युद्धपोत अब्राहम लिंकन पर हमला! ईरान का दावा, अमेरिका ने की 3 सैनिकों के मौत की पुष्टी

Updated:
विज्ञापन
Middle East Conflict

मिडिल ईस्ट में टकराव जारी, फोटो- पीटीआई

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइल दागने का दावा किया है. IRNA के मुताबिक हमला अमेरिका-इजरायल के खिलाफ कार्रवाई का हिस्सा था, हालांकि अमेरिका ने इस दावे को खारिज कर दिया है.

विज्ञापन

Middle East Conflict: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहा सैन्य तनाव अब पूरे क्षेत्र में फैल सकता है. यूएई समेत दूसरे पश्चिम एशियाई देशों पर ईरान का मिसाइल और ड्रोन हमला जारी है. ऐसे ही हालात रहे तो यह सैन्य टकराव बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है. इसी बीच ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिकी नौसेना के विशाल युद्धपोत अब्राहम लिंकन को उसने निशाना बनाया है. यह वही एयरक्राफ्ट कैरियर है, जिसका उपयोग अमेरिका ने हाल ही में ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों में किया था. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA के हवाले से आईआरजीसी ने दावा किया है कि ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है. हालांकि अमेरिका की ओर से इस दावे को खारिज किया गया है. IRNA के मुताबिक ‘ईरान के सशस्त्र बलों की कार्रवाई और अमेरिका-इजरायल के दुश्मनों के ठिकानों पर हमले के बाद, अमेरिकी सेना के विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया.’

अमेरिका ने किया ईरान के दावे को खारिज

इधर, अमेरिका ने ईरान के दावे को खारिज कर दिया है. यूएस सेंट्रल कमांड ने साफ कर दिया है कि अमेरिकी युद्धपोत लिंकन पर किसी भी तरह का हमला सफल नहीं हुआ है. कमांड के अनुसार दागी गई मिसाइलें युद्धपोत के आसपास तक भी नहीं पहुंच सकीं. उन्हें रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया. अमेरिकी सेना ने कहा कि उनका युद्धपोत अब्राहम लिंकन पूरी तरह सुरक्षित है.

ईरान के साथ टकराव में 3 अमेरिकी सैनिक की मौत, 5 घायल

अमेरिकी सेना ने कहा है कि ईरान के अभियान में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई है, और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान ने रविवार को सोशल मीडिया पर यह घोषणा की. कमान की ओर से अन्य जानकारी साझा नहीं की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक घायल सैनिकों में कुछ को गंभीर चोट लगी है.

इजराइल के बेत शेमेश में मिसाइल हमले में आठ लोगों की मौत

ईरान का हमला इजराइल में भी हो रहा है. इजराइल के यरुशलम से करीब 35 किलोमीटर दूर बेत शेमेश में एक आवासीय इमारत पर हुए सीधे मिसाइल हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई. इससे शनिवार से अब तक ईरानी हमले में इजराइल में मारे गए लोगों की कुल संख्या कम से कम नौ हो गई है. मिसाइल शहर के एक रिहायशी इलाके में गिरी, जिससे बम से बचाव के लिए बने आश्रय स्थल और आसपास के मकानों को व्यापक नुकसान पहुंचा. बचाव सेवाओं ने बताया कि एक छोटी बच्ची समेत दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है. इजराइल की मैगन डेविड एडोम आपातकालीन सेवा के अनुसार, घटनास्थल पर कम से कम 20 और लोग मामूली से मध्यम रूप से घायल हैं.

Also Read: 165 मिसाइल और 541 ड्रोन इंटरसेप्ट, UAE एयर डिफेंस ने ईरानी हमलों को किया नाकाम

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola