शेख हसीना के कारण बिगड़ेंगे भारत-बांग्लादेश संबंध, शपथ ग्रहण से पहले बीएनपी ने क्या कहा?

Published by : Pritish Sahay Updated At : 17 Feb 2026 6:56 AM

विज्ञापन

नई सरकार के गठन से क्या कम होगी भारत और बांग्लादेश की तल्खी? फोटो-पीटीआई

India Bangladesh Relation: बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होने वाला है. भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के समय में आए तनाव के बावजूद, नई सरकार के गठन से द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. बीएनपी ने भी कहा है कि शेख हसीना को न सौंपने से भारत के साथ व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों सहित व्यापक संबंध बनाने में कोई बाधा नहीं आएगी.

विज्ञापन

India Bangladesh Relation: बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को शानदार जीत मिली है, जिसके बाद देश की सियासत में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है. पार्टी के प्रमुख नेता तारिक रहमान मंगलवार (17 फरवरी) को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं. उनकी ताजपोशी के साथ ही बांग्लादेश में नई सरकार का गठन होगा और माना जा रहा है कि इसके बाद भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों का एक नया अध्याय शुरू हो सकता है. उम्मीद की जा रही है कि नई सरकार के आने से दोनों देशों के बीच जारी तल्खी दूर हो सकती है. इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत आने के बाद अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मुहम्मद यूनुस के शासन में दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी बढ़ गई थी. अब सबकी नजरें तारिक रहमान के शपथ ग्रहण और उसके बाद भारत के साथ उनकी सरकार के रुख पर टिकी है.

बीएनपी नेता ने कहा- भारत में हसीना की मौजूदगी का संबंधों पर नहीं पड़ेगा असर

अंग्रेजी अखबार द हिन्दू के साथ बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने एक इंटरव्यू में कहा है कि बांग्लादेश अपने हित में परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाएगा और भारत के साथ विकास साझेदारी को मजबूत करेगा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि भारत के साथ संबंध किसी एक मुद्दे तक सीमित नहीं रहेंगे. यहीं नहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत में मौजूदगी बांग्लादेश को भारत के साथ अपने व्यापक संबंधों को आगे बढ़ाने से नहीं रोकेगी. हालांकि उन्होंने यह भी कहा “शेख हसीना ने मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन किया है. उन्हें दंडित करने की हमारी मांग है और हमारा मानना ​​है कि भारत को उन्हें हमें सौंप देना चाहिए.” लेकिन शेख हसीना को न सौंपने से भारत के साथ व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों सहित व्यापक संबंध बनाने में कोई बाधा नहीं आएगी.

भारत से हसीना का प्रत्यर्पण कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर- तारिक रहमान

इससे पहले शनिवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का प्रत्यर्पण कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करता है. रहमान ने यह टिप्पणी उस समय की जब बीएनपी के एक नेता ने बयान दिया था कि पार्टी हसीना को भारत से प्रत्यर्पित करके उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग करेगी. ढाका ट्रिब्यून की भी एक रिपोर्ट के मुताबिक हसीना के प्रत्यर्पण पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में तारिक रहमान ने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करता है. साल 2024 में देश में छात्रों के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को 15 साल के शासन के बाद पांच अगस्त 2024 को सत्ता से हटना पड़ा था. उसके बाद से वह भारत में रह रही है.

भारत ने हसीना को लेकर क्या दिया जवाब?

बीएनपी के एक और वरिष्ठ नेता सलाहुद्दीन अहमद ने बीते दिनों कहा था “विदेश मंत्री पहले ही शेख हसीना के प्रत्यर्पण के मामले को प्रभावी ढंग से पेश कर चुके हैं, और हम भी इसका समर्थन करते हैं.” नवंबर 2025 के फैसले के बाद बांग्लादेश ने भारत को पत्र भेजकर उनके प्रत्यर्पण की मांग की थी. वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसपर कहा था कि न्यायिक और आंतरिक कानूनी प्रक्रियाओं के तहत इस अनुरोध की जांच की जा रही है. जायसवाल ने यह भी कहा था “हम बांग्लादेश के लोगों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध हैं, जिनमें शांति, लोकतंत्र, समावेश और स्थिरता शामिल हैं और इस संबंध में सभी हितधारकों के साथ रचनात्मक रूप से बातचीत जारी रखेंगे.”

तारिक रहमान 17 फरवरी को लेंगे शपथ

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान 17 फरवरी को संसद परिसर के साउथ प्लाजा में शपथ लेंगे. सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने बताया कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर को जातीय संसद के साउथ प्लाजा में नये मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ दिलाएंगे. रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे. सूत्रों के अनुसार विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी बिरला के साथ मौजूद रहने की संभावना है. (इनपुट भाषा)

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola