7.7 तीव्रता के भूकंप से दहला इंडोनेशिया, सुनामी का अलर्ट; घरों और इमारतों को नुकसान
शक्तिशाली भूकंप ने फ्लोरेस क्षेत्र में सबसे ज्यादा दहशत फैलाई.
इंडोनेशिया के फ्लोरेस में 7.7 तीव्रता के भूकंप ने दहशत मचा दी. कई इमारतों को नुकसान हुआ. भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी दी गई है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया है.
इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में शनिवार सुबह आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत पैदा कर दी. भूकंप के झटकों से कई घरों और दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद देश के कई तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक अभी तक किसी के मारे जाने की खबर नहीं है.
सुबह-सुबह आया 7.7 तीव्रता का भूकंप
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 5:58 बजे आया. इसकी तीव्रता 7.7 मापी गई और भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था.
भूकंप का केंद्र इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में आने वाले एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित था. इसका असर फ्लोरेस द्वीप के बड़े हिस्से में महसूस किया गया. मुख्य भूकंप के बाद कई झटके और आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई.
चार प्रांतों में सुनामी की चेतावनी
भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने कई तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की. इसमें पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्वी सुलावेसी प्रांत शामिल हैं.
प्रशासन ने प्रभावित तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से समुद्र तटों और नदी के किनारों से दूर रहने तथा सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर चले जाने की अपील की.
कई इमारतों को नुकसान, लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे
फ्लोरेस द्वीप पर भूकंप के झटकों के बाद कई जगहों से घरों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचने की शुरुआती जानकारी सामने आई. हालांकि, अधिकारियों ने तत्काल यह नहीं बताया कि कुल कितनी इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं. भूकंप के बाद स्थानीय लोगों में काफी डर देखा गया और संभावित सुनामी से बचने के लिए कई लोग तटीय इलाकों से दूर चले गए.
इंडोनेशिया में भूकंप का खतरा क्यों ज्यादा?
करीब 17,000 से अधिक द्वीपों वाले इंडोनेशिया दुनिया के सबसे अधिक भूकंप और ज्वालामुखी प्रभावित देशों में शामिल है. इसकी एक बड़ी वजह इस देश की भौगोलिक स्थिति है. इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है. यह ऐसा इलाका है जहां बड़ी संख्या में ज्वालामुखी और सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश रेखाएं मौजूद हैं. इसी वजह से यहां लगातार भूकंपीय गतिविधियां और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं.
ये भी पढ़ें:- चीन में सोशल सिक्योरिटी भुगतान पर सख्ती, कंपनियों पर बढ़ा दबाव; टैक्स-पेरोल डेटा से हो रही जांच
1992 में फ्लोरेस में आई सुनामी ने मचाई थी भारी तबाही
फ्लोरेस क्षेत्र के लिए शनिवार का भूकंप इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाला था क्योंकि इस इलाके में पहले भी विनाशकारी भूकंप और सुनामी आ चुकी है.
दिसंबर 1992 में फ्लोरेस के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में करीब 7.0 तीव्रता का भूकंप आया था. इसके बाद उठी सुनामी ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी और करीब 2,500 लोगों की मौत हुई थी. ऐसे में शनिवार को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी.
उथले भूकंप सबसे ज्यादा खतरनाक होते हैं
वैज्ञानिकों के मुताबिक, भूकंप धरती की सतह से करीब 700 किलोमीटर नीचे तक आ सकते हैं. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की गहराई को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बांटा जाता है- उथले (शैलो), मध्यम गहराई वाले (इंटरमीडिएट) और गहरे (डीप) भूकंप.
इनमें उथले भूकंप ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं. इसकी वजह यह है कि इनसे निकलने वाली भूकंपीय तरंगों को धरती की सतह तक पहुंचने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ती है. इसलिए सतह पर झटके ज्यादा तेज महसूस हो सकते हैं.
तेज झटकों के कारण इमारतों और अन्य ढांचों को ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा, जान-माल के नुकसान का खतरा भी बढ़ जाता है. इसके मुकाबले गहरे भूकंपों की तरंगों को सतह तक पहुंचने में ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे कई बार सतह पर झटकों का असर अपेक्षाकृत कम हो सकता है.
ये भी पढ़ें:- PoJK में क्यों भड़का पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा? मुजफ्फराबाद से हाजिरा तक सड़कों पर उतरी जनता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अनन्त नारायण शुक्ल
अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. अनन्त राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर खबरें करते हैं. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यमात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं.
अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं.
इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं.
अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने झारखंड विधान सभा 2024, दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 चुनाव और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है.
अनन्त कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं.
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं.
तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







