दुबई एयरपोर्ट पर फिर ड्रोन अटैक, फ्यूल टैंक में लगी आग, सभी फ्लाइट्स निलंबित

Updated at : 16 Mar 2026 8:03 AM (IST)
विज्ञापन
दुबई एयरपोर्ट पर फिर ड्रोन अटैक, फ्यूल टैंक में लगी आग, सभी फ्लाइट्स निलंबित

Dubai Airport: सोमवार सुबह एक ड्रोन अटैक की वजह से दुबई एयरपोर्ट को बंद करना पड़ गया. इस हमले में एक फ्यूल टैंक में आग लग गई, जिसकी वजह से एहतियातन सभी फ्लाइट्स निलंबित कर दी गईं.

विज्ञापन

Dubai Airport: ईरान युद्ध पूरे मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में संकट पैदा कर रहा है. जहां एक ओर अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान को निशाना बना रहे हैं, वहीं ईरान अमेरिका और इजरायल से संबंधित ठिकानों पर अटैक कर रहा है. इस सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात भी निशाना बन रहा है. ताजा मामले में यूएई के सबसे बड़े शहर दुबई पर एक बार फिर से अटैक हुआ है. सोमवार सुबह दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन गिरने से आग लग गई. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि, इसकी वजह से एयरपोर्ट एहतियात के तौर  पूरी तरह बंद कर दिया गया है और सभी फ्लाइट्स अस्थाई तौर पर कैंसल कर दी गई हैं.  

दुबई मीडिया ऑफिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ड्रोन से जुड़ी घटना के कारण दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के इलाके में आग लगी. दुबई मीडिया ऑफिस इस मामले में पल-पल की अपडेट दे रहा है. अपडेट में कहा गया, सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं. बाद में जारी एक और अपडेट में दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि इस घटना में ईंधन के एक टैंक को नुकसान पहुंचा है.

मीडिया ऑफिस ने आगे अपडेट देते हुए कहा, ‘दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने सभी यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित (सस्पेंड) करने की घोषणा की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें. आगे की जानकारी उपलब्ध होते ही आधिकारिक चैनलों के माध्यम से अपडेट जारी किया जाएगा.’

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह ड्रोन किस पक्ष की ओर से भेजा गया था. इस बीच सोशल मीडिया पर आग की कई वीडियो सामने आई हैं, जिनमें दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास धुआं और आग दिखाई दे रही है.

ये भी पढ़ें:- ईरान युद्ध ने विदेशी एजेंट बनाया? कभी ट्रंप सपोर्टर रहे कार्लसन का छलका दर्द, कहा- फंसा रही CIA

ये भी पढ़ें:- ईरान के ‘शाहेद’ की कॉपी कर अमेरिका ने बनाया ‘लुकास’, सुपरपॉवर US ने ‘चीन वाला धंधा’ क्यों अपनाया?

दुबई एयरपोर्ट से उड़ानों पर असर

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, ड्रोन घटना के बाद फिलहाल दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर आने वाली उड़ानों को रोक दिया गया है. फ्लाइटराडार के डेटा के मुताबिक, कराची, काठमांडू, हनोई, अस्मारा और अम्मान से दुबई आने वाली कम से कम पांच उड़ानों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है और उन्हें हवाई अड्डे से दूर रोका गया है.

इससे पहले भी ईरान युद्ध की वजह से दुबई एयरपोर्ट पर हमला हुआ था. इससे 5 दिन पहले हुए अटैक में 4 लोग घायल हो गए थे. किसी तरह एयरपोर्ट पर ऑपरशंस चालू हुए थे, लेकिन दोबारा अटैक के बाद इन्हें रोक दिया गया है. 28 फरवरी से शुरू हुए इस वॉर के कारण यूएई के कई स्थान पर ड्रोन और मिसाइल अटैक हुए हैं. इनमें दुबई के फेमस पाम जुमैरा, अबूधाबी और फुजैराह ऑयल फैसेलिटीज पर हमले हुए हैं.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola