तेहरान में लगा मिसाइल वाला पोस्टर: ईरान की अमेरिका-इजरायल को चेतावनी, अब मिसाइल से होगी बात

Updated at : 04 Apr 2026 7:30 PM (IST)
विज्ञापन
Iran Missile billboard tehran warning us israel / Ai Image

एआई से तैयार की गई मिसाइल हमले की तस्वीर.

Iran Missile: ईरान की राजधानी तेहरान में एक नया और बड़ा होर्डिंग लगाया गया है, जिसमें एक विशाल मिसाइल दिखाई दे रही है. इस पर फारसी में लिखा है कि हर मिसाइल एक जवाब है. ईरान इस पोस्टर के जरिए दुनिया को यह समझाना चाहता है कि अब वह बातचीत के बजाय सैन्य कार्रवाई को ही अपनी बात कहने का जरिया मान रहा है. जानकारों का कहना है कि जब आपसी बातचीत के रास्ते बंद हो जाते हैं, तब ईरान इस तरह की मिसाइल धमकियों को अपनी 'नेगोशिएशन' की भाषा बनाता है.

विज्ञापन

Iran Missile: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्टर के जरिए ईरान ने चेतावनी दी है. इसमें साफ कहा गया है कि ईरान के खिलाफ की गई किसी भी गलती का सीधा और नपा-तुला जवाब दिया जाएगा. यह पोस्टर ईरान की उस पुरानी रणनीति का हिस्सा है जिसमें वह सार्वजनिक तौर पर अपनी ताकत दिखाकर दुश्मनों को डराने की कोशिश करता है.

लेगो वीडियो और मीम्स से अमेरिका का मजाक

ईरान ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अमेरिका के खिलाफ एक नया अभियान शुरू किया है. इसमें मीम्स, AI वीडियो और कार्टून का इस्तेमाल किया जा रहा है. दक्षिण अफ्रीका में मौजूद ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर अमेरिकी सेना के बड़े अधिकारियों की फोटो शेयर की, जिन पर क्रॉस (X) का निशान लगा था. इसके कैप्शन में ‘सक्सेसफुल रिजीम चेंज’ और डोनाल्ड ट्रंप का नारा ‘MAGA’ लिखकर हंसने वाली इमोजी के साथ उनका मजाक उड़ाया गया है. इसके अलावा लेगो (Lego) स्टाइल के एनिमेशन वीडियो बनाकर भी अमेरिकी सेना को नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है.

6 हफ्तों से जारी जंग और तेहरान में धमाके

शनिवार (4 अप्रैल) सुबह तेहरान और बेरूत के उत्तरी इलाकों में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई. यह पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का छठा हफ्ता है. अभी तक हालात सुधरने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं और आने वाले दिनों में तनाव और बढ़ने की आशंका है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा है कि ईरान के पास समझौता करने के लिए समय खत्म हो रहा है, अगर उसने जल्दी डील नहीं की तो उसे गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.

बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर हमला

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने ट्रंप की बात का जवाब देते हुए कहा है कि ईरान अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है. वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास हुए हमले की निंदा की है. अराघची के अनुसार, अमेरिका और इजरायल ने दो हफ्ते में चौथी बार इस प्लांट को निशाना बनाया है. इस हमले में प्लांट का एक सुरक्षाकर्मी मारा गया है और एक बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है. हालांकि, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वहां रेडिएशन का स्तर सामान्य है और कोई खतरा नहीं है.

इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी की चिंता

अब्बास अराघची ने पश्चिमी देशों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब यूक्रेन के जापोरिजिया प्लांट पर हमला हुआ था, तब पूरी दुनिया चिल्ला रही थी, लेकिन ईरान के प्लांट पर हमलों पर सब चुप हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्यूक्लियर हादसा हुआ तो इसका असर सिर्फ ईरान पर नहीं, बल्कि खाड़ी देशों (GCC) की राजधानियों पर भी पड़ेगा. इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) के डायरेक्टर जनरल राफेल मारियानो ग्रॉसी ने भी इन हमलों पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा है कि किसी भी हाल में परमाणु प्लांट को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.

ये भी पढ़ें: ईरान ने अमेरिका से बातचीत के लिए भरी हामी, कहा- इस्लामाबाद जाने से कभी नहीं किया मना

पेट्रोकेमिकल्स हब पर भी गिरे बम

ईरानी मीडिया के अनुसार, खुजेस्तान प्रांत के डिप्टी गवर्नर वलीउल्लाह हयाती ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी ईरान में एक पेट्रोकेमिकल्स हब पर भी हमला हुआ है. इस हमले में वहां मौजूद तीन कंपनियों को नुकसान पहुंचा है और 5 लोग घायल हुए हैं. ईरान का कहना है कि इन हमलों का मकसद उसकी अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना है. फिलहाल पूरे इलाके में डर का माहौल है और बड़े संकट की आशंका बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: ईरान का दावा: मार गिराए दो F-35 लड़ाकू विमान, क्या फेल हुआ दुनिया का सबसे महंगा जेट?

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola