बांग्लादेश चुनाव के बीच हाथ-पैर बांधकर हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या

बांग्लादेश चुनाव: इमेज एक वोटिंग बूथ की है.
Bangladesh Hindu Man Killed: बांग्लादेश में चुनाव के बीच तनाव बढ़ रहा है. मौलवीबाजार में एक हिंदू युवक रतन साहूकार का हाथ-पैर बंधा हुआ शव मिलने से हंगामा मच गया है. शव पर चोट के निशान और खून के धब्बे थे.
Bangladesh Hindu Man Killed: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए होने वाली वोटिंग से ठीक एक दिन पहले मौलवीबाजार जिले में तनाव फैल गया है. यहां बुधवार को एक 28 साल के हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. युवक की लाश हाथ-पैर बंधी हुई हालत में मिली है, जिससे अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर डर का माहौल बन गया है.
क्या है पूरा मामला?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में हुई है. रतन चंपा इलाके के चाय बागानों में काम करता था. बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव बरामद किया गया. जब लाश मिली, तो रतन के हाथ और पैर बंधे हुए थे और उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे. हैरानी की बात यह है कि जब शव मिला, तब भी घावों से खून बह रहा था.
साथियों ने लगाया हत्या का आरोप
रतन के साथ काम करने वाले मजदूरों का साफ कहना है कि यह एक सोची-समझी हत्या है. उन्होंने बताया कि जिस तरह से उसके हाथ-पैर बांधे गए और शरीर पर चोटें मिली हैं, उससे साफ पता चलता है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि साजिश है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि क्या यह हत्या चुनाव से जुड़ी है या इसके पीछे कोई और वजह है. फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
कुछ दिन पहले एक और हिंदू व्यापारी की हुई थी हत्या
कुछ दिन पहले ही मैमनसिंह जिले में एक और हिंदू बिजनेसमैन सुशेन चंद्र सरकार (62 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. सुशेन चावल का व्यापार करते थे. पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और उन्हें लहूलुहान हालत में दुकान के अंदर बंद करके भाग गए. हमलावर दुकान से लाखों रुपये भी लूट ले गए. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.
बांग्लादेश में वोटिंग और मौजूदा हालात
बांग्लादेश में जनरल इलेक्शन के लिए आज वोटिंग हो रही है, जो शाम 4:30 बजे तक चलेगी. इसके तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी.
- सत्ता में बदलाव: यह चुनाव शेख हसीना के 15 साल के शासन के खत्म होने के 18 महीने बाद हो रहे हैं.
- अंतरिम सरकार: फिलहाल मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार देश संभाल रही है.
- शांति की अपील: मोहम्मद यूनुस ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से शांति बनाए रखने और लोकतांत्रिक नियमों का पालन करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: हसीना के बिना पहली बार बांग्लादेश में वोटिंग, क्या ‘जुलाई चार्टर’ से बदलेगा पूरा संविधान?
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश चुनाव: ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ से आगे बढ़ने की दहलीज पर देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




