बांग्लादेश चुनाव परिणाम: Gen Z का भरोसा BNP पर!

बांग्लादेश चुनाव परिणाम (Photo: PTI)
Bangladesh Election Result : बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) बड़ी जीत दर्ज करने की ओर है. स्थानीय टीवी चैनलों के मुताबिक पार्टी को साफ बहुमत मिलता नजर आ रहा है. गुरुवार को हुआ यह चुनाव 2025 में जेन-जी आंदोलन के बाद पहला बड़ा मतदान था.
Bangladesh Election Result : बांग्लादेश में 18 से 37 साल के युवा मतदाता कुल वोटरों का करीब 44% हैं. 2025 के आंदोलन में इसी उम्र के युवाओं की बड़ी भूमिका रही थी. देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान 12 फरवरी 2026 की सुबह साढ़े सात बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा. हालांकि, जिन जगहों पर मतदाता मतदान केंद्र के रिमोट एरिया में थे, वहां उनके वोट करने तक मतदान जारी रहा. वहीं, एक निर्वाचन क्षेत्र में एक उम्मीदवार की मौत होने के कारण मतदान रद्द कर दिया गया.
इस चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी का मुकाबला इस्लामी संगठन जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन से है. इस गठबंधन में छात्र आंदोलन से बनी एक पार्टी भी शामिल है.
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की बढ़त
गुरुवार को हुए चुनाव के बाद बांग्लादेश में वोटों की गिनती जारी है. शुक्रवार को मिले अनौपचारिक नतीजों में तारीक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी मजबूत बढ़त में नजर आ रही है. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, रहमान को बोगुरा-6 (सदर) क्षेत्र से अनौपचारिक रूप से विजयी घोषित किया गया है, उन्होंने अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी पर स्पष्ट जीत हासिल की. बांग्लादेश चुनाव आयोग ने अभी तक आधिकारिक नतीजे जारी नहीं किए हैं. उम्मीद है कि आयोग 13 फरवरी को अपने नतीजे घोषित कर देगा.
चुनाव के नतीजों का सम्मान : शफीकुर रहमान
जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के नतीजों का सम्मान करेगी, चाहे परिणाम जो भी हों. उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी पार्टी हारती है, तो वह विरोध की राजनीति या अड़चनें डालने वाले कदम नहीं उठाएगी.
यह भी पढ़ें : बांग्लादेश चुनाव: BNP प्रचंड जीत की ओर, क्या तारिक रहमान होंगे नए PM?
संसद में होते हैं कुल 350 सांसद
अल जजीरा के अनुसार, बांग्लादेश की संसद में कुल 350 सांसद होते हैं. इनमें से 300 सांसद सीधे-सीधे एक-एक निर्वाचन क्षेत्र से चुने जाते हैं, जबकि 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं.
एक नजर में चुनाव की मुख्य बातें
1. देश भर में 299 निर्वाचन क्षेत्रों में 42,779 मतदान केंद्रों पर लगभग 12.7 करोड़ मतदाता वोट डालने के लिए रजिस्टर्ड थे. इनमें से 50 लाख पहली बार के मतदाता थे.
2. कुल 50 राजनीतिक दलों के कुल 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे.
3. बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे.
4. चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










