बांग्लादेश चुनाव: ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ से आगे बढ़ने की दहलीज पर देश

बांग्लादेश चुनाव (File Photo)
Bangladesh Election: बांग्लादेश चुनाव में भ्रष्टाचार, महंगाई, रोजगार और आर्थिक विकास जैसे मुद्दे वोटरों के लिए सबसे अहम हैं. संसदीय चुनाव के साथ-साथ देश में ‘नेशनल चार्टर 2025’ पर जनमत संग्रह (रेफरेंडम) भी हो रहा है.
Bangladesh Election: बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान 12 फरवरी को हो रहा है. यह देश के राजनीतिक इतिहास में एक अहम मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि इसके साथ राजनीति का एक नया दौर शुरू होगा. यह चुनाव ऐसे समय हो रहा है, जब देश की राजनीति बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन के बाद राजनीतिक हालात बदल गए हैं. वहीं उनकी पुरानी प्रतिद्वंद्वी शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी पर अभी भी प्रतिबंध जारी है.
यह चुनाव देश की राजनीति में एक टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है. माना जा रहा है कि अब बांग्लादेश ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ के दशकों पुराने दौर से आगे बढ़ेगा. 13वें राष्ट्रीय चुनाव से एक दिन पहले देशभर के मतदान केंद्रों तक कड़ी सुरक्षा के बीच बैलेट पेपर और चुनावी सामग्री पहुंचाई गई. डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
खालिदा जिया : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया का ढाका के अपोलो अस्पताल में साल 2025 के दिसंबर के महीने में इलाज के दौरान लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था.
शेख हसीना : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना इस समय भारत की राजधानी दिल्ली में निर्वासित जीवन बिता रही हैं. 5 अगस्त 2024 को देश में हुए तख्तापलट के बाद भारत पहुंची थीं.
13 फरवरी की सुबह नतीजों का आधिकारिक ऐलान हो सकता है
मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे (स्थानीय समय) तक होगा. वोटों की गिनती 12 फरवरी को शाम 4 बजे से शुरू की जाएगी. चुनाव आयोग के मुताबिक, गिनती पूरी होते ही 13 फरवरी की सुबह नतीजों का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा. करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं के साथ दुनिया के आठवें सबसे अधिक आबादी वाले देश बांग्लादेश में चुनाव हो रहे हैं. अल जजीरा के मुताबिक, लगभग आधे मतदाता 18 से 37 साल की उम्र के हैं, जिनमें 45.7 लाख लोग पहली बार वोट डालेंगे.
यह भी पढ़ें : ढाका की सड़कों पर क्यों लगे हैं ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ पोस्टर?
1,981 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
बांग्लादेश में अवामी लीग को छोड़कर कुल 59 रजिस्टर्ड राजनीतिक दल हैं. चुनाव आयोग ने पिछले साल अवामी लीग का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया था, जिसके चलते पार्टी इस बार चुनाव नहीं लड़ पा रही है. इन 59 दलों में से 51 दल इस साल के चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं. कुल मिलाकर 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 249 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं.
इन प्रमुख दलों के उम्मीदवार मैदान में
अल जजीरा के मुताबिक, इस चुनाव में जिन प्रमुख दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं, उनमें बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP), जमात-ए-इस्लामी, नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP), जातीय पार्टी (जेपी–कादेर), जातीय पार्टी (जेपी–एरशाद), लेफ्ट डेमोक्रेटिक अलायंस और अमर बांग्लादेश पार्टी (एबी पार्टी) शामिल हैं. बांग्लादेश में सरकार का नेतृत्व प्रधानमंत्री करते हैं और मंत्रिमंडल उनके साथ काम करता है. राष्ट्रपति देश के औपचारिक प्रमुख होते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




