3 भारतीय नाविकों की मौत पर भड़का ईरान, अमेरिका को बताया सशस्त्र लुटेरा, कहा- यह स्टेट स्पांसर्ड समुद्री डकैती, भारत क्या बोला?

Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 12 Jun 2026 8:35 AM

विज्ञापन

मोजतबा खामेनेई और डोनाल्ड ट्रंप.

Iran on US Attack Vessel Settebello: ओमान तट के पास भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर ईरान ने अमेरिका को जमकर लताड़ा है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने इसे ‘राज्य प्रायोजित समुद्री डकैती’ बताया. इस हमले में तीन भारतीयों की मौत हो गई. भारत ने भी घटना की निंदा करते हुए क्षेत्र में तनाव कम करने की अपील की है.

विज्ञापन

Iran on US Attack Vessel Settebello: ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर ईरान ने अमेरिका पर तीखा हमला बोला है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने इस घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए अमेरिकी कार्रवाई को ‘सशस्त्र लूट’ और ‘राज्य प्रायोजित समुद्री डकैती’ करार दिया. वहीं भारत ने भी इस हमले की निंदा करते हुए क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है.

इस्माइल बगाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि भारतीय वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिका द्वारा किए गए क्रूर हमलों में कम से कम तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है. यह अमेरिका की सशस्त्र डकैती और स्टेट स्पांसर्ड समुद्री लूटपाट की नीति का स्पष्ट प्रमाण है. 

उन्होंने लिखा, ‘हम मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों और उनके दोस्तों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. साथ ही भारतीय जनता और भारत सरकार के प्रति भी गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हैं.’

अमेरिका को जवाबदेह ठहराने की मांग

ईरानी प्रवक्ता ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की. उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अमेरिका के कानूनविहीन आचरण के लिए उसे जवाबदेह ठहराना चाहिए. उसकी यह नीति न केवल वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि समुद्री मार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता के लिए भी खतरा पैदा कर रही है.’

ओमान तट के पास हुआ था जहाज पर हमला

इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ओमान के तट के निकट वाणिज्यिक जहाज ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की निंदा की थी. मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं.

एमईए ने अपने बयान में कहा, ‘हम आज ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज सेत्तेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज पर मौजूद 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है. ओमान में स्थित भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और खोज एवं बचाव अभियान के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय समन्वय कर रहा है.’

अमेरिकी सेंटकॉम ने हमले का वीडियो जारी किया था. देखें-

मारे गए नाविकों की हुई पहचान

हालांकि, बाद में लापता तीनों नाविकों के शव बरामद किए गए. शिपिंग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इसकी जानकारी दी. मारे गए भारतीय नाविकों की पहचान कर ली गई है. इनमें हिमाचल प्रदेश के निवासी डेक कैडेट आदित्य शर्मा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया और आंध्र प्रदेश के चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश शामिल हैं. ये सभी पलाऊ के झंडे वाले जहाज एमटी सेटेबेलो के क्रू मेंबर थे. सर्वानंद सोनोवाल ने इस दुखद घटना पर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट कीं.

ये भी पढ़ें:- पेंटागन में अचानक लगी इमरजेंसी, बजे फायर अलार्म, बंद हुए कॉरिडोर; US रक्षा मुख्यालय में क्यों मचा हड़कंप

ये भी पढ़ें:- US के साथ कोई डील फाइनल नहीं, सब अटकलें… ईरान ने ट्रंप के दावे को नकारा, कहा- होर्मुज का लुटेरा बना अमेरिका

क्षेत्रीय तनाव को बताया हमलों की वजह

विदेश मंत्रालय ने होर्मुज क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर भी चिंता व्यक्त की. मंत्रालय के अनुसार, समुद्री परिवहन को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और यह क्षेत्र में जारी संघर्ष का सीधा परिणाम हैं. एमईए ने कहा, ‘इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. यह घटनाएं क्षेत्र में जारी संघर्ष और अस्थिरता का प्रत्यक्ष नतीजा हैं.’

भारत ने फिर दोहराई तनाव कम करने की अपील

भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा बातचीत को जल्द निष्कर्ष तक पहुंचाया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके. बयान में कहा गया, ‘हम तत्काल तनाव कम करने की अपनी अपील दोहराते हैं. साथ ही जारी वार्ताओं को कूटनीतिक समाधान तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर देते हैं, ताकि क्षेत्र में फिर से शांति और स्थिरता स्थापित की जा सके.’

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola