ePaper

जेन जेड के हीरो बालेन शाह के हाथ में नेपाल की कमान? बड़ी जीत की ओर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी

Updated at : 06 Mar 2026 10:11 PM (IST)
विज्ञापन
Nepal Election Results

जश्न मनाते राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता, फोटो-पीटीआई

नेपाल में आम चुनाव में रैपर से नेता बने बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. जेन जेड के विरोध प्रदर्शनों के बाद उभरे शाह को युवा नेतृत्व का प्रतीक माना जा रहा है और वे प्रधानमंत्री पद के मजबूत दावेदार बनकर सामने आए हैं.

विज्ञापन

Nepal Election Results: रैपर से राजनेता बने बलेंद्र शाह की नवगठित राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी नेपाल में हुए आम चुनावों में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. ये चुनाव सितंबर में हुए जेन-जेड के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद कराए गए, जिनके कारण केपी. शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी. स्थानीय मीडिया के मुताबिक चुनाव आयोग के पास 165 में से 144 निर्वाचन क्षेत्रों के रुझान मौजूद हैं. इनमें आरएसपी ने अब तक तीन सीटें जीत ली हैं और 104 सीटों पर आगे चल रही है. नेपाली कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं और 12 पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सीपीएन-यूएमएल 10 सीटों पर आगे है. नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने एक सीट जीती है और छह सीटों पर बढ़त बनाई हुई है.

नेपाल में 18 साल में बदली 14 सरकार

इन नतीजों से राजनीतिक रूप से अस्थिर नेपाल में एक मजबूत सरकार बनने की उम्मीद बढ़ गई है. पिछले 18 वर्षों में नेपाल में 14 सरकारें बदल चुकी हैं. भारत भी इन चुनावों पर करीबी नजर बनाए हुए है और नई सरकार के साथ विकासात्मक साझेदारी को आगे बढ़ाने की उम्मीद कर रहा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत नेपाल में शांति, प्रगति और स्थिरता का लगातार समर्थन करता रहा है और नई सरकार के साथ मिलकर दोनों देशों के मजबूत संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है.

केपी शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं बलेंद्र शाह

हाल तक काठमांडू के मेयर रहे बलेंद्र शाह झापा-5 सीट पर चार बार के प्रधानमंत्री और सीपीएन-यूएमएल अध्यक्ष केपी शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं. अब तक शाह को 6,551 वोट मिले हैं, जबकि ओली को 1,428 वोट मिले हैं. इंजीनियर से राजनेता बने बलेंद्र शाह, जिन्हें बालेन के नाम से भी जाना जाता है, पिछले साल सितंबर में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ हुए जेन-जेड के विरोध प्रदर्शनों के बाद उभरे एक लोकप्रिय नेता माने जा रहे हैं. उस समय उन्होंने अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने से इनकार करते हुए कहा था कि वे संसदीय चुनाव जीतकर पूर्ण कार्यकाल के लिए सरकार का नेतृत्व करना चाहते हैं. जनवरी में शाह, रवि लामिछाने के नेतृत्व वाली आरएसपी में शामिल हुए और जल्द ही पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया.

पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने दर्ज की जीत

कई जगहों के चुनावी नतीजे आ गए हैं. इनमें से आरएसपी की रंजू दर्शन ने काठमांडू-1 से 15,455 वोटों से जीत हासिल कर ली है, जबकि एनसी के योगेश गौचन ठकाली ने मुस्तांग से 3,307 वोटों से जीत दर्ज की. एक अधिकारी के अनुसार, पुष्प कमल दाहाल प्रचंड रुकुम पूर्व में जीत गए हैं. उन्होंने 10,240 वोट हासिल किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सीपीएन (यूएमएल) की लीलामणि गौतम को 3,462 वोट मिले.

60 फीसदी हुआ था मतदान

चुनाव आयोग ने बताया कि मतगणना गुरुवार देर रात से शुरू हुई था और शुक्रवार तक जारी रही. शनिवार को नतीजे घोषित किए जा सकते हैं. नेपाल में प्रतिनिधि सभा के लिए हुए चुनावों में करीब 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस चुनाव में प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए 1.89 करोड़ से अधिक मतदाता के पास मताधिकार था, इनमें से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान से और 110 सदस्य आनुपातिक प्रणाली से चुने जाएंगे.

Also Read: ईरान को अमेरिका की चेतावनी, ट्रंप ने कहा- बिना शर्त सरेंडर के अलावा कोई डील नहीं

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola