बांग्लादेश बस हादसा: पद्मा नदी में बस गिरने से 23 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी 

Author Govind jee
Updated:
विज्ञापन

बांग्लादेश की पद्मा नदी में बस गिरने की तस्वीर.

Bangladesh Bus Accident: बांग्लादेश के राजबारी में बड़ा सड़क हादसा हुआ. पद्मा नदी में बस गिरने से 23 यात्रियों की मौत हो गई है. फेरी पर चढ़ते समय यह बस सीधे गहरे पानी में जा समाई. गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस को बाहर निकाला है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं.

विज्ञापन

Bangladesh Bus Accident: बांग्लादेश में एक दर्दनाक हादसा हुआ है जहां पद्मा नदी में बस गिरने से 23 लोगों की जान चली गई है और कई लोग घायल हैं. पुलिस इंस्पेक्टर रसेल मुल्ला ने ‘एएनआई’ को बताया कि अब तक 23 शव बरामद किए जा चुके हैं. रात होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोका गया था, जिसे सुबह होते ही फिर से शुरू किया गया.

विज्ञापन

फेरी से नदी में गिरी बस

यह हादसा दौलतदिया के फेरी टर्मिनल नंबर 3 के सामने शाम करीब 5:00 बजे हुआ. ‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, राजबारी से ढाका जा रही बस एक फेरी पर सवार थी, तभी वह अचानक पद्मा नदी में जा गिरी. बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. घटनास्थल पर फायर सर्विस, नेवी और पुलिस की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

6 घंटे बाद निकाली गई बस

हादसे के करीब 6 घंटे बाद रेस्क्यू शिप ‘हमजा’ की मदद से डूबी हुई बस को नदी से बाहर निकाला गया. ‘ढाका ट्रिब्यून’ के मुताबिक, रात 11:15 बजे बस का कुछ हिस्सा दिखाई दिया और 11:30 बजे तक क्रेन के जरिए पूरी बस को बाहर खींच लिया गया. नदी के किनारे अपनों की तलाश में जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

ये भी पढ़ें: अमेरिका की 15 सूत्री शांति योजना का ईरान ने उड़ाया मजाक, कहा– युद्ध जारी रहेगा

बचकर निकले यात्री की आपबीती

इस हादसे में कुछ लोग तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे. ‘ढाका ट्रिब्यून’ से बात करते हुए एक सर्वाइवर ने बताया कि वह तैरकर किनारे तक तो आ गया, लेकिन उसकी पत्नी और बच्चा उसकी आंखों के सामने पानी में समा गए. कलुखली उपजिला से बस में सवार हुए अब्दुल अजीजुल ने भी बताया कि वह सुरक्षित है, लेकिन उसका परिवार अब भी लापता है.

जारी है सर्च ऑपरेशन

पुलिस का कहना है कि अभी भी कुछ यात्री लापता हो सकते हैं. अंधेरे के कारण ऑपरेशन में दिक्कत आई, लेकिन नेवी और गोताखोरों की टीमें पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं. प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें : ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन बिल में ऐसा क्या है, जो सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ जाता है?

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola