ इस्तेमाल

सेजिल मिसाइल
Iran Sejjil Missile Attack: 15 मार्च 2026 को ईरान ने इजराइल और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए सेजिल मिसाइल का उपयोग किया. रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद यह पहली बार है जब इस मिसाइल का इस्तेमाल जंग में किया गया है. ईरान कथित तौर पर 'सेजिल-3' पर भी काम कर रहा है, जिसकी रेंज 4,000 किलोमीटर तक हो सकती है.
Iran Sejjil Missile Attack: सेजिल (Sejjil), जिसे ‘आशूरा’ के नाम से भी जाना जाता है, ईरान की एक एडवांस टू-स्टेज बैलिस्टिक मिसाइल है. यह ठोस ईंधन (solid fuel) से चलती है, जिसका मतलब है कि इसे बहुत तेजी से लॉन्च किया जा सकता है. लिक्विड-फ्यूल वाली मिसाइलों के मुकाबले इसमें तैयारी का समय कम लगता है, जिससे दुश्मन के लिए इसे लॉन्च से पहले रोकना मुश्किल हो जाता है. सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) के डेटा के अनुसार, यह मिसाइल लगभग 18 मीटर लंबी है और इसका वजन 23,600 किलोग्राम है.
यह 700 किलोग्राम तक का पेलोड ले जाने में सक्षम है. इसकी रेंज 2,000 किलोमीटर है, जो पूरे मिडिल ईस्ट, यूरोप और एशिया के कुछ हिस्सों तक मार कर सकती है. ईरान ने दावा किया है कि 2021 में इसमें ‘एनहैंस्ड इनर्शियल नेविगेशन’ सिस्टम जोड़ा गया था, जिससे यह अधिक सटीक हो गई है.
17 दिनों से जारी है युद्ध का तांडव
28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद से यह युद्ध शुरू हुआ था. इंटरनेशनल कमिटी ऑफ द रेड क्रॉस (ICRC) की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक ईरान में 1,300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 223 महिलाएं और 202 बच्चे शामिल हैं. इजराइल में अब तक 12 लोग और इराक में एक विमान दुर्घटना में 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं. लेबनान में भी स्थिति गंभीर है, जहां स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 820 से अधिक मौतें हुई हैं और करीब 8.5 लाख लोग विस्थापित हो गए हैं. पेंटागन का कहना है कि अब तक 15,000 से अधिक ईरानी ठिकानों को निशाना बनाया गया है.
ये भी पढ़ें: दुबई एयरपोर्ट पर फिर ड्रोन अटैक, फ्यूल टैंक में लगी आग, सभी फ्लाइट्स निलंबित
ईरान की धमकी
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने एक बयान में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू को लेकर धमकी दी है. ईरान ने नेतान्याहू के जिंदा होने या न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वह जीवित हैं, तो उन्हें ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा. इससे पहले सोशल मीडिया पर नेतान्याहू के मारे जाने की अफवाहें उड़ी थीं.
अफवाहों पर नेतान्याहू का जवाब
अपनी सुरक्षा और जिंदा होने की पुष्टि करने के लिए नेतान्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो जारी किया. वीडियो में वे एक कैफे में कॉफी पीते हुए नजर आए और अपने खिलाफ चल रही अफवाहों का मजाक उड़ाया. उन्होंने अपने हाथ दिखाकर उन दावों को भी गलत बताया जिनमें कहा जा रहा था कि उनके हाथ में छह उंगलियां हैं और वीडियो एआई (AI) से जनरेटेड है. उन्होंने इजराइली नागरिकों से सुरक्षित स्थानों के पास रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की.
ये भी पढ़ें: मौत की अफवाहों पर भड़के नेतन्याहू, वीडियो जारी कर बोले- ‘मैं कॉफी का दीवाना हूं’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




